देश-विदेश

खाटूश्यामजी से लौट रहे युवक को सीट विवाद में चलती ट्रेन से फेंका, बहन से अभद्रता का आरोप

 

राजस्थान के खाटूश्यामजी से लौट रहे हमीरपुर के भाई-बहन के साथ ट्रेन में सीट विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है।

 आगरा। हमीरपुर जनपद के थाना जरिया क्षेत्र के गांव चंडोट निवासी कमलेंद्र सिंह, पुत्र अर्जुन सिंह, अपनी बहन करिश्मा के साथ शुक्रवार को राजस्थान के खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। शनिवार को दोनों रींगस रेलवे स्टेशन से जनरल कोच में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।

बहन से अभद्रता और मारपीट का आरोप

आरोप है कि आगरा कैंट स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद सीट को लेकर कुछ यात्रियों से कहासुनी हो गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने अपने 8 से 10 साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने पहले करिश्मा के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर कमलेंद्र और उसकी बहन के साथ मारपीट की गई।

चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप, रेलवे पुलिस ने संभाला मोर्चा

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान कमलेंद्र को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया गया। करिश्मा के शोर मचाने और अन्य यात्रियों की सूचना मिलने पर फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया।

रेलवे पुलिस कर रही मामले की जांच

प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के पहुंचने पर कमलेंद्र और करिश्मा हमीरपुर के लिए रवाना हो गए। मामले की जांच रेलवे पुलिस द्वारा की जा रही है और आरोपों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 
 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image