छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल की समस्या का हुआ समाधान

 राजनांदगांव । मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं जनसेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के साथ निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जा रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर राजनांदगांव विकासखंड अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भैंसातरा के आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल के संबंध में प्राप्त शिकायत पर क्रेडा विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया गया है।

क्रेडा विभाग की जिला अधिकारी पूर्णिमा गुप्ता ने बताया कि ग्राम पंचायत भैंसातरा की सरपंच अंजली वर्मा द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आश्रित ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल व्यवस्था के लिए स्थापित सोलर ड्यूल पंप पिछले कुछ दिनों से बंद के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। पंप बंद होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सरपंच द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर सोलर ड्यूल पंप की मरम्मत कराने का अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत प्राप्त होने के बाद क्रेडा विभाग द्वारा समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा सोलर ड्यूल पंप की तकनीकी खराबी को दूर कर उसकी मरम्मत कराई गई तथा पंप को पुन: चालू किया गया। सोलर ड्यूल पंप के सुचारू रूप से संचालित होने से ग्राम जोगीदल्ली (भाटापारा) में पेयजल आपूर्ति पुन: बहाल हो गई है। इससे ग्रामीणों को दैनिक आवश्यकता के लिए पानी प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image