छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

युवा रत्न सम्मान योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़कर 15 नवंबर हुई

 पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को मिला अतिरिक्त अवसर, 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस पर होगा पुरस्कार वितरण

एमसीबी/ 04 नवंबर 2026

संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा संचालित युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के अंतर्गत पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 नवंबर 2026 कर दी गई है। पूर्व में आवेदन की अवधि 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित थी। योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को आवेदन का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आवेदन की समय-सीमा में वृद्धि की गई है।
विभाग द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार जिला स्तरीय समितियों द्वारा 15 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण 16 से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद चयन संबंधी प्रस्ताव एवं आवश्यक दस्तावेज 01 से 15 दिसंबर 2026 तक संचालनालय को प्रेषित किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत अंतिम सूची की घोषणा 01 जनवरी 2027 को की जाएगी, जबकि चयनित युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को 12 जनवरी 2027 को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जिले के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जो पात्र युवा एवं संगठन पूर्व निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे अब 15 नवंबर 2026 तक कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठन इस सम्मान योजना में सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image