छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

जल जीवन मिशन के कार्यों का जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम ने किया भौतिक सत्यापन

 ओरछा विकासखंड के चार गांवों में सोलर टंकियों, पाइपलाइन विस्तार एवं घरेलू नल कनेक्शनों का किया निरीक्षण

नारायणपुर,नवंबर 2026

कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की गुणवत्ता एवं पेयजल आपूर्ति की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम द्वारा मैदानी निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड ओरछा के ग्राम नेलांगुर, उसेबेड़ा, पद्मकोट एवं ओकपाड़ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत शत-प्रतिशत पूर्ण किए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर महेंद्र सिदार ने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर स्थापित सोलर आधारित पानी टंकियों, पाइपलाइन विस्तार तथा घरों में लगाए गए घरेलू नल कनेक्शनों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल आपूर्ति की स्थिति, नल कनेक्शनों की उपलब्धता एवं योजना के तहत निर्मित परिसंपत्तियों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह भी देखा कि योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से नल के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है या नहीं।

              मैदानी निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति एवं योजना के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही जल जीवन मिशन के सुचारु संचालन एवं नियमित संधारण के महत्व के बारे में बताया। ग्रामीणों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन, पानी के उचित और विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल की बर्बादी रोकने के लिए जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पेयजल संबंधी परिसंपत्तियों का संरक्षण और उनका नियमित रखरखाव सामुदायिक सहभागिता से ही संभव है। इसके लिए ग्रामीणों को योजना के संचालन एवं संधारण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा उपलब्ध जल संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि गांवों में पेयजल व्यवस्था निरंतर सुचारु बनी रहे।

उक्त फील्ड निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड नारायणपुर के सहायक अभियंता प्रणेश कुमार रामटेके, जिला समन्वयक अमरेश कुमार मंडल एवं आईईसी समन्वयक सुनील कुमार उसेंडी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image