दीपावली की पूर्व संध्या पर जिलेभर में मनाया गया ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत सभी साक्षरता केंद्रों में हुआ आयोजन, नवसाक्षरों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
दंतेवाड़ा, 11 नवंबर 2026
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण दंतेवाड़ा के अध्यक्ष श्री देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. भार्गव के नेतृत्व में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली की पूर्व संध्या पर जिलेभर में ‘एक दीप साक्षरता का’ जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के सभी साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलित कर शिक्षा एवं साक्षरता के महत्व का संदेश दिया गया।
इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री प्रमोद ठाकुर द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, खंड स्त्रोत समन्वयकों एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही सभी विकासखंड अधिकारियों को ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में प्रधान पाठकों और शिक्षकों की बैठक लेकर आयोजन की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती ने बताया कि राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के निर्देशों का विकासखंड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था। अभियान में ग्राम प्रभारी शिक्षक, स्वयंसेवी शिक्षक तथा उल्लास साक्षरता केंद्रों में पढ़ना-लिखना सीख रहे शिक्षार्थियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘एक दीप साक्षरता का’ अभियान के माध्यम से दीपावली के प्रकाश पर्व को शिक्षा के उजियारे से जोड़ते हुए समाज में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक व्यक्ति को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।