कवर्धा वनमंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया ए.आई. एवं आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण
कबीरधाम |
2026-11-13 13:12:57
डिजिटल नवाचार से विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने की पहल
कवर्धा, 12 नवंबर 2026। कवर्धा वनमंडल में विभागीय कार्यप्रणाली को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने तथा शासकीय कार्यों में डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्षेत्रीय एवं कार्यालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वनमंडलाधिकारी, कवर्धा के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी, कवर्धा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में वनमंडल के समस्त क्षेत्रीय अधिकारियों, लिपिकों एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों सहित वनमंडल कार्यालय के कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण ए.आई. विशेषज्ञ श्री मोहित बघेल द्वारा प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री बघेल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अवधारणा, कार्यप्रणाली एवं वर्तमान समय में इसकी बढ़ती उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ChatGPT, Google Gemini, Claude एवं NotebookLM जैसे आधुनिक ए.आई. टूल्स की कार्यक्षमता से अवगत कराते हुए इनके व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन किया। इन तकनीकों के माध्यम से शासकीय पत्रों एवं प्रतिवेदनों का प्रारूप तैयार करने, दस्तावेजों का सारांश एवं विश्लेषण करने, हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद, डाटा प्रबंधन, एक्सेल शीट एवं पी.पी.टी. तैयार करने तथा विभिन्न दस्तावेजों से आवश्यक जानकारियां त्वरित रूप से प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। विशेष रूप से NotebookLM के माध्यम से उपलब्ध दस्तावेजों एवं संदर्भ सामग्री का विश्लेषण कर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण में वन विभाग के कार्यों में ए.आई. एवं आधुनिक तकनीकों के संभावित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। वन एवं वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि प्रबंधन, जैव विविधता से संबंधित आंकड़ों का संकलन एवं विश्लेषण, जी.आई.एस. आधारित मानचित्रों का अध्ययन, रिमोट सेंसिंग डाटा का उपयोग तथा विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इन तकनीकों की उपयोगिता बताई गई। प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न ए.आई. टूल्स का स्वयं उपयोग कर व्यावहारिक कार्य करने का अवसर भी दिया गया।
इसके साथ ही ए.आई. से प्राप्त जानकारियों की तथ्यात्मक पुष्टि, शासकीय गोपनीयता, डाटा सुरक्षा एवं तकनीक के जिम्मेदार उपयोग के संबंध में भी आवश्यक सावधानियां बताई गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समझाया गया कि आधुनिक तकनीक का सही उपयोग न केवल दैनिक कार्यों को आसान बना सकता है, बल्कि कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता में भी उल्लेखनीय सुधार ला सकता है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक कार्यप्रणाली के साथ आधुनिक डिजिटल तकनीकों का समन्वय स्थापित कर विभागीय कार्यों को अधिक दक्ष, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी बनाना है। ए.आई. आधारित उपकरणों के उपयोग से समय एवं श्रम की बचत, सूचनाओं का बेहतर विश्लेषण, निर्णय प्रक्रिया में सहयोग तथा शासकीय कार्यों के त्वरित निष्पादन को गति मिलने की उम्मीद है।
कवर्धा वनमंडल की यह पहल वन प्रशासन में तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बदलते डिजिटल परिवेश के अनुरूप दक्ष बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।