युवा रत्न सम्मान के लिए अब 15 नवंबर तक करें आवेदन
कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा रत्न सम्मान के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 नवंबर 2026 कर दी गई है। इससे जिले के इच्छुक युवाओं को सम्मान के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर मिला है।
युवा रत्न सम्मान के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक युवा को एक लाख रुपये की नगद सम्मान राशि के साथ पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, असाधारण एवं विशिष्ट सेवा कार्य के क्षेत्र में चयनित युवा को व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली पात्र स्वैच्छिक संस्था अथवा संगठन को पांच लाख रुपये की सम्मान राशि से सम्मानित किया जाएगा।
जिले के ऐसे इच्छुक युवा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है, वे निर्धारित तिथि 15 नवंबर 2026 तक अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।