मनोरंजन

नागार्जुन के अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ में भारत की पहली डॉल्बी सर्टिफाइड पोस्ट प्रोडक्शन सिनेमा फैसिलिटी का एस. एस. राजामौली ने किया अनावरण

देश के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म स्टूडियो के रूप में अपनी पहचान रखने वाले अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ ने एक बार फिर से इतिहास रच दिया है। अब यह एक ऐसा स्टूडियो बन गया है, जहाँ भारत की पहली डॉल्बी सर्टिफाइड पोस्ट प्रोडक्शन सिनेमा फैसिलिटी की स्थापना की गई है। उल्लेखनीय है कि इस फैसिलिटी का अनावरण विश्व स्तर पर प्रसिद्ध फिल्मकार एस. एस. राजामौली द्वारा किया गया। इस विशेष अवसर पर जाने-माने अभिनेता और अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ के वाइस प्रेसिडेंट नागार्जुन अक्किनेनी भी मौजूद थे।


डॉल्बी सिनेमा के साथ साझेदारी में लॉन्च की गई यह अत्याधुनिक फैसिलिटी भारतीय फिल्ममेकिंग संबंधी ऑडियो-विजुअल के स्तर को नई ऊँचाई प्रदान करने की एक अनोखी और सराहनीय कोशिश है। इसका लक्ष्य सिनेमाई अनुभवों को वैश्विक मापदंडों के समकक्ष लाना है।

गौरतलब है कि इस मौके पर राजामौली की ऑस्कर विनिंग फिल्म आरआरआर की कुछ विशिष्ट झलकियों को दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि आरआरआर भारत में डॉल्बी में रिलीज़ होने वाली पहली फिल्म थी, जो भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

हैदराबाद के अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ में आयोजित इस ऐतिहासिक अवसर पर, एस. एस. राजामौली ने कहा, "जब हम आरआरआर फिल्म के समय इसे डॉल्बी विज़न में ग्रेड करना चाहते थे, तो हमें जर्मनी तक यात्रा करना पड़ी थी। यह थोड़ा निराशाजनक था कि मैं अपनी फिल्म को अपने ही देश में डॉल्बी विज़न में अनुभव नहीं कर सका। लेकिन आज, अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ में डॉल्बी विज़न ग्रेडिंग की सुविधा देखकर मैं बेहद उत्साहित हूँ। और इससे भी ज्यादा खुशी इस बात यह है कि जब मेरी अगली फिल्म रिलीज़ होगी, तब तक भारत में कई डॉल्बी सिनेमा मौजूद होंगे।"

राजामौली ने आगे कहा, "डॉल्बी विज़न में फिल्म देखना एक पूरी तरह से अलग अनुभव है। क्रिस्टल-क्लियर स्पष्टता और हर फ्रेम की बारीकियों को जिस तरह यह निखारता है, वह कहानी कहने की कला को एक नई ऊँचाई पर ले जाता है। मैं दर्शकों को इसका अनुभव कराने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूँ।"

अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ के सर्वेसर्वा और वाइस प्रेसिडेंट नागार्जुन अक्किनेनी ने इस खास मौके पर भारतीय सिनेमा में होने वाले तकनीकी क्राँति में अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ की अहम् भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, "वर्चुअल तौर पर फिल्मों के निर्माण से लेकर भारत की पहली डॉल्बी सर्टिफाइड पोस्ट प्रोडक्शन सिनेमा फैसिलिटी की स्थापना तक, अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ की कोशिश हमेशा से ही भारतीय सिनेमा को विश्व मानचित्र पर स्थापित करने की रही है। अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है और ऐसे में डॉल्बी के साथ यह साझेदारी हमारी दीर्घकालिक यात्रा को दर्शाती है। अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ की कोशिश हमेशा से ही यही रही है कि हम बदलाव को स्वीकार करें और नई किस्म की तकनीकों को बढ़ावा दें। यह साझेदारी उसी दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है।"

अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ईडी) सुप्रिया यरलागड्डा ने इस उपलब्धि को रेखांकित करते हुए कहा, "भारत की पहली डॉल्बी सर्टिफाइड पोस्ट प्रोडक्शन सिनेमा फैसिलिटी के साथ अन्नपूर्णा स्टूडियोज़ की यह कोशिश सिनेमा के निर्माण और फिल्मों को देखने के अनुभव को बदलकर रख देगी। यह टेक्नोलॉजी के माध्यम से हम फिल्मकारों को अपनी कहानियों को उम्दा, सटीक और अद्भुत तरीके से पेश करने में मददगार साबित होगी।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में डॉल्बी सिनेमा संबंधी कॉन्टेंट को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इनमें आरआरआर से जुड़े कॉन्टेंट का प्रदर्शन भी शामिल था, जिससे लोगों को डॉल्बी की बेहतरीन क्षमताओं के बारे में जानने का मौका मिला।

Leave Your Comment

Click to reload image