सेवा सेतु से रोमन कुमार को 15 दिनों में मिले जाति एवं निवास प्रमाण पत्र
रोमन कुमार ने विष्णु भैया के प्रति जताया आभार
रायपुर, 27 नवंबर 2026/
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सहज एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए संचालित सेवा सेतु केंद्र सुशासन का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। शासन की इस जनहितकारी पहल से नागरिकों को अब आवश्यक दस्तावेजों के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
इसी कड़ी में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के औंधी तहसील अंतर्गत ग्राम पेंदोडी निवासी श्री रोमन कुमार को सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से महज 15 दिनों में स्थायी जाति एवं निवास प्रमाण पत्र प्राप्त हुए हैं। श्री रोमन कुमार ने तहसील परिसर स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से दोनों प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के मात्र 15 दिनों के भीतर दोनों प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। समय पर आवश्यक दस्तावेज मिलने से प्रसन्न श्री रोमन कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया।
रोमन ने कहा कि पहले शासकीय दस्तावेज प्राप्त करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और समयबद्ध निराकरण की सुविधा मिलने से पूरी प्रक्रिया आसान हो गई है। विष्णु भैया ने सेवा सेतु केंद्र बना कर शासकीय सेवाओं की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक सुगम कर दी है। इस पहल से लोगों का समय और मेहनत दोनों बच रहा है और सब काम जल्दी जल्दी हो जा रहा है।