छत्तीसगढ़ / रायपुर

राजभवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी के लिए बैठक सम्पन्न

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में राजभवन में शाम को ‘‘स्वागत समारोह‘‘ का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश की रक्षा के लिए शहादत करने वाले सैनिकों के परिजनों, पद्मश्री, पद्मभूषण से सम्मानित राज्य के नागरिकों, जनप्रतिनिधियोें सहित नागरिकों व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा।                    

राजभवन में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार की अध्यक्षता में स्वतंत्रता समारोह के सुचारू आयोजन के लिए मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजभवन परिसर एवं आस-पास की साफ-सफाई, दीवालों में रंग रोगन, वर्षा को देखते हुए पानी भराव को रोकने के लिए समतलीकरण कार्य, परिसर स्थित उद्यान की साफ-सफाई, राजभवन में रोशनी की व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण व्यवस्था, सुचारू बिजली व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण, अतिथियों की बैठक व्यवस्था, अतिथियों के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था आदि महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में राज्यपाल की उप सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, राजभवन, रायपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, नगर-निगम, लोक निर्माण विभाग, सी.एस ई.बी. एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image