मनोरंजन

'पुष्‍पा 2' के मेकर्स और देवी श्री प्रसाद में सबकुछ ठीक नहीं है! रिलीज से 10 दिन पहले चेन्‍नई में खुल गई कलई

अल्‍लू अर्जुन की 'पुष्‍पा 2: द रूल' जहां एक ओर 5 दिसंबर को रिलीज की तैयारी कर रही है, वहीं फिल्‍म का नया गाना KISSIK धूम मचा रहा है। लेकिन इन सब के बीच लंबे समय से यह चर्चा रही है कि फिल्‍म के मेकर्स और म्‍यूजिक डायरेकटर देवी श्री प्रसाद के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। दिलचस्‍प है कि राष्‍ट्रीय फिल्‍म पुरस्‍कार जीत चुके संगीतकार ने गाहे-बगाहे अब खुद इस पर मुहर लगा दी है। उन्‍होंने चेन्‍नई में फिल्‍म के सॉन्‍ग लॉन्‍च इवेंट पर साफ शब्‍दों में मेकर्स पर तंज कसा है।

बीते दिनों ऐसी खबरें आई थीं कि 'पुष्पा 2: द रूल' की प्रोडक्‍शन कंपनी माइथ्री मूवी मेकर्स और देवी श्री प्रसाद के बीच अनबन हुई है। इसी कारण मेकर्स ने फिल्‍म के बैकग्राउंड स्कोर का बचा हुआ काम संगीतकार थमन, अजनीश लोकनाथ और सैम सीएस को सौंप दिया है। जब थमन ने इसकी पुष्‍ट‍ि की तो फैंस यह समझ गए कि यह फैसला क्यों लिया गया। एक और संयोग यह कि देवी श्री प्रसाद को अजीत कुमार की 'गुड बैड अग्ली' में भी रिप्‍लेस कर दिया गया। इस फिल्‍म को भी माइथ्री मूवी मेकर्स ही प्रोड्यूस कर रहे हैं।

देवी श्री प्रसाद बोले- आपको मुझसे प्‍यार से ज्‍यादा श‍िकायतें हैं

अब 'पुष्पा 2: द रूल' के चेन्नई इवेंट में देवी श्री प्रसाद ने अपनी नाराजगी जाहिर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्‍होंने साफ शब्‍दों में कहा कि निर्माताओं को बैकग्राउंड स्कोर पर काम में देरी के कारण दूसरे संगीतकारों से संपर्क करना पड़ा। देवी श्री प्रसाद ने कहा, 'रवि (शंकर) सर, आप मुझे यह कहकर दोषी ठहरा रहे हैं कि मैंने समय पर गाना या बैकग्राउंड स्कोर नहीं दिया। मुझे पता है कि आप मुझसे प्यार करते हैं। जहां प्यार होता है, वहां शिकायतें भी होती हैं। लेकिन, मुझे लगता है कि आपको मुझसे प्यार से ज्‍यादा शिकायतें हैं।'


इवेंट में देवी श्री प्रसाद के साथ हुआ गलत बर्ताव

देवी श्री प्रसाद यहीं नहीं रुके। उन्‍होंने आगे कहा, 'अभी भी मैं 20-25 मिनट पहले ही इस इवेंट में आ गया था। लेकिन मुझे एंट्री करने के लिए इंतजार करने को कहा। जब मैंने 'किसिक' गाना बजते सुना, तो मैं दौड़कर आया। जैसे ही मैं पहुंचा, आपने कहा- 'आप गलत समय पर आए हैं, आप देर से आए हैं।' आप बताएं कि मैं क्या कर सकता हूं? अगर मुझे इन सब पर अलग से बात करनी पड़े, तो कोई फायदा नहीं होगा।'

Leave Your Comment

Click to reload image