छत्तीसगढ़ / जशपुर

’धान खरीदी केंद्र में किसानों को मिल रही बेहतर सुविधा, मंगलेश्वर भगत ने की व्यवस्थाओं की सराहना

 जशपुरनगर । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। गम्हरिया स्थित धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं से किसान बेहद संतुष्ट नजर आए।

बुधवार को केंद्र में धान विक्रय के लिए पहुंचे किसान मंगलेश्वर भगत ने धान खरीदी की व्यवस्थाओं एवं टोकन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में किसानों के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

बैठने, छाया और पानी की पुख्ता व्यवस्था

भगत ने बताया कि केंद्र में किसानों के लिए बैठने हेतु कुर्सियों की पर्याप्त व्यवस्था, धूप और बारिश से बचाव के लिए टेंट, पीने के लिए स्वच्छ पानी, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

बुजुर्ग और दूर-दराज से आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी पूरा ख्याल रखा गया है। उन्होंने कहा कि टोकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित है। किसानों को समय पर टोकन मिल रहा है और उनका धान समय पर तौला जा रहा है। इससे किसानों का समय बच रहा है और उन्हें किसी भी प्रकार की दलाली या बिचौलियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय

किसान मंगलेश्वर भगत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

इसके साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान विक्रय की सुविधा और 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता राशि मिलने से किसानों को दोहरी खुशी मिली है। इससे किसानों को अपनी फसल का उचित मूल्य मिलने के साथ ही अगली फसल के लिए आर्थिक मजबूती भी मिल रही है।

किसान ने जताया आभार

अपनी बात रखते हुए भगत ने कहा, “हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने किसानों की चिंता को समझा है। आज केंद्र में इतनी अच्छी व्यवस्था देखकर मन खुश हो गया। पहले धान बेचने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब सब कुछ व्यवस्थित है। हम सभी किसान मुख्यमंत्री जी के आभारी हैं।”

उन्होंने जिला प्रशासन, खाद्य विभाग और धान खरीदी केंद्र के कर्मचारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी किसानों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं और हर समस्या का त्वरित समाधान कर रहे हैं।

केंद्र में दिखा उत्साह का माहौल

गम्हरिया धान खरीदी केंद्र में किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसान समय पर अपना धान लेकर पहुंच रहे हैं और संतुष्ट होकर वापस लौट रहे हैं। केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है, जहां किसानों की शंकाओं का समाधान किया जा रहा है।

अंत में भगत ने समस्त किसानों से अपील की कि वे छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं का लाभ लें और समय पर अपना टोकन कटवाकर अपना धान केंद्र में ही विक्रय करें।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image