छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

प्राचार्यों की समीक्षा बैठक में तिमाही परीक्षा परिणामों पर मंथन, कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

सूरजपुर । विकासखंड रामानुजनगर एवं प्रेमनगर के सामुदायिक भवन में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील अग्रवाल, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी रामानुजनगर अवधेश साहू, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी प्रेमनगर प्रताप सिंह पैकरा, बीपीओ  रविनाथ तिवारी की उपस्थिति में  समस्त प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विद्यालयों के तिमाही परीक्षा परिणामों की विस्तृत समीक्षा डीईओ व एसडीम के द्वारा की गई। साथ ही आगामी छमाही एवं वार्षिक परीक्षा की बेहतर तैयारी को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस दौरान परीक्षा परिणामों में सुधार लाने, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि बढ़ाने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही बैठक में विशेष रूप से तिमाही परीक्षा में 60 प्रतिशत से कम परीक्षा परिणाम वाले विषयों की समीक्षा की गई। संबंधित विषयों के व्याख्याताओं से परीक्षा परिणाम कम आने के कारणों की जानकारी लेते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, नियमित अध्यापन, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा विषयवार शैक्षणिक प्रगति पर सतत निगरानी रखने की बात कही। इस अवसर पर दोनों विकासखण्डों के समस्त प्राचार्य एवं तिमाही परीक्षा में 60 प्रतिशत से कम परिणाम वाले विषयों के व्याख्याता उपस्थित रहे।

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image