पीडीएस के सुचारू संचालन के लिए लंबित चावल शीघ्र जमा करें राइस मिलर्सरू कलेक्टर श्री तोपनो
कलेक्टर ने राइस मिलर्स एवं संबंधित अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक
उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने समयबद्ध उठाव एवं चावल जमा करने के दिए निर्देश
मुंगेली नवंबर 2026
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के सुचारू संचालन तथा उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से चावल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के गोदामों में राइस मिलर्स द्वारा जमा किए जाने वाले लंबित चावल की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और शेष चावल शीघ्र जमा कराने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से जिले के पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए राइस मिलर्स द्वारा समय सीमा में चावल जमा करना अत्यंत आवश्यक है। चावल जमा करने में किसी भी प्रकार की देरी से उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने सभी राइस मिलर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों में लंबित चावल समय-सीमा में अनिवार्य रूप से जमा करें। उन्होंने कहा कि चावल जमा करने के कार्य में अनावश्यक विलंब, उदासीनता अथवा लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी मिलर्स शासन के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रिया का गंभीरता से पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक राइस मिल की लंबित चावल जमा करने की स्थिति की नियमित समीक्षा करें। मिलवार शेष मात्रा का आकलन कर जमा कार्य की प्रगति पर सतत निगरानी रखें तथा आपसी समन्वय से लंबित चावल शीघ्र जमा कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का प्रभावी संचालन और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर राशन पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं राइस मिलर्स को पूरी गंभीरता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में खाद्य अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और राईस मिलर्स मौजूद रहे।