मनोरंजन

इंटरनेशनल लेवल पर Vicky Kaushal की छाप, मंगलवार को भी नहीं लगा कमाई पर ब्रेक

नई दिल्ली। विक्की कौशल की फिल्म छावा की कमाई बुलेट ट्रेन की रफ्तार से आगे बढ़ रही है। छावा भले ही रिलीज से पहले विवादों में घिरी हो मगर थिएटर्स में पहुंचने के बाद मूवी के दर्शकों का जबरदस्त क्रेज देखा जा सकता है। छावा को बॉक्स ऑफिस पर दौड़ते हुए लगभग 19 दिन का समय हो गया है और दुनियाभर की जनता का प्यार इस पर जमकर बरस रहा। आइए जानें 19वें दिन के आकंड़ें।

छावा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी छावा की अनाउंसमेंट 2023 में हुई थी। छत्रपति संभाजी महाराज के गौरव और साहस को बड़े पर्दे पर देखना दर्शकों को पसंद आया। फिल्म के क्लाइमेक्स ने लोगों को काफी भावुक भी कर दिया। विक्की कौशल ने अपनी उम्दा परफॉर्मेंस से संभाजी का किरदार जीवंत कर दिया। भारत में तो इसका जलवा जारी है ही, विदेशों में भी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बॉक्स ऑफिस का डाटा रखने वाली वेबसाइट Bollymoviereviewz.com की रिपोर्ट के अनुसार,  छावा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 600 करोड़ के आस-पास पहुंच गया है।

बॉक्स ऑफिस पर जारी है दबदबा

वहीं फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो 19वें दिन फिल्म ने 5.4 करोड़ का कलेक्शन किया है। sacnilk द्वारा जारी किए गए आंकड़ों से पता चलता है कि फिल्म वीक डेज में जबरदस्त कमाई कर रही है। छावा से पहले भी बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कहानी वाली फिल्मों को पसंद किया गया है। इनमें पद्मावत, तान्हाजी और बाजीराव मस्तानी शामिल हैं। मगर विक्की कौशल की छावा ने इन सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

क्या है छावा की कहानी?

छावा छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज की जिंदगी पर आधारित फिल्म है। संभाजी महाराज की कहानी को मराठी नोवेल छावा से लिया गया है और इसी नाम से फिल्म बनी है। इसका निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि निर्माण दिनेश विजान ने। विक्की कौशल संभाजी के किरदार में नजर आएंगे और रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी येसुबाई के रोल में दिखाई देंगी। अक्षय खन्ना औरंगजेब बने हैं। फिल्म में आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता और प्रदीप राम सिंह रावत भी अहम भूमिका में हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image