कबीरधाम में पुलिस का रात्रिकालीन सघन अभियान, जगह-जगह लगाए गए मोबाइल चेक पोस्ट
एम.सी.पी. के जरिए वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, कॉम्बिंग गश्त कर फरार आरोपियों एवं वारंटियों की तलाश में जुटी पुलिस
"विकाश शुक्ला"
कवर्धा-जिले में अपराधों की रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा रात्रिकालीन सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में 19 एवं 20 नवंबर की दरम्यानी रात जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं आवागमन के प्रमुख रास्तों पर मोबाइल चेक पोस्ट (एम.सी.पी.) स्थापित कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
इसी क्रम में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों के गांवों, बस्तियों, संवेदनशील इलाकों एवं संदिग्ध ठिकानों पर कॉम्बिंग गश्त की गई। इस दौरान फरार आरोपियों, विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित व्यक्तियों एवं गिरफ्तारी वारंटियों की तलाश की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई भी की।
पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी अप्रिय घटना अथवा अपराध को घटित होने से पहले रोकने के उद्देश्य से चलाया गया। इसके माध्यम से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने पर विशेष जोर दिया गया।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के रात्रिकालीन चेकिंग एवं कॉम्बिंग गश्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध गतिविधियों एवं अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।