370 हटने के सात साल: पीएम मोदी ने गिनाईं जम्मू-कश्मीर की बड़ी उपलब्धियां
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास के नए युग की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और खेल जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा सभी नागरिकों को समान संवैधानिक अधिकार मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 और 35(ए) इतिहास बन गए और इसके साथ जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की विकास यात्रा का नया अध्याय शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में दोनों क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है और लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव आए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान के पूर्ण रूप से लागू होने से महिलाओं और वंचित वर्गों सहित उन सभी लोगों को सशक्त बनाया गया, जिन्हें दशकों तक अपने मूल संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा गया था। उन्होंने कहा कि सरकार दोनों क्षेत्रों के समग्र विकास और हर नागरिक के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस वर्ष 5 अगस्त का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता के लिए डॉ. मुखर्जी का सपना 5 अगस्त 2019 को ऐतिहासिक रूप से साकार हुआ।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई देते हुए इसे भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के इतिहास का स्वर्णिम दिवस बताया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर ने आतंकवाद से शांति, अलगाववाद से एकात्मता और अस्थिरता से विकास की ऐतिहासिक यात्रा तय की है तथा आज यह नया भारत की प्रगति और समृद्धि का प्रतीक बन चुका है।