छत्तीसगढ़ / धमतरी

कुलेश्वर महादेव मंदिर एवं लोमस ऋषि आश्रम के विकास को मिलेगी गति

धमतरी । कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज मगरलोड विकासखंड के प्रवास के दौरान जिले के अंतिम छोर पर स्थित प्रसिद्ध कुलेश्वर महादेव मंदिर एवं लोमस ऋषि आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोमश ऋषि आश्रम के समग्र विकास और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के संबंध में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा की।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आश्रम परिसर में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने लोमस ऋषि आश्रम के समीप लगभग 50 से 60 चौपाटी के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर भी विकसित हों। उन्होंने कुलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचने के लिए सड़क निर्माण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तैयार करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने किशोर से खरीदी केंद्र तक मुरूम सीलिंग कराने, विभिन्न स्थानों पर सोलर लाइट लगाने तथा नवागांव में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र की स्वीकृति देने की मांग रखी। कलेक्टर ने इन मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए मुरूम सीलिंग का कार्य शीघ्र कराने, सोलर लाइट स्थापना के लिए खनिज मद से प्राप्त राशिका उपयोग करने तथा नवागांव में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत करने की बात कही। उन्होंने आगामी महीनों में कुलेश्वर महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन शेड निर्माण, फ्लोरिंग सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य कराने की भी बात कही।

    कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व को देखते हुए यहां आधारभूत सुविधाओं का विकास आवश्यक है। स्थानीय जनभागीदारी और विभागीय समन्वय से इन स्थलों को बेहतर धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्र की पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को भी रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर मिल सकेंगे। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष मगरलोड  बिरेन्द्र साहू  एसडीएम कुरूद-मगरलोड  पियूष तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image