छत्तीसगढ़ / रायपुर

तकनीकी सुधार, त्वरित समाधान और पारदर्शी व्यवस्थाओं के साथ किसानों से धान खरीदी जारी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी व्यवस्था को सुगम, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने के लिए शासन व जिला प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी और त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। एग्रीस्टेक, डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) और फसल भौतिक सत्यापन (पीवी) से जुड़ी तकनीकी विसंगतियों के समाधान से लेकर उपार्जन केंद्रों पर संसाधनों व सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था तक, हर स्तर पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
रकबा व पंजीयन सुधार में प्रगति
किसानों के भूमि विवरण और रकबा प्रविष्टियों को दुरुस्त करने के लिए समिति मॉड्यूल में ‘खसरा मैपिंग’ तथा ‘एग्रीस्टेक से भूमि विवरण सिंक’ करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से छूटे खसरों को जोड़ा जा रहा है और तहसीलदार अनुमोदन के बाद डेटा को समिति मॉड्यूल में सिंक किया जा रहा है।
बालोद जिले में 5,743 प्रभावित किसानों में से 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है तथा शेष प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर में सेमरताल समिति के 714 में से 550 और पौंसरा के 414 में से 174 किसानों की रकबा समस्या का समाधान हो चुका है, वहीं जिले में लंबित खसरों की संख्या 31,338 से घटकर 13,805 रह गई है। कांकेर की कोयलीबेड़ा और भानुप्रतापपुर तहसीलों में तकनीकी कारणों से हटे खसरों को पुनः जोड़ने की प्रक्रिया जारी है और किसानों को अनावश्यक तहसील जाने से बचाने के लिए मैदानी अमले के माध्यम से सूचना दी जा रही है। किसानों को शासन के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान विक्रय और टोकन की सुविधा दी जा रही है।
धमतरी के भानपुरी (तरसींवा) में 44 किसानों की भूमि पोर्टल पर जुड़ चुकी है। रायपुर में समिति मॉड्यूल पर डीसीएस  व भौतिक सत्यापन का विवरण प्रदर्शित होने लगा है, जबकि महासमुंद में दावा-आपत्तियों के सत्यापन उपरांत प्रारूप-3 में जानकारी उच्च कार्यालय भेजी जा रही है तथा खम्हरिया समिति के किसानों का रकबा पोर्टल पर दिखना शुरू हो गया है। वहीं कोरबा में 12 तहसीलों से ग्राम सभा के माध्यम से प्राप्त 8,202 दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है और डीसीएस सत्यापन ऑनलाइन तथा जियोरेफरेंस के माध्यम से अनुमोदित किया जा रहा है।

वैकल्पिक व्यवस्थाओं से कामकाज में निरंतरता
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में राजस्व कार्यों और अनुमोदन प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए तहसीलदारों की आईडी सक्रिय करने, राजस्व निरीक्षकों द्वारा भौतिक सत्यापन कराने तथा जिला और अनुविभाग स्तर पर नियमित समीक्षा करने जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
केंद्रों पर संसाधन, गुणवत्ता और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था
उपार्जन केंद्रों में बारदाना, तौल उपकरण, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर और अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दुर्ग में 21 नए केंद्र जोड़कर कुल 123 केंद्रों पर भंडारण व स्टैक प्लान की तैयारी पूरी की गई है। बस्तर के बिन्ता और ककनार केंद्रों में प्रभारी, बारदाना प्रभारी व ऑपरेटरों की तैनाती कर दी गई है तथा 37 केंद्रों की दैनिक खरीदी सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
धान की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की ही खरीदी की जा रही है और अधिक नमी वाला धान किसानों को सुखाकर लाने की समझाइश के साथ लौटाया जा रहा है। कबीरधाम के बांधाटोला केंद्र में सीसीटीवी व चौकीदार की व्यवस्था, कोरबा के हाथी प्रभावित केंद्रों में वन विभाग से समन्वय व प्राथमिकता से उठाव तथा बिलासपुर के गोड़ाडीह में बारदाना आगजनी प्रकरण में त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर खरीदी सुचारु रखने जैसी कार्रवाई से व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। सक्ती के ठठारी केंद्र में जांच के बाद तौल व अनियमितता के मामले में तत्काल संबंधित प्रभारी को कार्य से पृथक कर नए प्रभारी की नियुक्ति की गई है।
फसल कटाई के अनुरूप बढ़ रही आवक
जांजगीर-चांपा सहित कई क्षेत्रों में भौगोलिक व कृषि परिस्थितियों के कारण कटाई-मिंजाई की गति के अनुसार धान की आवक क्रमशः बढ़ रही है और दैनिक खरीदी सीमा बढ़ाने की प्रक्रिया भी जारी है। स्पष्ट किया गया है कि रकबा सुधार व सत्यापन की सतत कार्रवाई से किसानों को धान विक्रय अथवा योजनाओं के लाभ में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image