छत्तीसगढ़ / गरियाबंद

कोदो, कुटकी एवं रागी की समर्थन मूल्य पर होगी खरीदी, किसानों को मिलेगा उपज का उचित दाम

गरियाबंद । जिले में मोटे अनाज (श्री अन्न) की खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए शासन द्वारा कोदो, कुटकी एवं रागी का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाएगा। इन फसलों की खरीदी जिले के अधिसूचित उपार्जन केंद्र आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, गरियाबंद के माध्यम से निर्धारित समर्थन मूल्य पर की जाएगी।

कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार कोदो का 3 हजार 200 रुपये, कुटकी का 3 हजार 350 रुपये तथा रागी का 5 हजार 205 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन किया जाएगा। वहीं प्रति एकड़ उपार्जन की अधिकतम सीमा कोदो के लिए 3.50 क्विंटल, कुटकी के लिए 2 क्विंटल तथा रागी के लिए 3.50 क्विंटल निर्धारित की गई है। शासन की इस पहल से जिले में कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी मिलेट्स फसलों के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा श्री अन्न की खेती के प्रति किसानों का रुझान बढ़ेगा।

जिले के समस्त कोदो, कुटकी एवं रागी उत्पादक किसानों से अपील की गई है कि वे 16 नवंबर 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक एकीकृत किसान पोर्टल में संबंधित समितियों के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं और शासन की इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उपार्जन एवं पंजीयन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा अधिसूचित उपार्जन केंद्र आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, गरियाबंद से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image