देश-विदेश
गैंट्ज़ ने आपातकालीन सरकार से इस्तीफा दिया
यरूशलम। इजरायल में युद्ध कैबिनेट के सदस्य बेनी गैंट्ज़ ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आपातकालीन सरकार से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि गाजा संघर्ष से निपटने के लिए आपातकालीन सरकार को छोड़ने का फैसला किया है। श्री गैंट्ज़ ने रविवार को एक टेलीविज़न संबोधन में कहा, नेतन्याहू हमें सच्ची जीत की ओर बढ़ने से रोक रहे हैं। यही कारण है कि हम भारी मन से लेकिन पूरे आत्मविश्वास के साथ आज आपातकालीन सरकार छोड़ रहे हैं। उन्होंने श्री नेतन्याहू से शीघ्र चुनाव की तारीख तय करने का भी आह्वान किया। श्री गैंट्ज ने मई के मध्य में कहा कि अगर आठ जून तक गाजा पट्टी में सैन्य अभियान की नई योजना नहीं अपनाई गई तो वह आपातकालीन सरकार से इस्तीफा दे देंगे।
क्रू ने चुनाव में अपनी पार्टी की हार स्वीकारी
ब्रुसेल्स । बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने कहा कि उनकी ओपन फ्लेमिश लिबरल और डेमोक्रेट पार्टी संघीय और क्षेत्रीय संसद का चुनाव हार गई है और उन्होंने जल्द से जल्द नयी सरकार बनाने का आह्वान किया है।
श्री क्रू ने रविवार को ब्रुसेल्स में एक सम्मेलन में कहा यह हमारे लिए बेहद कठिन शाम है। हम ये चुनाव हार गए हैं। यह वह परिणाम नहीं है जिसकी हमें उम्मीद थी। मैं इसके लिए जिम्मेदार हूं। जब तक मेरा उत्तराधिकारी नियुक्त नहीं हो जाता मैं समसामयिक मामलों पर ध्यान केंद्रित करूंगा। मुझे यकीन है कि जितनी जल्दी हो सके हमें एक नए सरकार की जरूरत है।
पार्टी नेता टॉम ओन्गेना ने कहा कि ओपन वीएलडी पार्टी की भविष्य की सरकार के गठन में भाग लेने की योजना नहीं है और वह विपक्ष में बैठेगी। फ्लेमिश राष्ट्रवादी पार्टी व्लाम्स बेलांग और न्यू फ्लेमिश एलायंस बेल्जियम संघीय संसद के चुनाव में आगे चल रहे हैं और 150 सीटों वाली संसद में उन्हें क्रमशः 20 और 24 सीटें मिलेंगी। ओपन वीएलडी को केवल सात सीटें मिलेंगी।
हंगरी में सत्तारूढ़ गठबंधन ने चुनावों में जीत हासिल की
बुडापेस्ट । हंगरी में सत्तारूढ़ गठबंधन फ़िडेज़-क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पीपुल्स पार्टी ने यूरोपीय संसद और स्थानीय चुनावों में जीत हासिल की है। प्रधानमंत्री विक्टर ओर्बन ने अभियान मुख्यालय में बोलते हुए कहा, आज हमने बुडापेस्ट और हंगरी में चुनाव कराए और दोनों में जीत हासिल की। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव नतीजे यूरोपीय संसद को दिखाते हैं कि हंगरी के नागरिक शांति चाहते हैं।
हैती के प्रधानमंत्री कॉनिल की हालत स्थिर
पोर्ट-औ-प्रिंस । अस्थमा के दौरे के बाद अस्पताल में भर्ती हैती के प्रधानमंत्री गैरी कॉनिल की हालत स्थिर है। यह जानकारी उनके कार्यालय ने रविवार को दी। एजेंसी फ्रांस-प्रेसे ने रविवार को बताया कि अस्थमा के दौरे के बाद श्री कॉनिल को अस्पताल में भर्ती किया गया था। एजेंसी ने बताया कि प्रधानमंत्री को इलाज के लिए विदेश ले जाया जा सकता है।
मोदी 3.0 कैबिनेट की पहली बैठक सोमवार शाम 5 बजे
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री आवास पर सोमवार शाम पांच बजे मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। मोदी कैबिनेट की खासियत ये है कि इस कैबिनेट में तीन पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर और एचडी कुमारस्वामी शामिल हैं।
साथ ही इस मंत्रीपरिषद में पांच महिला मंत्री शामिल हैं, जिनमें निर्मला सीतारमण, अन्नपूर्णा देवी, शोभा करांदलाजे, रक्षा खड़से, सावित्री ठाकुर, निमुबेन बंभानिया और अपना दल सोनेलाल की सांसद अनुप्रिया पटेल शामिल हैं। वहीं इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह से मुलाकात की। अमित शाह के बाद योगी आदित्यनाथ ने राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।
तीसरे कार्यकाल की शुरुआत किसानों के उद्धार के साथ...
पीएम मोदी ने पास की किसान सम्मान निधि की फाइल
नई दिल्ली। रविवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सोमवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साउथ ब्लॉक पहुंचे। साउथ ब्लॉक पहुंचे ही तीसरे कार्यकाल का पीएम मोदी ने धमाकेदार आगाज किया। दरअसल तीसरे कार्यकाल के अपने पहले फैसले में पीएम मोदी ने किसान निधि के 20 हजार करोड़ रुपये जारी किए। इससे देश के 9.3 करोड़ किसानों को फायदा होगा। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले दिनों में उनकी सरकार किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए और काम करेगी। आज मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली कैबिनेट बैठक भी होनी है। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में भी सरकार कुछ बड़े फैसले ले सकती है। कैबिनेट बैठक से पहले सरकार सभी मंत्रियों को उनके मंत्रालयों का बंटवारा कर सकती है।
पीएम मोदी समेत 72 मंत्रियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
रविवार शाम को ही प्रधानमंत्री मोदी समेत 72 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार में 30 कैबिनेट मंत्रियों, पांच राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्यमंत्रियों मंत्रीपरिषद में शामिल हुए। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल की कैबिनेट का हिस्सा रहे राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर ने तीसरे कार्यकाल में भी बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली। पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऐसे दूसरे राजनेता बन गए हैं, जिन्होंने लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विभिन्न राजनेता, फिल्म जगत से जुड़े लोग, उद्योगपति भी मौजूद रहे।
जल जीवन मिशन में प्रतिदिन के कार्यों का हो निर्धारण, हर घर में नल से पहुंचेगा भरपूर जल : मुख्यमंत्री
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों को नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार का लक्ष्य है। इसके लिए प्रतिदिन के कार्याें का निर्धारण करते हुए अधिक से अधिक घरेलू नल कनेक्शन प्रदान करने की गति को बढ़ाया जाए ताकि राजस्थान जल जीवन मिशन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके।
श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय जल जीवन मिशन में अनियमितता हुई है। जिससे इस योजना को लेकर आमजन के बीच भ्रांतियां बन गई हैं। इसके लिए दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लिए विशेष रणनीति बनाकर कार्य पूरे किए जाएं।
जेजेएम में पानी के स्रोत का निर्धारण महत्वपूर्ण—
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में आगे किए जाने वाले कार्यों में पानी का स्रोत पहले पता किया जाए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि पानी के स्रोत की व्यवस्था किस प्रकार की जाती है। इसलिए ईआरसीपी, ताजेवाला हैड, आईजीएनपी या भूजल आदि पर ध्यान केन्द्रित करते हुए पानी के स्रोत का निर्धारण किया जाए। साथ ही, पुराने कार्यों की समीक्षा की जाए और गड़बड़ी वाले कार्यों को चिन्हित करते हुए सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी की टंकियों में वाटर सप्लाई की स्थिति की सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाए। पाइपलाइनों की गुणवत्ता व गहराई तथा ट्यूबवेल्स में विद्युत कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में खोदी गई सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
पाइप पॉलिसी, ओएंडएम पॉलिसी एवं बीएसआर-2024 पॉलिसी 20 जून तक करें तैयार—
श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि पाइप पॉलिसी, ओएंडएम पॉलिसी 20 जून तक तैयार कर ली जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि बीएसआर में भी आवश्यकता के अनुरूप परिवर्तन कर संशोधित पॉलिसी जारी की जाए। टेण्डर प्रक्रिया में पूर्ण रूप से पारदर्शिता एवं अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने काम की गुणवत्ता के आधार पर संवेदकों को नियमित रूप से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य सरकार जेजेएम के लिए हर संभव संसाधन करवाएगी उपलब्ध—
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के लिए राज्य सरकार हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक है। उन्होंने मानव संसाधन एवं वित्तीय प्रावधानों को लेकर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही, वृहद् परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने 19 हजार 152 करोड़ रुपए की लागत की निविदाओं की कार्यवाही को आगामी दिनों मंे पूरा करते हुए इनके वर्क-ऑर्डर जारी करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने 26 हजार 819 करोड़ रुपए के 18 पैकेजेज के संबंध में निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
श्री शर्मा ने कहा कि इसी माह में वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता के लिए HUDCO तथा REC के माध्यम से ऋण की व्यवस्था की जाए। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 7 जून तक 1 हजार 355 करोड़ रुपए का व्यय जल जीवन मिशन में किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने जारी नल कनेक्शन के प्रमाणन की प्रक्रिया को तेज करने एवं जल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने शिकायतों के समाधान के लिए सुदृढ़ प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोलर एनर्जी आधारित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का अधिक उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का एलान
10 जुलाई को मतदान और 13 को आएंगे नतीजे
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की चार सीटों सहित सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। उपचुनाव मौजूदा सदस्यों की मृत्यु या इस्तीफे के कारण रिक्त सीटों पर कराए जाएंगे।
इन सीटों पर कराए जाएंगे उपचुनाव
जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें बिहार की रूपौली, पश्चिम बंगाल की रायगंज, रानाघाट दक्षिण, बागदा और मानिकतला, तमिलनाडु की विक्रवंडी,मध्यप्रदेश की अमरवाड़ा, उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर, पंजाब की जालंधर पश्चिम और हिमाचल प्रदेश की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ शामिल हैं।
चुनाव का पूरा कार्यक्रम
चुनाव की अधिसूचना 14 जून को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है। नामांकन की जांच 24 जून को होगी और नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है। उपचुनाव 10 जुलाई को होंगे और मतों की गिनती 13 जुलाई को होगी। चुनाव आयोग ने कहा कि उपचुनाव 15 जुलाई से पहले पूरे होने हैं।
मोदी कैबिनेट की आज हो सकती है पहली बैठक
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। पीएम मोदी के अलावा 30 कैबिनेट मंत्री, 5 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 36 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। पीएम मोदी की कैबिनेट में 33 नए चेहरों को मौका दिया गया है। इनमें से 11 गैर भाजपाई भी हैं। आज मोदी कैबिनेट की पहली बैठक सोमवार शाम 5 बजे होगी।
बाइक को ठोकते हुए पेड़ से टकराई बोलेरो, 3 महिलाओं समेत 5 की मौत...
अमेठी। यूपी के अमेठी में भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार बोलेरो बाइक को टक्कर मारने के बाद पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से स्थानीय सीएचसी, जिला अस्पताल और सुल्तानपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
पूरा मामला मुंशीगंज थाना क्षेत्र के जामो भादर चौराहे का है। जहां सुल्तानपुर जिले के इस्लामगंज गांव का रहने वाला अकबर बोलेरो से परिजनों को लेकर मुंशीगंज थाना क्षेत्र के धरई माफी एक मिट्टी में शामिल होने जा रहा था। बोलेरो अभी जामो भादर चौराहे के पास पहुंची ही थी कि जामो की तरफ से आ रही बाइक से टकराने के बाद पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दुर्गेश उपाध्याय पुत्र राम इकबाल और बहन वंदना की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार वर्षीय भांजा रुद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बोलेरो सवार महिला शाहनूर (40) पत्नी जागीर खान, शबनम (35) पत्नी दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर निजी साधनों और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और भेटुआ सीएचसी पहुंचाया। भेटुआ सीएचसी से रुद्र (04) पुत्र संतोष पाठक, अयान (11) पुत्र दिलशाद, अरशद पुत्र अकबर, अकबर (40) पुत्र बरकत और अरमान (10) पुत्र रफीक को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया जहां रुद्र की मौत हो गई।
बहन और भांजे को घर ले जा रहा था बाइक सवार
पीपरपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर भावापुर गांव का रहने वाला मृतक दुर्गेश उपाध्याय अपनी बहन वंदना और भांजे रुद्र को बाइक से मुंशीगंज थाना क्षेत्र के अरुण पाठक का पुरवा गांव से अपने घर ले जा रहा था। दुर्गेश अभी जामो भादर चौराहे पर पहुंचा ही था कि सुल्तानपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी जिसमें तीनों की ही मौत हो गई।
रूस की नदी में डूबे 4 भारतीय छात्रों के शव बरामद
मुंबई लाई जा रहीं डेड बॉडी
जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले चार छात्र रूस के एक विश्वविद्यालय में पढ़ रहे थे। ये सभी छात्र वोल्खोव नदी के किनारे टहलने निकले थे। उसी दौरान परिजनों को वीडियो कॉल करते हुए छात्र पानी में घुसने लगे। इसी बीच एक तेज लहर आई, जिसमें सभी बह गए। अब चारों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जिन्हें अब भारत लाने की तैयारी है।
रूस के अधिकारियों ने वोल्खोव नदी में डूबे सभी चार भारतीय छात्रों के शव बरामद कर लिए हैं। महाराष्ट्र सरकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने कहा कि 4 जून को रूस में एक नदी में चार छात्र डूब गए थे। घटना के दो दिन बाद दो छात्रों के शव मिले थे। रूसी अधिकारियों ने कहा कि आज सुबह दो और शव बरामद किए गए हैं।
नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ जूनियर पावर लिफ्टर्स से मुख्यमंत्री की मुलाकात
नई दिल्ली। नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेशनल जूनियर और सब जूनियर प्रतियोगिताओं में भाग लेने आए छत्तीसगढ़ के 32 पावर लिफ्टर खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और राज्य सरकार से मिल रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
ऐतिहासिक नरेन्द्र मोदी ने ली लगतार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ : जैनेन्द्र कटरे
बालाघाट।राजनीति में निरंतरता बनी रहना बहुत बड़ी बात है। वह संभव है सेवा समर्पण विकास और जनकल्याण के भाव से। इस संकल्प को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हू-ब-हू चरितार्थ किया। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर लगातार चार बार शपथ ली। वहीं अब नरेन्द्र मोदी ने निरंतर देश के प्रधानमंत्री के पद की शपथ ग्रहण की। जो नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली और जनता जनार्दन के उनके प्रति आशीर्वाद को दर्शाता है। निश्चित यह उत्तरदायित्व राजनीति के क्षेत्र में कार्य करने वाले असंख्य लोगों के लिए एक मार्गदर्शी है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी ने एक जन सेवक की भूमिका को देश के सामने बखूबी रखा है। यह बात कहते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष जैनेन्द्र कटरे ने कहा कि, ऐसा पल देश में बहुत कम दिखाई पड़ता है।
अभूतपूर्व क्षण, अद्भुत सेवाकाल
1962 के बाद ऐतिहासिक नरेन्द्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के पद की शपथ ली। उन्हें देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई। इस अभूतपूर्व क्षण, अद्भुत सेवाकाल और अनुकरणीय कार्य के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक शुभकामनाएं। आगे जैनेन्द्र कटरे ने कहा इस उपलब्धि के लिए जनता जनार्दन और भाजपा की कार्यकर्ताओं का जितना भी आभार जाता है उतना ही काम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की केंद्र सरकार बनने पर देशवासियों का आत्मीय अभिनंदन।
केन्द्र सरकार में भागीदारी
जैनेन्द्र कटरे ने कहा हमें आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि देश की नवनिर्मित एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास अर्जित करेगी। इसी के साथ मध्यप्रदेश से शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डां वीरेंद्र कुमार खटीक, दुर्गा प्रसाद उइके और श्रीमती सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री परिषद में शामिल होकर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया। इनकी केन्द्र सरकार में भागीदारी से प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण में नई इबारत लिखी जाएगी।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पूर्वोत्तर में भी होगी झमाझम
नई दिल्ली। मानसून मुंबई में प्रवेश कर गया है और अब यह तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। मुंबई में कई हिस्सों में भारी बारिश देखने को मिल रही है।
साथ ही महाराष्ट्र के कई जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश जारी है। आगामी दिनों में मानसून उत्तरी राज्यों में भी प्रवेश कर जाएगा। हालांकि मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। साथ ही गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक पर अगले दो दिन तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के साथ केरल में तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में कुछ स्थानों पर बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 और 13 जून को भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। साथ ही त्रिपुरा और मिजोरम में भारी बारिश होगी। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का भी अनुमान है।
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, दक्षिण बिहार, उत्तरी झारखंड में अगले पांच दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है।
वहीं यह हीट वेव कंडीशन 11 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में सीवियर हीट वेव कंडीशन में बदल सकती हैं। मौसम विभाग ने इन स्थानों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिहार, उत्तरी झारखंड में सहित मध्यप्रदेश के बालाघाट, छिंदवाड़ा में भी लू चलने की संभावना जताई है।
नेमावर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर का किया जाएगा जिर्णोद्धार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास जिले में लगभग 05 करोड़ 65 लाख रुपए की राशि से लगभग 3078 जल संरचनाओं के जीर्णोद्वार के कार्य किए जा रहे हैं। इनमें नगरीय क्षेत्र में लगभग 01 करोड़ 78 लाख की राशि से 650 संचनाओं पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही लगभग 01 करोड़ 68 रुपए की राशि से लगभग 2400 से अधिक जल संरचनाओं का गहरीकरण व साफ-सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में 196 पुराने तालाब, 105 स्टॉप डेम 172 कुएं-बावड़ियों व अन्य जल स्त्रोतों पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास जिले में रूफ हॉर्वेस्टिंग सिस्टम से लगभग 250 स्थानों पर बारिश के पानी के संग्रहण के लिए कार्य किया जा रहे हैं। नर्मदा नदी के साथ ही क्षिप्रा, कालीसिंध सहित अन्य नदियों को शुद्ध बनाने का कार्य इस अभियान के माध्यम से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नेमावर का यह नर्मदा नदी का घाट बहुत पवित्र है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां पर सभी तीज त्योहार मनाने का महत्व हैं। जो कि हम ऋतुओं के हिसाब से मनाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेमावर स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक आशीष शर्मा की मांग पर ग्राम तुरनाल में हंडिया बैराज डेम बनने से डूब क्षेत्र में आने वाले पांच लड्डू मन्दिर स्थल (जहाँ भगवान परशुराम ने माता-पिता के पिंडदान किया) के संरक्षण के लिए आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पांच लड्डू मन्दिर स्थल को विकसित कर अद्भूत बनाया जाएगा। उद्योग भी लगाए जाएंगे। प्रदेश में गौशालाओं को विकसित करने के लिए भी राशि दी जाएगी।
ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री एलेक्जेंडर शालेनबर्ग ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया
रूस के दो दिवसीय दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब अपने एक दिवसीय दौरे के लिए ऑस्ट्रिया पहुंच गए। एयरपोर्ट पर ऑस्ट्रिया के विदेश मंत्री एलेक्जेंडर शालेनबर्ग ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होटल रिट्ज-कार्लटन पहुंचे। वहां ऑस्ट्रियाई कलाकारों ने उनका स्वागत करते हुए 'वंदे मातरम' गाया। पीएम मोदी के सामने वंदे मातरम गाने वाले कलाकारों ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने इसे एक अभूतपूर्व अनुभव और एक बड़ा सम्मान बताया। पीएम मोदी ने भी इस प्रदर्शन का वीडियो साझा किया।
कलाकारों ने साझा किया अनुभव
पीएम मोदी के सामने वंदे मातरम गाने वाले ऑस्ट्रियाई कलाकार इब्राहिम ने इस खास मौके पर अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, पिछले कुछ दिनों से ऑर्केस्ट्रा इस प्रदर्शन की तैयारी कर रहा था। यह ऑस्ट्रिया और ऑस्क्रेट्रा के लिए सम्मान की बात है।
मीडिया से बात करते हुए इब्राहिम ने कहा, "एक अभूतपूर्व अनुभव और हमारे लिए एक बड़ा सम्मान था। मैंने काफी तैयारी की। पिछले कुछ दिनों से हम ऑस्केस्ट्रा के साथ तैयारी कर रहे थे। घर पर भी, दरअसल, मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देना था। यह ऑस्ट्रिया के लिए, हमारे लिए और ऑस्केस्ट्रा के लिए बड़ा अवसर था। पीएम मोदी के साथ बातचीत पर उन्होंने कहा, यह अद्भूत था। आप देख सकते हैं कि उन्हें वास्तव में लोगों की फिक्र है। मैंने उस भावना को महसूस किया।"
ईकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध
रक्षा मंत्रालय सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि मंत्रालय रक्षा उत्पादन में और सुधार करने और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए उद्योग 4.0/क्यूए 4.0 को लागू करके ईकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। वह 9 जुलाई, 2024 को सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) के सहयोग से गुणवत्ता आश्वासन महानिदेशालय (डीजीक्यूए) द्वारा गुणवत्ता सुधार पर वर्चुअली आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार में मुख्य भाषण दे रहे थे। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के महत्व को रेखांकित किया। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की आवश्यकता और इस दृष्टिकोण को साकार करने में सभी हितधारकों, विशेष रूप से घरेलू रक्षा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।
सेमिनार में 250 से अधिक रक्षा उद्योगों के प्रतिनिधियों, एसआईडीएम, फिक्की, एसोचैम, पीएचडी सीसीआई, सेवा मुख्यालय, डीपीएसयू के सीएमडी, सरकारी क्यूए एजेंसियों, स्टार्ट-अप और रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, डीजीक्यूए के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल आर एस रीन ने व्यापार करने में आसानी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए डीजीक्यूए द्वारा किए गए विभिन्न गुणवत्ता पहल और सुधारों पर प्रकाश डाला। एसआईडीएम के अध्यक्ष श्री राजिंदर सिंह भाटिया ने चल रहे सुधारों और आवश्यकता पर एक सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए उद्योग के परिप्रेक्ष्य को साझा किया।
स्वदेशी रक्षा विनिर्माण क्षेत्र के प्रतिष्ठित वक्ता, श्री अरुण रामचंदानी, एलएंडटी प्रिसिजन इंजीनियरिंग, श्री एन रवीस्वरन, सीईओ, एएंडडी स्ट्रैटेजिक बिजनेस, महिंद्रा डिफेंस, श्री नीरज गुप्ता, एमडी, एमकेयू लिमिटेड और सुश्री वृंदा कपूर, सीईओ थर्ड आईटेक, डॉ. बिग बैंग बूम सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के आर शिवरामन ने गुणवत्ता आश्वासन पर उद्योग के परिप्रेक्ष्य को सामने रखा और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी विनिर्माण को सुविधाजनक बनाने और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।
सेमिनार का समापन रक्षा क्षेत्र में व्यापार करने में आसानी की सुविधा के लिए स्वदेशी रक्षा निर्माताओं, सरकारी क्यूए एजेंसियों और अन्य हितधारकों के बीच नियमित रूप से ऐसी बातचीत करने के निर्णय के साथ हुआ।