छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

महाराष्ट्र के बूचड़खाने ले जाए जा रहे 5 मवेशियों को रेंगाखार पुलिस ने कराया मुक्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

पिकअप वाहन सहित 8.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त, पशु तस्करी और क्रूरता के आरोप में आरोपियों पर कार्रवाई

कबीरधाम। जिले में पशुओं की अवैध तस्करी, बिक्री और उनके प्रति क्रूरता करने वालों के खिलाफ कबीरधाम पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रेंगाखार पुलिस ने महाराष्ट्र के बूचड़खाने ले जाए जा रहे पांच मवेशियों को मुक्त कराते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मवेशियों और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन सहित कुल 8 लाख 65 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को थाना रेंगाखार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को बिना पर्याप्त दाना-पानी की व्यवस्था के भरकर छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल चेकिंग प्वाइंट लगाकर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक CG-04 PS 0776 को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन में दो भैंस और तीन पड़वा, कुल पांच मवेशी पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को अवैध बिक्री एवं कटाई के उद्देश्य से महाराष्ट्र स्थित बूचड़खाने ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने तत्काल मवेशियों को मुक्त कराते हुए 65 हजार रुपये कीमत के मवेशियों और 8 लाख रुपये कीमत के पिकअप वाहन सहित कुल 8.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में रमेश धुर्वे (44 वर्ष), पिता नसीबलाल धुर्वे, निवासी बाजारटोला, थाना रावनवाड़ी, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र), योगेश विश्वकर्मा (24 वर्ष), पिता पंचू विश्वकर्मा तथा उमेश साहू (19 वर्ष), पिता बिहारी साहू, दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 08, देवारपारा खरोरा, थाना खरोरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) शामिल हैं।

रेंगाखार पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मुक्त कराए गए पांचों मवेशियों को सुरक्षित देखरेख के लिए गौशाला में रखवाया गया है।

पशु तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को दें

कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पशुओं की अवैध तस्करी, अवैध बिक्री एवं उनके प्रति क्रूरता से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उक्त कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी रेंगाखार निरीक्षक अरविन्द साहू सहित प्रधान आरक्षक संतोष मेरावी, प्रधान आरक्षक पुरानिकदास लहरे, आरक्षक क्रमांक 226, 606 एवं 697 तथा महिला आरक्षक डीएसएफ आर. 853 एवं 841 का विशेष योगदान रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image