सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, निवेशकों को झटका
मुंबई । मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह कारोबार के दौरान 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में सोना 2,094 रुपए यानी 1.50% टूटकर 1,37,166 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। दिन के कारोबार में सोना 1,36,684 के निचले और 1,38,450 के ऊपरी स्तर तक गया।
वहीं 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट में चांदी 9,837 रुपए यानी 4.37% गिरकर 2,15,330 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी का न्यूनतम स्तर 2,15,330 और उच्चतम स्तर 2,19,658 रुपए रहा।
कीमतों में इस गिरावट की प्रमुख वजह डॉलर की मजबूती मानी जा रही है। Dollar Index 0.51% बढ़कर 99.23 पर पहुंच गया, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बना। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना 1.67% गिरकर 4,356 डॉलर प्रति औंस और चांदी 3.78% टूटकर 66.73 डॉलर प्रति औंस पर रही।
पिछले एक सप्ताह में सोना 13% और एक महीने में 15% से ज्यादा गिर चुका है, जबकि चांदी में साप्ताहिक 16% और मासिक 24% की तेज गिरावट देखी गई है।