छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

नक्सलवादमुक्त बस्तर विकास की ओर हो रहा अग्रसर - सुश्री लता उसेंडी

 जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह संपन्न

कोण्डागांव, 03 नवंबर 2026

कोण्डागांव : नक्सलवादमुक्त बस्तर विकास की ओर हो रहा अग्रसर - सुश्री लता उसेंडी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर श्सशक्त नारी-युवा उड़ानश् थीम पर सोमवार को स्थानीय विकास नगर मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं स्कूली बच्चों, लोक कलाकारों तथा पुलिस विभाग के जवानों ने आकर्षक सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं और युवाओं का भी सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने प्रदेश एवं जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन करते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता थे। आज प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर नक्सलवाद के भय से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 12 नए विद्युत उपकेंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमंय से पांच का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कोण्डागांव शहर की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए  कोसारटेंडा जलाशय से शहर तक जलापूर्ति योजना पर कार्य जारी है। योजना पूर्ण होने से कई वर्षों तक शहरवासियों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास में जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोण्डागांव अपनी बेलमेटल, काष्ठकला और लौह शिल्प के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है। कभी भय और अशांति से प्रभावित रहे अंदरूनी क्षेत्रों में आज स्कूलों की घंटियां गूंज रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान, युवाओं को रोजगार और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की प्राथमिकता होनी चाहिए।

पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने कहा कि राज्य गठन के बाद कोण्डागांव सहित पूरे बस्तर में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य मिलने तथा स्व-सहायता समूहों एवं लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। विकास कार्यों में जनभागीदारी से जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि नक्सलमुक्त वातावरण बनने के बाद दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में दूरस्थ गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं भूमिहीन कृषि मजदूर योजना का लाभ दिया जा रहा है। पीएम सूर्य घर योजना के तहत माकड़ी ग्राम पंचायत को मॉडल सोलर ग्राम बनाने की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण एवं अमृत मिशन के तहत कोसारटेंडा जलाशय से शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था पर कार्य जारी है।

कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री जीतेंद्र सुराना, जनपद पंचायत कोंडागांव के अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, श्री नंदलाल राठौर, श्रीमती रामदई नाग, श्रीमती भगवती नेताम, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, श्री अनिल अग्रवाल, सुश्री सोनामणि पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा, एसडीएम श्री अश्वन पुसाम, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image