छत्तीसगढ़ / नारायणपुर

समर्थन मूल्य पर धान बेचकर खुश हुए ग्राम पालकी के किसान महेश कुमार नेताम’

 ’समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को मिल रही आर्थिक राहत, उपार्जन केंद्रों में सुचारु रूप से जारी है खरीदी प्रक्रिया’

नारायणपुर, 27 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा किसानों की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। शासन की इस व्यवस्था से जिले के किसान लाभान्वित हो रहे हैं और अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं।

इसी कड़ी में ग्राम पालकी के किसान श्री महेश कुमार नेताम, पिता श्री नरजू ने बिंजली धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज का विक्रय कर समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त किया। किसान महेश कुमार नेताम के पास 1.2400 हेक्टेयर कृषि रकबा है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। उन्होंने इस खरीफ सीजन में उत्पादित 32.40 क्विंटल धान का विक्रय शासन द्वारा निर्धारित 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किया। इस प्रकार उन्हें अपनी मेहनत और उपज का उचित मूल्य प्राप्त हुआ।

धान विक्रय के बाद किसान महेश कुमार नेताम ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था से किसानों को काफी राहत मिल रही है। उपार्जन केंद्र में निर्धारित प्रक्रिया के तहत धान बेचने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। शासन द्वारा निर्धारित दर पर धान की खरीदी होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने किसान हितैषी इस व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी कार्य को सुचारु, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 की गई है। इसके तहत हलामीमुंजमेटा एवं तारागांव में दो नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक सुविधा मिल रही है।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के कुल 10,686 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनका पंजीकृत रकबा 13,063.08 हेक्टेयर है। किसानों को धान विक्रय के लिए ऑनलाइन तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के साथ-साथ संबंधित समिति के माध्यम से ऑफलाइन टोकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिले में धान खरीदी का कार्य 15 नवम्बर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image