मरवाही : मध्यप्रदेश से लाया जा रहा 20 क्विंटल अवैध धान एवं वाहन जब्त
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, नवंबर 2026
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होते ही जिले में अवैध धान के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में गठित उड़नदस्ता दल द्वारा मरवाही विकासखंड के ग्राम धरहर में मध्यप्रदेश से लाया जा रहा लगभग 20 क्विंटल अवैध धान एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धरहर निवासी बेचुलाल एवं अन्य 6 व्यक्तियों द्वारा मध्यप्रदेश के ग्राम बीड़ से रात्रि लगभग 2 बजे वाहन के माध्यम से धान लाया जा रहा था, जिसे धान उपार्जन केंद्र निमधा में खपाने की योजना थी। उड़नदस्ता दल ने कार्रवाई करते हुए धान एवं वाहन जब्त कर लिया। इसी क्रम में मरवाही विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र कोदवाही एवं निमधा से कुल 114 बोरी अमानक एवं खराब गुणवत्ता का धान भी जब्त किया गया है।