छत्तीसगढ़ / सरगुजा

अम्बिकापुर के कला केंद्र मैदान में 2 नवंबर को मनेगा राज्योत्सव, मंत्री रामविचार नेताम करेंगे शुभारंभ

अम्बिकापुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। कला केन्द्र मैदान में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

राज्योत्सव समारोह का मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछली पालन एवं पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम अपरान्ह 02ः00 बजे शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज करेंगे। समारोह में सीतापुर विधायक  रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी मुख्य आकर्षण

राज्योत्सव में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक स्थानीय एवं बाह्य कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका आरू साहू अपनी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी, जबकि स्थानीय बॉलीवुड गायक स्वप्निल जायसवाल भी अपनी गायकी से समां बांधेंगे। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला और संगीत की विविधता देखने को मिलेगी।

शासकीय योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

समारोह स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभिन्न योजनाओं के लाभ, उनकी प्रक्रिया और विभागीय गतिविधियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image