चक्रवात की मार से नवागांव के खेत तालाब में तब्दील, भीगी फसल बचाने की जद्दोजहद में जुटा अन्नदाता
बालोद |
2026-11-27 17:41:29
बालोद। जिले के गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम नवागांव (डुंडेरा) में हालिया चक्रवात और मूसलाधार बारिश ने खेती-किसानी को गहरी चोट पहुंचाई है। जलमग्न खेतों और बर्बाद होती धान की फसल ने स्थानीय किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस संकट की सबसे मार्मिक तस्वीर किसान भागबली ठाकुर के खेतों में उभरकर सामने आई है, जहां पूरे परिवार की आजीविका और भविष्य दांव पर लगा दिखाई दे रहा है।
खेतों के भीतर दूर-दूर तक केवल पानी और गाद का फैलाव नजर आ रहा है। खेत में बिछी हुई धान की फसल लंबे समय तक पानी में डूबे रहने के कारण काली पड़ने लगी है। कई स्थानों पर दाने अंकुरित हो चुके हैं और फसल से सड़न की तीखी दुर्गंध उठ रही है। जलभराव इतना अधिक है कि कटाई की मशीनें खेतों में उतर ही नहीं सकतीं, बल्कि पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। इसी विषम परिस्थिति में किसान भागबली ठाकुर और उनकी जीवनसंगिनी घुटनों तक कीचड़ में धंसकर काम करने को विवश हैं। दोनों ने जलमग्न खेत के बीच ही एक छोटी लकड़ी की बेंच को अस्थायी खलिहान बना लिया है। वे उसी बेंच के सहारे भीगी धान की बालियों को संभालकर छोटे-छोटे गट्ठर तैयार कर रहे हैं और चारों तरफ पानी से घिरे होने के बावजूद उन्हें किसी तरह सड़क किनारे लाकर सुखाने का प्रयास कर रहे हैं।
भागबली ठाकुर के अनुसार चक्रवाती वर्षा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेत में अभी भी पानी जमा है और फसल तेजी से खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में करीब पंद्रह से बीस एकड़ रकबा पूरी तरह प्रभावित हुआ है। पानी से निकालकर सड़क के किनारे फसल सुखाने की यह मजबूरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की बेबसी को बयां करती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन तथा कृषि विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि नवागांव (डुंडेरा) में अविलंब सर्वे दल भेजा जाए, वास्तविक नुकसान का आकलन कराया जाए और पीड़ित परिवारों को समय पर समुचित मुआवजा राशि दी जाए, ताकि वे इस आर्थिक आघात से उबरकर दोबारा खेती की राह पकड़ सकें।