धान खरीदी केंद्र और कुआकोंडा पोटाकेबिन का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
छोटा परिसर होने पर धान खरीदी केंद्र का स्थान बदलने के निर्देश, पोटाकेबिन में शौचालय की समस्या दूर करने रिपेयरिंग एवं नवीन निर्माण के लिए दिए निर्देश
दंतेवाड़ा, 11 नवंबर 2026
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों और शिक्षा संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने आज कुआकोंडा ब्लॉक का दौरा कर धान खरीदी केंद्र एवं पोटाकेबिन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोऑपरेटिव बैंक के अधिकारी श्री सूरज सिंह एवं डीएमसी श्री हरीश गौतम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्र कुआकोंडा के निरीक्षण के दौरान परिसर का आकार छोटा पाए जाने पर कलेक्टर ने किसानों की सुविधा एवं धान खरीदी के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए केंद्र का स्थान बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी प्रारंभ होने से पहले पर्याप्त मात्रा में बारदाने, धान भंडारण के लिए उचित स्थान, तौल व्यवस्था, पेयजल, छाया सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि जिले में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक कुल 16 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। इनमें अरनपुर, कटेकल्याण, केशापुर, गीदम, छिंदनार, दंतेवाड़ा, नकुलनार, फरसपाल, पालनार, बड़े गोडरे, बड़े तुमनार, बारसूर, भांसी, मेटापाल, मोखपाल एवं समलूर शामिल हैं। इसके पश्चात कलेक्टर ने कुआकोंडा पोटाकेबिन का अवलोकन किया। यहां उन्होंने शौचालय की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए बच्चों को हो रही असुविधा को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शौचालय की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही आवश्यकतानुसार नवीन शौचालय निर्माण के लिए भी निर्देशित किया, ताकि बच्चों को स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके। इस दौरान कोऑपरेटिव बैंक के अधिकारी श्री सूरज सिंह, डीएमसी श्री हरीश गौतम सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।