आवासीय एवं व्यवसायिक नजूल पट्टों के नवीनीकरण हेतु पट्टाधारियों से आवेदन प्रस्तुत करने की अपील
उत्तर बस्तर कांकेर । शासन के निर्देशानुसार जिले में नजूल पट्टों, जिनकी अवधि 31 मार्च 2024 को समाप्त हो चुकी है, उनका नवीनीकरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार द्वारा आज कांकेर नगर के 22 आवासीय एवं व्यवसायिक स्थायी नजूल पट्टों का आगामी 30 वर्षों 01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2054 तक की अवधि के लिए नवीनीकरण किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 30 वर्षों की अवधि के लिए आवासीय एवं व्यवसायिक प्रयोजन के नजूल पट्टों का नवीनीकरण किया जाना है। इसी के तहत वर्ष 2024 में समाप्त हुए स्थायी पट्टों का नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने ऐसे सभी नजूल पट्टाधारियों से अपील की है, वे नजूल पट्टों के नवीनीकरण के लिए अपना विधिवत आवेदन नजूल न्यायालय कांकेर में प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार समय-सीमा में उनके नजूल पट्टों का नवीनीकरण किया जा सके।