छत्तीसगढ़ / रायपुर

राष्ट्रीय SC-ST हब कॉन्क्लेव 28 को, उद्यमियों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी

रायपुर । अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से 28 नवंबर को रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्रालय की ओर से यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में होगा। सम्मेलन में उद्यमियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ने और कारोबार के विस्तार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी।

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति विकास, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक पुरंदर मिश्रा भी शामिल होंगे। केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, उद्योग संगठनों और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

सार्वजनिक खरीद में भागीदारी बढ़ाने पर जोर
सम्मेलन का एक प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जाति और जनजाति के स्वामित्व वाले सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों की सरकारी खरीद में भागीदारी बढ़ाना है। केंद्र सरकार की सार्वजनिक खरीद नीति के तहत केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के लिए अपनी वार्षिक खरीद का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों से लेना अनिवार्य है। इसमें 4 प्रतिशत खरीद एससी-एसटी वर्ग के स्वामित्व वाले उद्यमों और 3 प्रतिशत खरीद महिला उद्यमियों के स्वामित्व वाले उद्यमों से करने का प्रावधान है।

एससी-एसटी उद्यमियों को मिलती है सब्सिडी
राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अक्टूबर 2016 में की थी। इसका उद्देश्य एससी-एसटी उद्यमियों की क्षमता बढ़ाना और उन्हें सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सक्षम बनाना है। योजना के तहत प्रशिक्षण, बाजार से संपर्क, वित्तीय सहायता और निविदाओं में भागीदारी के लिए सहयोग दिया जाता है।

योजना के अंतर्गत विशेष ऋण संबद्ध पूंजी सब्सिडी के माध्यम से विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के एससी-एसटी सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को संयंत्र, मशीनरी और उपकरण खरीदने पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। इसकी अधिकतम सीमा 25 लाख रुपये है। मंत्रालय के अनुसार, योजना शुरू होने के बाद से वित्त वर्ष 2025-26 में एससी-एसटी उद्यमों से सार्वजनिक खरीद में 36 गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

रायपुर के कचना में खुलेगा एनएसएसएच कार्यालय
छत्तीसगढ़ में योजना का दायरा बढ़ाने के लिए रायपुर के कचना में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (NSSH) कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। यह कार्यालय राज्य के एससी-एसटी उद्यमियों के लिए सुविधा केंद्र के रूप में काम करेगा। यहां उन्हें सरकारी योजनाओं, पंजीकरण और सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जुड़ी सहायता मिलेगी।

सम्मेलन स्थल पर विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां उद्यमियों को गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) और उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण कराने में मदद दी जाएगी। इससे नए और मौजूदा उद्यमियों को सरकारी खरीद के अवसरों से जुड़ने में सुविधा मिलेगी।

एमएसएमई क्षेत्र का अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान
मंत्रालय के अनुसार, देश में एमएसएमई क्षेत्र से 10.19 करोड़ से अधिक उद्यम जुड़े हैं और इनमें 31 करोड़ से अधिक लोग कार्यरत हैं। देश के सकल घरेलू उत्पाद में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 30 प्रतिशत, जबकि कुल निर्यात में 45 प्रतिशत से अधिक है।

छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों के अलावा कृषि और वन आधारित उद्योगों में भी एमएसएमई के विकास की संभावनाएं हैं। खाद्य प्रसंस्करण और वन उत्पादों पर आधारित कारोबार को बढ़ावा देकर रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। सम्मेलन में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम विश्वकर्मा, ऋण गारंटी योजना, क्लस्टर विकास कार्यक्रम और अन्य एमएसएमई योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। मंत्रालय को उम्मीद है कि रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में उद्यमी इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image