देश-विदेश
MP-UP और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और उत्तराखंड सहित देश के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार (10 जुलाई) को भी यहां तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। देहरादून की स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। एमपी के 36 और राजस्थान के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है। दिल्ली में अगले पांच दिन बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना है। जानें किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम?
देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा भी बना हुआ है। दिल्ली-NCR से लेकर एमपी, यूपी और उत्तराखंड तक लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
दिल्ली में कल से होगी तेज बारिश
स्काइमेट वेदर के अनुसार, दिल्ली में अब तक मॉनसून की बारिश बहुत छिटपुट रही है। लेकिन 11 जुलाई से तेज बारिश का अनुमान है। खासतौर पर 13 जुलाई की रात से लेकर 14 जुलाई की सुबह तक यहां भारी वर्षा हो सकती है। नजफगढ़ में बुधवार को 100 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
उत्तर प्रदेश: कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। जबकि, पूर्वांचल के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। IMD ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, सहारनपुर में भारी बारिश की संभावना जताई है। जबकि, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, मेरठ, नोएडा, मथुरा, अलीगढ़ सहित कुछ जिलों में गरज चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है।
उत्तराखंड में येलो अलर्ट, स्कूलों में अवकाश घोषित
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 जुलाई तक पूरे राज्य में रुक-रुक कर तेज बारिश होगी। देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिले में स्थिति चिंताजनक है। देहरादून में 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने को कहा गया है।
पांच देशों की सफल यात्रा के बाद स्वदेश लौटे मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की आठ दिन की यात्रा संपन्न होने के बाद गुरुवार सुबह स्वदेश लौट आए। प्रधानमंत्री दो जुलाई को घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर रवाना हुए थे।
यात्रा के अंतिम चरण में वह बुधवार को नामीबिया पहुंचे थे जहां उन्होंने नामीबियाई राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर बातचीत की। श्री मोदी ने नामीबिया की संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित किया।
इससे पहले ब्राजील में उन्होंने 17 वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लिया और सदस्य देशों के सामने विभिन्न विषयों पर भारत का दृष्टिकोण स्पष्ट किया।
नामीबिया ने पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च सम्मान से किया सम्मानित
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के विदेश दौरे पर हैं। वह अंतिम पड़ाव में नामीबिया की राजधानी विंडहोक पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। पीएम मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्शिया मिराबिलिस' से सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड 1990 में नामीबिया की स्वतंत्रता के तुरंत बाद 1995 में स्थापित किया गया था, ताकि विशिष्ट सेवा और नेतृत्व को मान्यता दी जा सके।
नामीबिया में पाए जाने वाले एक अनोखे और प्राचीन रेगिस्तानी पौधे वेल्वित्शिया मिराबिलिस के नाम पर यह पुरस्कार नामीबियाई लोगों के लचीलेपन, दीर्घायु और स्थायी भावना का प्रतीक है। यह प्रधानमंत्री मोदी का 27वां और इस दौरे का चौथा अवॉर्ड है। नामीबिया के सर्वोच्च सम्मान से पहले पीएम मोदी को विंडहोक में 21 तोपों की सलामी दी गई थी।
विंडहोक स्थित होसे कुटाको इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य पारंपरिक स्वागत किया गया, जहां नामीबिया की इंटरनेशनल रिलेशंस एंड कोऑपरेशन मिनिस्टर सेल्मा अशीपाला-मुसावी ने उनका वेलकम किया। यह प्रधानमंत्री मोदी की नामीबिया की पहली यात्रा है और पिछले 27 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह तीसरी यात्रा है। पीएम मोदी ने देश के संस्थापक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सैम नुजोमा को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
एक दिन पहले पीएम मोदी को ब्राजील में भी सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया था। ब्राजील ने मंगलवार को पीएम मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपने सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' से सम्मानित किया था।
इससे पहले त्रिनिदाद और टोबैगो ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया था। पीएम मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो के ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने वाले पहले विदेशी नेता बन गए। घाना में उन्हें ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ सम्मान से सम्मानित किया गया था।
बंगलूरू में ईडी की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस विधायक सुब्बा रेड्डी के ठिकानों पर छापेमारी
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बंगलूरू में तीन बार के कांग्रेस विधायक एसएन सुब्बा रेड्डी के आवास और संपत्तियों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई सुब्बा रेड्डी और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कथित रूप से विदेशी संपत्तियों को छुपाने के आरोपों से जुड़ी हुई है। सूत्रों के अनुसार ये छापामारी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम की धारा 37 के तहत की जा रही है। ईडी की कम से कम पांच स्थानों पर छापेमारी जारी है।
ईडी को विधायक के खिलाफ विदेशी बैंक खातों में जमा राशि और मलेशिया, हांगकांग, जर्मनी और अन्य देशों में अचल संपत्तियों की खरीद को लेकर शिकायतें मिली थीं। ईडी की टीमें उनके निवास और व्यावसायिक संस्थानों पर तलाशी और जब्ती अभियान चला रही हैं। सूत्रों ने यह भी पुष्टि की है कि विधायक रेड्डी के प्रमुख सहयोगियों और नजदीकी रिश्तेदारों की संपत्तियों और आवासों पर भी छापे मारे जा रहे हैं।
विधायक सुब्बा रेड्डी कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले की बगेपल्ली विधानसभा सीट का विधायक हैं। इससे पहले 25 जून को ईडी ने कर्नाटक में बंगलूरू समेत लगभग 18 स्थानों पर इंजीनियरिंग सीट घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत छापेमारी की थी। यह कार्रवाई बेंगलुरु के इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्रों की सीटों को अवैध तरीके से रोकने से जुड़ी थी।
ईडी की कार्रवाई खासतौर पर बीएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज, आकाश इंजीनियरिंग संस्थान और अन्य संबंधित आरोपियों पर केंद्रित थी। यह मामला 2024-25 शैक्षणिक वर्ष के दौरान हुए इंजीनियरिंग सीट घोटाले से जुड़ा है, जिसमें 2,000 से अधिक सीटों को अवैध रूप से ब्लॉक किया गया था।
11 जून को ईडी ने बेल्लारी जिला और बंगलूरू में महार्षि वाल्मीकि आदिवासी कल्याण बोर्ड घोटाले से जुड़े कांग्रेस नेताओं और अन्य व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कांग्रेस सांसद ई. तुकाराम और कांग्रेस विधायक ना. रा. भरत रेड्डी, जे. एन. गणेश उर्फ कम्पली गणेश और एन. टी. श्रीनिवास के निवासों और कार्यालयों पर कार्रवाई की गई थी।
पीएम मोदी ने राजनाथ सिंह को दी जन्मदिन की बधाई
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि देश के रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने का उनका प्रयास सराहनीय है। उन्होंने अपने परिश्रमी स्वभाव और बुद्धिमत्ता से अपनी अलग पहचान बनाई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने अपनी मेहनती प्रकृति और बुद्धिमत्ता से अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और हमारे सशस्त्र बलों को मज़बूत करने के उनके प्रयास सराहनीय हैं। मैं उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।
जो स्थान शरीर में प्राण का होता है, वही स्थान राष्ट्र में विराट का है: चंद्राकर
मैनपाट । सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय दिवस पर प्रात:कालीन योग सत्र में सम्मिलित होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रहित में किए गए संघर्षों एवं उनके आदर्शों पर भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक श्री अजय चंद्राकर ने विचार प्रस्तुत किए। चंद्राकर ने कहा जो स्थान शरीर में प्राण का होता है, वही स्थान राष्ट्र में विराट का है। उपाध्याय जी ने इस विराट की चेतना के लिए अपने सम्पूर्ण जीवन को समर्पित कर दिया।
आज आवश्यकता है कि हम सभी, इस महान संगठन के माध्यम से, राष्ट्र के विराट के लिए अपने जीवन को समर्पित करें। उन्होंने कहा आज जब देश लोकतंत्र के नए युग की ओर अग्रसर है, तब यह आवश्यक हो गया है कि राजनीति राष्ट्र सेवा का प्रतिबिंब बने।
इसी चिंतन को अपने जीवन में उतारने वाले महान राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को एक नई वैचारिक दिशा प्रदान की। उन्होंने राष्ट्र प्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सुशासन के लिए “पंच निष्ठा” का सिद्धांत दिया जो आज भी प्रत्येक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक संगठन के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में खड़ा है।
भारी बारिश ने उत्तराखंड में ढाया कहर, भूस्खलन के कारण रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ मार्ग हुआ बाधित
नई दिल्ली। मॉनसून के आने के साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों में जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश ने कहर ढाया हुआ है। इस बीच उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण एक बड़े भूस्खलन ने रुद्रप्रयाग-बद्रीनाथ मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है। इस कारण कई यात्री वहां फंसे हुए हैं। ऋषिकेश जा रहे एक यात्री दिलप्रीत ने बताया कि वह चार घंटे से ज्यादा समय तक सड़क पर फंसे रहे। उन्होंने मीडिया को बताया, "हम ऋषिकेश जा रहे थे, उसी दौरान भूस्खलन हुआ। मलबे और पत्थरों ने रास्ता रोक दिया है। क्रेनें रास्ता साफ करने का काम कर रही हैं।" बता दें कि अधिकारियों ने मलबा हटाने और सामान्य यातायात बहाल करने के लिए भारी मशीनरी तैनात की है। सड़क को फिर से खोलने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को चमोली जिले के नंदप्रयाग घाट के मुख गांव के पास बादल फटने की सूचना मिली थी। राज्य आपदा रेस्क्यू बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए एसडीआरएफ की एक टीम मौके पर भेजी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों तक उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया है। निवासियों और तीर्थयात्रियों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। वहीं इससे पहले गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर दूर छोड़ी गधेरे के पास भूस्खलन से पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने के बाद रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम यात्रा कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई थी। सुरक्षा उपाय लागू करने और मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी गई थी।
इससे पहले 22 जून को उत्तराखंड में यमुनोत्री मंदिर के पैदल रास्ते पर भूस्खलन हुआ था। इस दौरान दो श्रद्धालु लापता हो गए थे, जिसके बाद प्रशासन द्वारा अभियान चलाया गया था। बता दें कि नौ कैंची भैरव मंदिर के पास सोमवार शाम पहाड़ी से हुए भूस्खलन से प्रभावित पांच श्रद्धालुओं में से दो नई दिल्ली के कृष्णा विहार की रहने वाली भाविका शर्मा (11) और मुंबई के कमलेश जेठवा अब भी लापता हैं। दो मृतकों के क्षत विक्षत शव मलबे से उसी रात बरामद हो गए थे, जबकि मुंबई के रहने वाले एक अन्य श्रद्धालु 60 वर्षीय रसिक भाई को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया था। पहाड़ी से हुए भूस्खलन के मलबे और बोल्डरों की चपेट में आकर श्रद्धालु खाई में गिर गए थे।
किसान की बेटी से चार लोगों ने किया दुष्कर्म
महाराष्ट्र । सांगली जिले में शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक किसान की नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर 4 लोगों ने दुष्कर्म किया है। इस घटना से आहत युवती ने आत्महत्या कर ली है। मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी 16 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ है। पिता के मुताबिक, युवती ने उनको घटना बताई और उसके बाद आत्महत्या कर ली। अब इस मामले में आटपाडी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और चौथा आरोपी अस्पताल में भर्ती है।
सांगली में कक्षा दसवीं में पढ़ने वाली लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पिता की तरफ से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि चार लोगों ने उनकी बेटी के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों ने उसका वीडियो बनाया और वीडियो ऑनलाइन पोस्ट करने की धमकी देकर यौन संबंध बनाने की मांग करने लगे।
नाबालिग लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने और मरने से पहले अपने पिता को सभी आरोपियों के नाम बताए। लड़की ने बीते रविवार शाम को अपने पिता को इस बारे में बताया। पिता ने उसे आश्वासन दिया कि सुबह वह इस बारे में कुछ करेंगे। पुलिस के दिए हुए बयान में पीड़िता के पिता ने कहा कि फिर उसके बाद लड़की अपनी छोटी बहन के साथ सोने के लिए अपने कमरे में चली गई, जबकि वह, उसकी पत्नी और मां बाहर सो रहे थे। शिकायत में कहा गया है कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे छोटी बेटी बाहर आई और उसे बताया कि उसकी बहन घर की एक दीवार पर लगे लोहे के एंगल से लटकी हुई है।
पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, और चौथे आरोपी की गांव के लोगों ने पिटाई की जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया और उन्हें 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
UAE ने शुरू की गोल्डन वीज़ा योजना, भारतीयों मिल सकता है यह फायदा
अबू धाबी/नई दिल्ली। विकास का इंजन बनने और तेल आधारित अर्थव्यवस्था से अपनी दूरी बनाने की योजना के तहत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने नए वीजा कार्यक्रम की जानकारी दी है। खाड़ी देश ने निवेशकों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, डॉक्टरों, एथलीटों और छात्रों के लिए 10 साल तक रहने देने की पेशकश करने के लिए अपने वीजा कार्यक्रम में बदलाव किया है। यूएई के अधिकारियों ने कहा कि यूएई का 'गोल्डन वीजा' कार्यक्रम प्रतिभाशाली और उच्च-निवल-संपत्ति वाले भारतीयों और अन्य राष्ट्रीयताओं को खाड़ी देश में लंबे समय तक रहने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विनियमित वीजा कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि आवेदकों को देश में काम करने वाले अन्य प्रवासियों के विपरीत, निवास के लिए किसी प्रायोजक की आवश्यकता नहीं होती है। सामरिक मामलों के विशेषज्ञों के अनुसार, यूएई उन भारतीयों के लिए पसंदीदा स्थान है जो बेहतर भविष्य की तलाश में हैं, और गोल्डन वीजा कार्यक्रम में यह प्रावधान उन लोगों के लिए मददगार होगा जो इस खाड़ी देश में दीर्घकालिक प्रवास की तलाश में हैं।
गोल्डन वीजा पहल को पिछले कुछ वर्षों में यूएई के वीज़ा कार्यक्रम में बदलाव के एक हिस्से के रूप में शुरू किया गया है। लगभग 3.5 मिलियन की संख्या वाला भारतीय प्रवासी समुदाय संयुक्त अरब अमीरात में सबसे बड़ा विदेशी समुदाय है, जो देश की जनसंख्या का लगभग 35 प्रतिशत है। नई दिल्ली और अबू धाबी द्वारा 2022 में एक महत्वाकांक्षी व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद द्विपक्षीय व्यापार और लोगों के बीच संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उपरोक्त अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत, यूएई सरकार व्यापार, विज्ञान, चिकित्सा, कला, संस्कृति, मीडिया और खेल जैसे क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए गोल्डन वीजा प्रदान करती है।
इस योजना के तहत, बिना किसी प्रायोजक की आवश्यकता के, पांच या दस वर्षों के लिए वैध दीर्घकालिक, नवीकरणीय निवास वीज़ा प्रदान किया जाएगा। वीज़ा धारकों को संयुक्त अरब अमीरात से बाहर छह महीने की सामान्य अवधि से अधिक समय तक रहने का विशेषाधिकार होगा। प्रावधानों के अनुसार, वीज़ा धारक अपने जीवनसाथी और बच्चों सहित अपने परिवार के सदस्यों को, चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो, प्रायोजित कर सकेंगे। यह योजना गोल्डन वीज़ा धारक के परिवार के सदस्यों को, गोल्डन वीज़ा के प्राथमिक धारक के निधन की स्थिति में, अनुमत अवधि तक देश में रहने की अनुमति भी देती है।
निवेशकों के लिए गोल्डन वीज़ा प्राप्त करने हेतु, यूएई-मान्यता प्राप्त निवेश कोष में 2 मिलियन एईडी (यूएई दिरहम) (लगभग 4.67 करोड़ रुपये) का निवेश प्राथमिक आवश्यकता होगी। वैकल्पिक रूप से, वैध वाणिज्यिक लाइसेंस या औद्योगिक लाइसेंस तथा एसोसिएशन का ज्ञापन प्रस्तुत करना, जिसमें यह उल्लेख हो कि निवेशक की पूंजी 2 मिलियन दिरहम से कम नहीं है, भी गोल्डन वीज़ा के लिए पात्रता प्रदान करेगा।
आवेदकों को संयुक्त अरब अमीरात के संघीय कर प्राधिकरण से एक पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि निवेशक प्रावधानों के अनुसार सरकार को प्रतिवर्ष AED 2,50,000 से कम का भुगतान नहीं करता है। प्रावधानों के अनुसार, किसी संपत्ति या संपत्ति के समूह के मालिकों को भी प्रायोजक के बिना पांच वर्ष की अवधि के लिए गोल्डन वीज़ा प्रदान किया जा सकता है, बशर्ते कि उनके पास अचल संपत्ति हो जिसका मूल्य 2 मिलियन दिरहम से कम न हो। छले कुछ वर्षों में भारत-यूएई द्विपक्षीय संबंधों में तेजी आई है। अगस्त 2015 में प्रधानमंत्री मोदी की संयुक्त अरब अमीरात की ऐतिहासिक यात्रा के बाद, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक पहुंच गए।
ब्राजील के बाद अपनी यात्रा के अंतिम चरण में नामीबिया पहुंचे पीएम मोदी
विंडहूक । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बहुप्रतीक्षित नामीबिया दौरे पर पहुंच चुके हैं। यह यात्रा भारत और नामीबिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की तीन दशकों में पहली आधिकारिक नामीबिया यात्रा है। नामीबिया में पीएम मोदी का पारंपरिक तरीके से शानदार स्वागत किया गया। इस दौरान नामीबिया के स्थानीय कलाकारों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने भी ड्रम बजाया।
इन मुद्दों पर होगी द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी और नामीबियाई राष्ट्रपति नेटुम्बो नांडी-एनडैटवाह के बीच वन-टू-वन संवाद और दोनों देशों के मंत्रियों की टीम स्तरीय चर्चा होगी। इन वार्ताओं में व्यापार, रक्षा, डिजिटल सहयोग और वैश्विक दक्षिण में साझेदारी जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श शामिल हैं।
संयुक्त समझौतों पर हस्ताक्षर
भारत और नामीबिया के बीच व्यापार, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, ICT और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में कुल छह महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। इनमें यूपीआई समेत खनिज और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग पर भी समझौते होंगे। भारत और नामीबिया डायमंड के प्रत्यक्ष आयात की दिशा में बातचीत कर रहे हैं, जिससे मध्यस्थों की भूमिका कम होगी। साथ ही यूरेनियम, कोबाल्ट और लैंथेनाइड्स जैसे महत्त्वपूर्ण खनिजों पर दीर्घकालिक समझौतों की संभावना जताई गई है।
पीएम मोदी ने नामीबिया पहुंचकर किया ट्वीट
नामीबिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "कुछ समय पहले विंडहूक में पहुंचा। नामीबिया एक मूल्यवान और विश्वसनीय अफ्रीकी साझेदार है, जिसके साथ हम द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना चाहते हैं। आज राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नांडी-एनडैटवाह से मिलने और नामीबियाई संसद को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं।
बिहार में हमारे वोटरों की चोरी कर रहा चुनाव आयोग: राहुल
पटना। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला है। पटना में इंडिया गठबंधन के चक्काजाम में प्रदर्शन करने पहुंचे राहुल गांधी ने अपना संबोधन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार चुनाव को महाराष्ट्र के तरह ही चोरी करने की कोशिश की जा रही है। गरीबों के हक को छीनने की साजिश रची जा रही है। लेकिन हमलोग ऐसा नहीं करने देंगे। हमलोग बिहार की जनता का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। इंडिया गठबंधन बिहार की जनता के साथ खड़ा है।
बिहार की जनता अपना हक छिनने नहीं देगी
राहुल कहा कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में इंडिया गठबंधन जीतकर आया, जबकि विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन बुरी तरह हार गया। उस समय हम लोगों ने कुछ नहीं कहा, लेकिन इस गंभीर विषय पर काम शुरू किया। हमने जांच की तो पता चला कि लोकसभा से ज्यादा वोटर विधानसभा चुनाव में मतदान किया। आश्चर्यजनक ढंग से एक करोड़ वोट बढ़ गए। एक दिन में चार से पांच हजार वोट रजिस्टर हुए। गरीबों के वोट काटे गए। जब हमने चुनाव आयोग से कहा कि आप हमें वोटर लिस्ट दीजिए, तब चुनाव आयोग ने एक शब्द नहीं कहा। हमने चुनाव आयोग से कहा कि कानून कहता है कि हमें वोटर लिस्ट दी जाए, लेकिन आज तक महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट हमें नहीं मिली। वे सच्चाई छिपाना चाहते हैं। यही खेल वे बिहार में भी करना चाहते हैं। मैं बिहार की जनता से कहता हूं कि जैसे महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था, वैसे ही बिहार चुनाव भी चोरी करने की कोशिश की जा रही है। यह गरीबों का वोट छीनने का तरीका है। उन्हें यह मालूम नहीं है कि यह बिहार है। बिहार की जनता अपना हक छिनने नहीं देगी। बिहार की जनता डरने वाली नहीं है।
चुनाव आयोग पर लगाया बड़ा आरोप
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा और आरएसएस के एजेंट की तरह बात कर रहे हैं। वे अपनी जिम्मेदारी भूल गए हैं। उनका काम संविधान की रक्षा करना है। आप यह मत भूलिए कि कानून आपके ऊपर लागू होगा। कानून आपको नहीं छोड़ने वाला है। आपका काम भारत के संविधान की रक्षा करना है। आपका काम बिहार की जनता के वोट की रक्षा करना है। पहले चुनाव आयुक्त को सभी पार्टियां और चीफ जस्टिस मिलकर चुनते थे, लेकिन अब केवल भाजपा ही चुनाव आयुक्त को चुनती है। यही सच्चाई है। बिहार की जनता से मैं कहना चाहता हूं कि आपका वोट ही नहीं, भविष्य भी चोरी किया जा रहा है। लेकिन, इंडिया गठबंधन आप सबके साथ खड़ा है। हम लोग वोट की चोरी नहीं होने देंगे।
राजस्थान में IAF का फाइटर जेट क्रैश, मलबे से दो शव बरामद...
चुरू । राजस्थान के चुरू में भारतीय वायु सेना का फाइटर जेट क्रैश हो गया है। सूत्रों के मुताबिक यह जगुआर फाइटर जेट है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है। मौके पर फाइटर जेट जैसा मलबा बिखरा पड़ा है।
चुरू एसपी जय यादव ने बताया कि राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाणूदा में प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है। मौके पर राजलदेसर पुलिस को भेजा गया हैं। मलबे के पास से बुरी तरह क्षत-विक्षत शव के टुकड़े मिले हैं।
क्या है जगुआर की खासियत
यह ब्रिटिश-फ्रेंच सुपरसोनिक जेट अटैक एयरक्राफ्ट है। यह ग्राउंड अटैक और एंटी शिप मिशन में प्रयोग होने वाला सटीक स्ट्राइक विमान है। 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ने भरने में सक्षम है। डेढ़ मिनट में 30 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंच सकता है। इसके साथ ही 600 मीटर के छोटे रनवे से भी टेकऑफ या लैंडिंग कर सकता है।
23 साल से फरार मोनिका कपूर का अमेरिका से प्रत्यर्पण
नई दिल्ली । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को करीब 23 साल पुराने मामले में फरार मोनिका कपूर को अमेरिका से भारत लाने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। सीबीआई टीम आयात-निर्यात घोटाले में आरोपी मोनिका को अमेरिका से भारत ला रही है। सीबीआई पिछले दो दशक से मोनिका कपूर की तलाश कर रही थी। इस प्रत्यर्पण के बाद अब उसकी तलाश भी खत्म हो गई है। सीबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, दो दशक लंबे प्रयास के बाद आयात-निर्यात घोटाले में वांछित आरोपी मोनिका कपूर को अमेरिका से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर लिया गया है।
जांच एजेंसी सीबीआई के मुताबिक, मोनिका ओवरसीज की मालकिन मोनिका कपूर ने अपने भाइयों राजन खन्ना और राजीव खन्ना के साथ मिलकर फर्जीवाड़े की प्लानिंग की थी। फर्जी शिपिंग बिल, चालान और बैंक प्रमाणपत्र बनाकर एक बड़ी आयात-निर्यात धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया। उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए 6 रिप्लेनिशमेंट लाइसेंस हासिल किए, जिससे उसे 2.36 करोड़ रुपए मूल्य के ड्यूटी-फ्री सोने को आयात करने की अनुमति मिली।
सीबीआई की प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि इन लाइसेंसों को प्रीमियम पर अहमदाबाद की एक फर्म 'दीप एक्सपोर्ट्स' को बेच दिया गया था। 'दीप एक्सपोर्ट्स' ने उनका इस्तेमाल कर ड्यूटी-फ्री गोल्ड मंगाया। इससे साल 1998 में सरकारी खजाने को 1.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सीबीआई ने इस मामले की जांच पूरी कर 31 मार्च 2004 को मोनिका कपूर, राजन खन्ना और राजीव खन्ना के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। इसके बाद साकेत कोर्ट ने 20 दिसंबर 2017 को राजन और राजीव खन्ना को दोषी ठहराया।
हालांकि, इस बीच मोनिका कपूर जांच और सुनवाई में शामिल नहीं हुईं। इसके चलते 13 फरवरी 2006 को अदालत ने मोनिका को भगोड़ा घोषित कर दिया। 26 अप्रैल 2010 को मोनिका के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट और इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।
सीबीआई के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2010 को अमेरिकी अधिकारियों से प्रत्यर्पण का अनुरोध किया गया। इसी तरह कई सालों तक अमेरिकी अधिकारियों के साथ कॉर्डिनेशन और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के बाद सीबीआई की एक टीम हाल ही में अमेरिका गई, जिसने मोनिका कपूर को हिरासत में लिया। फिलहाल सीबीआई की टीम मोनिका कपूर को लेकर भारत लौट रही है। सीबीआई ने कहा कि मोनिका कपूर को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा और उसके खिलाफ मुकदमा चलेगा।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीबीआई आर्थिक अपराधों के खिलाफ अपनी लड़ाई में प्रतिबद्ध है और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की परवाह किए बिना भगोड़ों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए सभी कानूनी रास्ते अपनाती रहेगी।
पटना की सड़कों पर उतरे राहुल गांधी और तेजस्वी यादव
पटना। बिहार में चुनाव आयोग के मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के प्रमुख नेता सड़कों पर उतरे। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी पटना पहुंचे और महागठबंधन की ओर से आयोजित विरोध मार्च में शामिल हुए। इस विरोध मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मतदाता पुनरीक्षण को लेकर विरोध जताया। पटना के इनकम टैक्स चौराहे से राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपांकर भट्टाचार्य एक गाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन करते चुनाव आयोग के ऑफिस के लिए निकले। पुलिस ने सभी नेताओं को सचिवालय थाने के बाद बैरिकेडिंग कर रोका। उन्हें यहां से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
यहीं से कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने लोगों को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा, मैं बिहार और हिंदुस्तान की जनता से स्पष्ट कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी से जीता गया था और वैसे ही बिहार में चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता है कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है, इसलिए वे बिहार मॉडल लाए हैं। ये गरीबों का वोट छीनने का तरीका है।
उन्होंने आगे कहा, उन्हें मालूम नहीं है कि यह बिहार है और बिहार की जनता यह होने नहीं देगी। हमारे लोग चुनाव आयोग से जाकर मिले थे। उन्होंने आकर बताया कि चुनाव आयोग भाजपा और आरएसएस नेताओं की तरह बात कर रहे हैं। वे भूल गए कि वे भाजपा के नेता नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि आपका काम संविधान की रक्षा करने का है। यह सही काम वे नहीं कर रहे हैं। यह वर्तमान की बात नहीं है, बिहार के लोगों के भविष्य की चोरी हो रही है। यहां के लोगों का हक और अधिकार की चोरी हो रही है। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि आप इसकी चोरी मत होने दीजिए, महागठबंधन आपके साथ खड़ा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मैं कहता हूं, आपको जो करना है करिए, लेकिन बाद में कानून आप पर हावी होगा।
राष्ट्रपति लूला ने प्रधानमंत्री मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च अवॉर्ड से किया सम्मानित
ब्रासीलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त ब्राजील दौरे पर हैं, जहां उन्हें सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया। ब्राजील ने मंगलवार को पीएम मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपने सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस' से सम्मानित किया। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी के लिए 26वां वैश्विक सम्मान था और 2 जुलाई से शुरू हुई उनकी पांच देशों की यात्रा का तीसरा सम्मान था।
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रासीलिया में भारत-ब्राजील संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा कि रियो और ब्रासीलिया में हमारे गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं मेरे मित्र राष्ट्रपति लुइज इंसियो लूला दा सिल्वा का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। अमेजन की प्राकृतिक सुंदरता और आपकी आत्मीयता दोनों ने हमें मंत्रमुग्ध कर दिया है। राष्ट्रपति द्वारा मुझे ब्राजील के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित किया जाना मेरे लिए ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों के लिए भी अत्यंत गर्व और भावुकता का पल है। मैं इसके लिए उनका, ब्राजील सरकार और ब्राजील के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज की चर्चाओं के दौरान हमने सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। हमने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 बिलियन डॉलर तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। फुटबॉल ब्राजील का जुनून है और क्रिकेट भारत के लोगों का जुनून। बॉल बाउंड्री के पार करें या गोल में डालें, जब दोनों एक ही टीम में हों तो 20 बिलियन की साझेदारी कठिन नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा सहयोग निरंतर बढ़ रहा है। पर्यावरण और क्लीन एनर्जी दोनों देशों की मुख्य प्राथमिकता है। इस क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आज जो समझौता किया गया है, उससे हमारे ग्रीन गोल को नई दिशा और गति मिलेगी। रक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। हम अपने रक्षा उद्योगों को आपस में जोड़ने के प्रयास जारी रखेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सुपर कंप्यूटर में हमारा सहयोग बढ़ रहा है। यह समावेशी विकास और मानव केंद्रित नवाचार की हमारी एक जैसी सोच का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष ब्राजील में यूपीआई को अपनाने में सहायता करने के लिए सहयोग कर रहे हैं। हमें डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता और अंतर्दृष्टि साझा करने में खुशी होगी। कृषि और पशुपालन क्षेत्र में हमारा सहयोग दशकों पुराना है। अब हम कृषि अनुसंधान एवं खाद्य प्रसंस्करण पर भी मिलकर काम करेंगे। आज जब विश्व तनाव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, भारत-ब्राजील की यह साझेदारी स्थिरता और संतुलन का एक अहम स्तंभ है। हम एकमत हैं कि सभी विवादों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर हमारी सोच समान है, शून्य सहिष्णुता और शून्य दोहरे मापदंड। हमारा स्पष्ट मत है कि आतंकवाद पर दोहरे मापदंडों का कोई स्थान नहीं है। हम आतंकवाद और आतंकवाद के समर्थकों का कठोर विरोध करते हैं।
विधायक की गाड़ी को बोलेरो ने मारी टक्कर, ड्राइवर हिरासत में...
सतना । एमपी के सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे पर एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई जब नरसिंहपुर जिले स्थित तेंदूखेड़ा से भाजपा विधायक विश्वनाथ सिंह की गाड़ी को पीछे से एक तेज़ रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसा लवडेल स्कूल के सामने उस वक्त हुआ जब विधायक प्रयागराज की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो तेज़ गति में थी और अनियंत्रित होकर विधायक की गाड़ी से पीछे से जा टकराई। गनीमत यह रही कि टक्कर इतनी तेज़ होने के बावजूद विधायक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गए। घटना में वाहन जरूर क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टक्कर महज एक हादसा था या लापरवाही का नतीजा। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रण में ले लिया। फिलहाल विधायक विश्वनाथ सिंह सुरक्षित हैं और घटना की पूछताछ होने तक उन्हें सतना सर्किट हाउस में ठहराया गया है।
त्रिपुरा में बाढ़ से भारी तबाही, 100 से ज्यादा परिवार हुए बेघर
त्रिपुरा । जिले में अचानक आई बाढ़ के कारण 100 से ज्यादा परिवार बेघर हो गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी कि लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।
प्रशासन के अनुसार बेलोनिया और शांतिरबाजार सबडिवीजन के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया। अब तक 118 परिवारों के 289 लोग 10 राहत शिविरों में शरण ले चुके हैं। वहीं मुहुरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान 15.70 मीटर से ऊपर बह रहा है।
बाढ़ के खतरे के मद्देनजर, जिले के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र आज बंद रहेंगे।
दक्षिण त्रिपुरा के जिलाधिकारी मोहम्मद सज्जाद ने बताया कि लगातार बारिश से निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। हालांकि बारिश की तीव्रता अब थोड़ी कम हुई है, फिर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की तैयारी कर ली गई है।
राहत और बचाव टीमें अलर्ट मोड पर
वहीं प्रभावित इलाकों में राहत और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात की गई हैं। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हालात की जानकारी ली और सभी प्रभावितों को तुरंत मदद देने के निर्देश दिए हैं।