छत्तीसगढ़ / दुर्ग
अर्धसैनिक बल की टुकड़ी के साथ विधायक व आयुक्त ने दिया देश भक्ति का संदेश
रिसाली । तिरंगा अभियान का आयोजन गुरूवार को नगर पालिक निगम रिसाली ने किया। दुर्ग ग्रामीण विधायक और रिसाली निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने बीएसएफ के जवानों के साथ हांथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति का संदेश दिया। इस दौरान आम नागरिकों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा अवश्वय फहरायें।
तिरंगा यात्रा की शुरूआत दशहरा मैदान रिसाली सेक्टर से किया गया। रैली की शक्ल में यात्रा परशुराम चौक होते हुए जोहर चैक और कृष्णा टाॅकिज रोड होते हुए शहीद रजनीकांत स्मारक स्थल पहुंची, जहां पर शहीद रजनीकांत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य शहीदों को श्रंद्धांजली अर्पित करने और आमजनों में राष्ट्रव्यापी अभियान घर-घर तिरंगा का संदेश पहुंचाना था। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद रमा साहू, धर्मेन्द्र भगत, शीला नारखेड़े, ईश्वरी साहू, ममता सिन्हा, सरिता देवांगन समेत नगर पालिक निगम रिसाली के अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।
जवानों ने किया मार्च
तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश भक्ति का जज्बा जगाना है। इस पद यात्रा में हांथों में तिरंगा लेकर सबसे पहले सीआईएसएफ, बीएसएफ के 100 से भी अधिक जवान हांथों में तिरंगा लेकर चल रहें थे।
विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ नागरिक शिकायतों का जल्द निराकरण हो : आयुक्त
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह ने निगम सभागार में विभिन्न विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक ली। बैठक में ईंधन खपत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनदर्शन, प्रकाश व्यवस्था, राजस्व, खेल परिसर, पौधारोपण एवं सामुदायिक भवनों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त ने रामनगर एवं कुरूद के मुक्तिधाम संबंधी निविदा के बारे में चर्चा की, साथ ही खम्हरिया स्थित मुक्तिधाम के लिए भेजे गए प्रस्ताव की शासन से स्वीकृति के लिए पहल करने हेतु निर्देशित किये हैं। उन्होंने कहा कि विभागों से भेजी जाने वाली नस्तियों को लेखा परिक्षण पश्चात् आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्यों की नियमित समीक्षा एवं समय पर निर्णय लिया जा सके। निगम के वाहनों में प्रतिदिन होने वाली ईंधन खपत की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने ईंधन की खपत में कमी लाने तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, पूर्ण आवासों के आबंटन एवं लंबित कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त ने जनदर्शन, टीएल, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं निदान पोर्टल से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शहर की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र चालू कराने तथा आवश्यक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को पर्याप्त एवं बेहतर प्रकाश सुविधा मिल सके। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निगम की वित्तीय आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया गया। वहीं प्रियदर्शिनी परिसर स्थित खेल परिसर के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा मियावाकी प्लांटेशन एवं अन्य पौधारोपण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने निगम के सामुदायिक भवनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, उपायुक्त नरेंद्र कुमार बंजारे, अधीक्षण अभियंता वेशराम सिंहा, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, राजस्व अधिकारी, लेखाधिकारी एवं उप अभियंता सहित निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
भिलाई निकली तिरंगा रैली, गूंजे भारत माता की जय के नारे
भिलाईनगर । नगर पालिक निगस भिलाई द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जनजागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपने घरो, कार्यालय एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
9 से 17 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान तथा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर निगम क्षेत्र में विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधिया आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में तिरंगा रैली निकालकर नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक किया जा रहा है। रैली के दौरान निगम अधिकारी कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं नागरिक हार्थों में तिरंगा लेकर शामिल हो रहे हैं। प्रमुख चौक चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारी से वातावरण देशभक्तिमय हो रहा है। नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की जा रही है।
निगम द्वारा तिरंगा रैली के साथ-साथ प्रभात सेल्फी विद तिरंगा, वदे मातरम गायन सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिको को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं बलिदान के स्मरण में विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगे। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहरवासियों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन जन तक पहुंचाने की अपील की है।
भिलाई में सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन
भिलाई । सेल के डिजिटल परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र में सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 13 अगस्त को किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (भिलाई इस्पात संयंत्र) चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशकगण, सेल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्यपालक, विहान परियोजना की टीम के सदस्य तथा क्रियान्वयन सहयोगी संस्था मेसर्स एक्सेंचर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सेल ने अपनी डिजिटल परिवर्तन यात्रा को गति देने के लिए महत्वाकांक्षी एवं प्रतिष्ठित विहान परियोजना – “एक सेल के लिए, एक ईआरपी” की शुरुआत की है। इस परियोजना का उद्देश्य सेल के विभिन्न संयंत्रों, इकाइयों, कार्यप्रणालियों एवं व्यवसायिक प्रक्रियाओं को एक साझा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत करना है। इससे संगठन में प्रक्रियाओं का अधिक मानकीकरण एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ-साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर एकीकरण और डेटा आधारित निर्णय लेने की क्षमता को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
भिलाई में स्थापित सेल ईआरपी सेंटर में सेल के विभिन्न कार्यक्षेत्रों के विशेषज्ञ तथा कंसल्टेंट्स टीम के सदस्य एकीकृत टीम के रूप में कार्य करेंगे। यह टीम “वन सेल” की सामूहिक शक्ति, अनुभव एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को प्रतिबिंबित करने वाली ईआरपी प्रणाली के डिजाइन एवं क्रियान्वयन की दिशा में मिलकर कार्य करेगी।
इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, सेल डॉ. अशोक कुमार पंडा ने विहान परियोजना के संबंध में अपना मार्गदर्शन साझा किया। उन्होंने परियोजना की सफलता के लिए आपसी समन्वय, अनुशासित क्रियान्वयन तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के महत्व पर बल दिया। उनका मार्गदर्शन विहान परियोजना की टीम के लिए इस परिवर्तनकारी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए स्पष्ट उद्देश्य एवं उत्तरदायित्व का आधार बना।
सेल ईआरपी सेंटर की भिलाई में स्थापना का स्वागत करते हुए निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र चित्त रंजन महापात्र ने विहान परियोजना की टीम से अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि इस सेंटर के लिए भिलाई का चयन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भिलाई का सेल में उत्कृष्टता, नवाचार एवं तकनीकी उन्नयन की समृद्ध परंपरा से लंबे समय से जुड़ाव रहा है।
विहान परियोजना की अब तक की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सी&आईटी), निगमित कार्यालय एस. के. सुंके ने परियोजना की यात्रा और आगे की दिशा का परिदृश्य प्रस्तुत किया। उन्होंने परियोजना के उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए सेल के विभिन्न संयंत्रों, इकाइयों एवं व्यवसायिक कार्यक्षेत्रों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठन के लिए एक एकीकृत डिजिटल इकोसिस्टम विकसित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में अतिथियों एवं गणमान्यजनों का स्वागत करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर, विहान परियोजना अजय सचदेव ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, सेल डॉ. अशोक कुमार पंडा, निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र चित्त रंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन के साथ-साथ विभिन्न एजेंसियों, टीमों एवं संबंधित व्यक्तियों के समन्वित प्रयासों को भी रेखांकित किया, जिनके सहयोग से सेल ईआरपी सेंटर की स्थापना एवं इसे कार्यारंभ के लिए तैयार करना संभव हुआ।
कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक (सेल ईआरपी सेल) श्री जे. पी. एस. चौहान ने किया।
सेल सीएमडी का भिलाई दौरा, मुख्यमंत्री से मिलकर संयंत्र विस्तार के लिए मांगा सहयोग
भिलाई । सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 12 एवं 13 अगस्त को सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा किया। अपने दौरे के अवधी में उन्होंने सेल प्रबंध प्रशिक्षु (टेक्निकल) 2026 के सेन्ट्रल इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया, सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की रावघाट खदानों का दौरा कर खनन गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की तथा सेल की ईआरपी आधुनिकीकरण पहल प्रोजेक्ट विहान का उद्घाटन किया। उन्होंने सेल-बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की।
इस दो दिवसीय भिलाई दौरे में महत्वपूर्ण रूप से सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट की। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (बीएसपी) चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सीएमडी ने सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के आगामी विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोगात्मक समर्थन का आग्रह किया।
सीएमडी ने इस दौरान रायपुर में मुख्य सचिव विकास शील, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं जलवायु परिवर्तन) आईएएस मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव आईएएस सुबोध कुमार सिंह तथा मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव (वित्त) आईएएस मुकेश कुमार बंसल से भी मुलाकात की और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
भिलाई आगमन पर सर्वप्रथम सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा का भिलाई निवास में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के जवानों द्वारा उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
इसके पश्चात अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल प्रबंध प्रशिक्षु (टेक्निकल) 2026 के सेन्ट्रल इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में निदेशक (कार्मिक), सेल के.के. सिंह तथा निदेशक प्रभारी (बीएसपी) चित्त रंजन महापात्र सहित कार्यपालक निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सेल की विभिन्न इकाइयों एवं कॉरपोरेट कार्यालय के निदेशकों ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
अपने दौरे के क्रम में सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल-बीएसपी की रावघाट खदानों का दौरा किया और वहां संचालित खनन गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ निदेशक प्रभारी (बीएसपी) चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक (माइंस) कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार तथा मुख्य महाप्रबंधक (माइंस-रावघाट) अनुपम बिष्ट उपस्थित रहे।
13 अगस्त को अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ. अशोक कुमार पंडा ने मानव संसाधन केन्द्र में प्रोजेक्ट विहान के अंतर्गत सेल ईआरपी सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी (बीएसपी) चित्त रंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक उपस्थित रहे। प्रोजेक्ट विहान सेल की एंटरप्राइज-वाइड ईआरपी आधुनिकीकरण पहल है, जिसके माध्यम से संगठन के मौजूदा लीगेसी एसएपी प्लेटफॉर्म से सैप एस/4हाना की डिजिटल प्रणालियों एवं प्रक्रियाओं की ओर ट्रांजिशन किया जा रहा है।
इसके उपरांत सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा ने इस्पात भवन में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में निदेशक प्रभारी (बीएसपी) चित्त रंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में डॉ. अशोक कुमार पंडा ने सेल-बीएसपी के शीर्ष प्रबंधन के साथ संयंत्र के प्रदर्शन एवं विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने भिलाई इस्पात संयंत्र के समग्र प्रदर्शन के साथ-साथ रावघाट माइंस परियोजना की प्रगति की भी व्यापक समीक्षा की। उन्होंने भविष्य के लिए महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने, डिस्पैच में वृद्धि करने तथा सुरक्षा एवं उत्पादकता पर निरंतर विशेष ध्यान बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने रावघाट क्षेत्र में पूर्ण पैमाने पर खनन परिचालन को शीघ्र पूरा करने तथा दल्ली राजहरा–रावघाट–जगदलपुर रेल परियोजना को गति देने की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।
सीएमडी डॉ. अशोक कुमार पंडा का यह दो दिवसीय दौरा सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन, उत्पादकता, सुरक्षा, कच्चे माल की सुरक्षा, खनन गतिविधियों, लॉजिस्टिक्स तथा डिजिटल आधुनिकीकरण के साथ-साथ संयंत्र के आगामी विस्तार के लिए राज्य सरकार के सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
डेंगू को लेकर देवेंद्र यादव गंभीर, सफाई और रोकथाम के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
भिलाई । नगर निगम भिलाई के टाउनशिप क्षेत्र में डेंगू के दो संदिग्ध मरीज सामने आने के बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने मामले को गंभीरता से लिया है। इनमें से एक मरीज की एलाइजा जांच पॉजिटिव पाई गई थी। मरीज का उपचार जारी है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति ठीक बताई जा रही है।
देवेंद्र यादव ने शहर में डेंगू के संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने टाउनशिप क्षेत्र सहित पूरे भिलाई शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, जलजमाव वाले स्थानों की नियमित निगरानी करने और मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को पत्र जारी कर डेंगू की रोकथाम के लिए पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संभावित संक्रमण वाले क्षेत्रों में नियमित निगरानी और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि किसी भी स्थिति में संक्रमण फैलने न पाए। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल मरीजों के उपचार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके लिए पहले से ही प्रभावी कदम उठाना जरूरी है। शहर में कहीं भी पानी जमा न हो, नियमित साफ-सफाई हो और मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावित जगहों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा है। विधायक ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों सहित अन्य स्थानों की नियमित सफाई करें और डेंगू से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतें।
विधायक ने स्पष्ट किया कि डेंगू की रोकथाम में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। शहरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सफाई, निगरानी और रोकथाम के सभी जरूरी उपाय प्रभावी ढंग से किए जाने चाहिए।
18 अगस्त को होगा राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम
दुर्ग । नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के छठवें वर्ष में प्रवेश होने के अवसर पर भारत सरकार द्वारा 18 अगस्त 2026 को देशभर में ’राष्ट्रीय नशा विरोधी’ शपथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में भी अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए जिले की कुल जनसंख्या के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों को इस अभियान से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के तहत जिले के सभी स्कूलों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, निजी एवं सार्वजनिक संस्थानों तथा शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ दिलाई जाएगी। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को नशा मुक्त भारत अभियान की वेबसाइट (https://nmba.dosje.gov.in/pledge?tyep=e-pledge) पर उपलब्ध e-Pledge लेने तथा सहभागिता प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
उपसंचालक समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार कार्यक्रम के ब्रांडिंग के लिए नशा मुक्त भारत अभियान का लोगो, शुभंकर (mascot), हेल्पलाइन नंबर 14446 सहित अन्य आईईसी सामग्री का उपयोग किया जाएगा। सभी विभागों प्रमुखों को कार्यक्रम आयोजित कर संक्षिप्त प्रतिवेदन एवं फोटोग्राफ कार्यालय उपसंचालक, समाज कल्याण विभाग जिला दुर्ग के ई-मेल dpsw.deg@gmail.com पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
भिलाई में अब वैज्ञानिक तरीके से होगा जल संरक्षण, ‘जल रक्षा भिलाई’ की शुरुआत
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई, IIT भिलाई और केंद्रीय भूजल बोर्ड (CGWB) के संयुक्त सहयोग से ‘जल रक्षा भिलाई’ एकीकृत जल संरक्षण एवं प्रबंधन पहल को लागू करने की दिशा में पहली समन्वय बैठक हुई। बैठक में भिलाई की जल संबंधी समस्याओं के वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान तैयार करने पर चर्चा की गई।
बैठक में गर्मियों में पानी की कमी, बारिश के दौरान जलभराव, पेयजल में सीवेज के पानी के मिश्रण और जल के कम पुन: उपयोग जैसी समस्याओं पर विस्तार से विचार किया गया। बोरवेल रिचार्ज शाफ्ट का तत्काल निर्माण शुरू करने और प्राक्कलन के आदान-प्रदान के बाद आवश्यक स्वीकृति प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
GIS से होगी जल निकासी और भूजल क्षमता की पहचान
परियोजना के तहत GIS और आधुनिक तकनीक के जरिए भिलाई के प्राकृतिक जल निकासी तंत्र का अध्ययन किया जाएगा। जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर कम लागत वाले वैज्ञानिक समाधान सुझाए जाएंगे। इसके साथ ही सीवेज और जलापूर्ति लाइनों की स्थिति का अध्ययन तथा समस्या वाले क्षेत्रों का चिन्हांकन किया जाएगा।
GIS आधारित भूजल मानचित्रण के जरिए उन क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां भूजल पुनर्भरण की क्षमता सबसे अधिक है। ऐसे स्थानों पर कम लागत वाली रिचार्ज संरचनाएं विकसित करने के सुझाव दिए जाएंगे।
2027-28 के मानसून से पहले संरचनाएं पूरी करने का लक्ष्य
बैठक में सतही जल पर निर्भरता बढ़ाने, रासायनिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों की पहचान और वैज्ञानिक उपचार, रूफटॉप रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में सुधार तथा जल संरक्षण को लेकर प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता पर भी चर्चा हुई।
‘जल रक्षा भिलाई’ की कार्ययोजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। आवश्यक जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण संरचनाओं का निर्माण 2027-28 के मानसून से पहले पूरा करने की योजना है। इसके लिए डीपीआर तैयार करने, स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
इस पहल का ध्येय वाक्य है, “जल रक्षा भिलाई — सतत भविष्य के लिए विज्ञान-आधारित जल सुरक्षा।” निगम, IIT भिलाई और CGWB का संयुक्त प्रयास शहर में दीर्घकालिक जल सुरक्षा, बेहतर जल प्रबंधन और पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हरेली पर देवेंद्र यादव ने परिवार के साथ की पूजा-अर्चना
भिलाई । छत्तीसगढ़ के पहले और प्रमुख लोकपर्व हरेली तिहार पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने अपने परिवार के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हरेली पर्व मनाया। उन्होंने अपने निवास के द्वार पर नीम की पत्तियों वाली डालियां लगाईं और घर में रखे खेती-किसानी में उपयोग होने वाले जरूरी औजारों एवं सामग्रियों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
देवेंद्र यादव ने हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कृषि परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी मिट्टी, खेती-किसानी और पारंपरिक जीवनशैली से जोड़ता है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल की कामना की।
परिवार के सदस्यों के साथ उन्होंने पूरे विधि-विधान से कृषि कार्य में उपयोग होने वाले औजारों और अन्य सामग्रियों की पूजा की। इसके बाद छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार चिला का भोग लगाया गया और परिवार के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
हरेली के अवसर पर घर के प्रवेश द्वार पर नीम की डालियां लगाने की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई। विधायक ने कहा कि हमारी लोकपरंपराओं में प्रकृति, स्वास्थ्य और कृषि का गहरा संबंध रहा है। नई पीढ़ी को भी इन परंपराओं और संस्कृति से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति और लोकपरंपराओं से है। हरेली जैसे पर्व हमारी इसी पहचान को मजबूत करते हैं और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशहाली का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अनियमितता पाये जाने पर एक कृषि केन्द्र की 825 बोरी उर्वरक राजसात व लाइसेंस निरस्त
दुर्ग । खरीफ सीजन 2026 को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण दल एवं उर्वरक निरीक्षक द्वारा 13 जून 2026 और 16 जून 2026 को मैसर्स विद्या कृषि केन्द्र बोरी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दुकान में कई अनियमिताओं जैसे उर्वरकों के दर एवं पॉस अनुसार स्कंध का सही उल्लेख न होना, कैश/क्रेडिट मेमो जारी न करना, बिना अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) में प्रविष्ट उर्वरक का भण्डारण, जांच में सहयोग न करना, भौतिक स्टॉक व पॉस स्टॉक में अंतर तथा जांच दल की कार्यवाही में बाधा पहुंचाना पाया गया। जिस हेतु विक्रय केन्द्र को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जप्ती की कार्यवाही की गई।
संबंधित प्रतिष्ठान द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण के उपरांत यह पाया गया कि निरीक्षण तिथि में नियम विरुद्ध उर्वरकों का भण्डारण व विक्रय किया जा रहा था, जो उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985, के खण्ड 4, 5, 8(3), 28(4), उर्वरक (संचलन नियंत्रण) आदेश 1973 खण्ड 3(ए), व डीबीटी पद फर्टीलाइजर तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 6(ए)(1) के तहत रसायनिक खाद 514 बोरी, जैविक खाद 311 बोरी एवं जैव उत्प्रेरक 1.8 कि.ग्रा. जब्ती कर राजसात करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के उर्वरक प्राधिकार पत्र (लाइसेंस) को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
कृषि विभाग के उप संचालक संदीप भोई ने बताया गया कि किसानों को खाद/कीटनाशक की किल्लत पैदा करने वाले, कालाबाजारी करने वाले या बिना वैध दस्तावेजों के अमानक उर्वरक/कीटनाशक औषधि विक्रय करने वाले कृषि केन्द्रों पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं कीटनाशक अधिनियम 1968 के तहत कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी उर्वरक/कीटनाशक विक्रेताओं एवं समितियों को निर्देशित किया है कि किसानों को निर्धारित दर पर ही कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराएं तथा अधिक मूल्य वसूली की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। विभाग द्वारा खरीफ सीजन में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है। किसान भाई किसी भी प्रकार की कृषि आदान सामग्री वितरण में अनियमितता पाये जाने पर इसकी शिकायत नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय में कर सकते हैं।
बिरेभाट में 33 महिलाएं सीख रहीं राजमिस्त्री का हुनर
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत धमधा की ग्राम पंचायत बिरेभाट में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। 27 जुलाई से 25 अगस्त तक चल रहे प्रशिक्षण में 33 महिलाएं और 2 पुरुष सहित कुल 35 प्रतिभागी शामिल हुए।
प्रशिक्षण में नींव निर्माण, ईंट चिनाई, दीवार, छत ढलाई, प्लास्टर, फ्लोरिंग एवं फिनिशिंग सहित भवन निर्माण की आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर श्रीमती हीरा बाई साहू द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रतिभागियों को निःशुल्क ड्रेस, टूल किट एवं भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त राजमिस्त्रियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य निर्माण कार्यों में रोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति बढ़ने के साथ महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
शुभम तागड़े तीन माह के लिए जेल में निरुद्ध
दुर्ग, । जिला दंडाधिकारी अभिजीत सिंह ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3 उपधारा (2) सह पठित उपधारा 3 के अंतर्गत दिनांक 6 अगस्त 2026 को आदेश पारित कर अनावेदक शुभम तागड़े उर्फ मराठा पिता दिनेश तागड़े को तीन माह की कालावधि के लिये केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध करने के आदेश दिए है। जिला दंडाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा शुभम तागड़े को 8 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध किया गया है।
ज्ञात हो कि पुलिस अधीक्षक जिला दुर्ग द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार अनावेदक शुभम तागड़े उर्फ मराठा पिता दिनेश तागड़े (उम्र-29 वर्ष), निवासी-मिलन चौक, कैम्प-02 भिलाई, थाना-छावनी, तहसील व जिला-दुर्ग (छ.ग.) थाना छावनी क्षेत्र का गुंडा-बदमाश है। वर्ष 2015 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के कारण उसे निगरानी बदमाश की श्रेणी में लाया गया है। अनावेदक के विरुद्ध दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में कुल 26 अपराध पंजीबद्ध हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी के 06 अपराध, साथियों के साथ मिलकर अवैध राशि की मांग व मारपीट का अपराध, आर्म्स एक्ट के 07 अपराध, चोरी व नकबजनी के 10 अपराध, आबकारी एक्ट का अपराध, नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ और लूट का प्रकरण दर्ज है। विभिन्न थानों के अंतर्गत उसके विरुद्ध थाना छावनी में 17 अपराध, थाना जामुल में 03 अपराध, थाना खुर्सीपार में 03 अपराध, थाना नंदिनी में 01 अपराध, थाना दुर्ग कोतवाली में 01 अपराध तथा थाना भिलाई भट्टी में 01 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं।
नौकरी देने वाले बनें: रिसाली कॉलेज में छात्रों को विधायक चंद्राकर का संदेश
भिलाई l शासकीय नवीन महाविद्यालय, रिसाली में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020 के तहत आयोजित दीक्षारंभ एवं इंडक्शन कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक और पुष्प भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें उच्च शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि महाविद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह नीति केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर विशेष जोर देती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। स्टार्टअप शुरू करें, नवाचार करें और अपने कौशल के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।”
विधायक ने भारतीय शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय कभी विश्वभर के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान के प्रमुख केंद्र थे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति उसी गौरवशाली परंपरा को आधुनिक स्वरूप में आगे बढ़ाने का प्रयास है।
उन्होंने राज्य सरकार की छात्रहित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन करने वाली पात्र छात्राओं को 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक कारणों से कोई भी बेटी उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विधायक ललित चंद्राकर ने महाविद्यालय परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मंडल महामंत्री नरेंद्र निर्मलकर, जिला मंत्री शैलेन्द्र सेंडे, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद विधि यादव, पार्षद सरिता देवांगन, प्राचार्य डॉ. अनुपमा आस्थामा सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकों और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘वोकल फॉर लोकल’ से मिल रही नई पहचान, सरोज पाण्डेय ने बुनकरों का बढ़ाया उत्साह
दुर्ग । राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर दुर्ग के निजी होटल में आयोजित हथकरघा प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय बुनकरों और शिल्पकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए पारंपरिक एवं आधुनिक डिजाइनों से तैयार हस्तकरघा उत्पादों की सराहना की और बुनकरों से संवाद कर उनके कार्यों की प्रशंसा की।
सरोज पाण्डेय ने कहा कि भारत की समृद्ध हस्तकरघा परंपरा हमारी सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा है। हथकरघा उद्योग न केवल देश की परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का कार्य करता है, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों के माध्यम से हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
प्रदर्शनी के दौरान उन्होंने बुनकरों की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुना तथा भरोसा दिलाया कि सरकार हथकरघा क्षेत्र के विकास, आधुनिकीकरण और बेहतर विपणन सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आम नागरिकों से भी स्वदेशी और हस्तनिर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को अपनाकर ही उनकी कला, परंपरा और रोजगार को सशक्त बनाया जा सकता है।
इस प्रदर्शनी ने स्थानीय बुनकरों और शिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने हस्तनिर्मित उत्पादों में रुचि दिखाई।
निगम की कार्रवाई: नंदिनी रोड पर सड़क घेरकर रखी रेत जब्त
भिलाईनगर । नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरूचि सिंह के निर्देशानुसार शहर में सड़क बाधित कर किए जा रहे अतिक्रमण एवं नियम विरुद्ध व्यापार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन क्रमांक-3 मदर टेरेसा नगर के राजस्व विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने नंदिनी रोड स्थित सीमेंट दुकान पर कार्रवाई की।
निगम को प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की गई, जिसमें दुकान संचालक द्वारा सड़क पर अवैध रूप से रेत रखकर यातायात में बाधा उत्पन्न करते हुए व्यापार किए जाने की पुष्टि हुई। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने सड़क पर रखी रेत को जब्त कर हटाने की कार्रवाई की तथा संबंधित संचालक को भविष्य में सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सड़कों एवं मार्गों पर निर्माण सामग्री, रेत, गिट्टी या अन्य सामान रखकर आवागमन बाधित करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात व्यवस्था एवं स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
नेहरू आर्ट गैलरी में हिमांशु वर्मा की छायाचित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित नेहरू आर्ट गैलरी, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर में युवा छायाकार हिमांशु वर्मा की तीन दिवसीय एकल छायाचित्र प्रदर्शनी का 6 अगस्त को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेष भारद्वाज ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) श्रीमती नीलू भारद्वाज भी विशेष रूप से उपस्थित रही।
प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के अवसर पर महाप्रबंधक प्रभारी (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) अमूल्य प्रियदर्शी, उप महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) श्रीमती अपर्णा चन्द्रा, सहायक महाप्रबंधक (जनसम्पर्क) जवाहर बाजपेई, उप प्रबंधक (जनसम्पर्क) शालिनी चौरसिया तथा संयंत्र के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण, ईश्वर पटेल सहित आर्ट्स क्लब के अन्य सदस्य, इस्पात नगरी के अन्य वरिष्ठ कलाकार एवं चित्रकला प्रेमी तथा आम नागरिक उपस्थित थे।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) उन्मेष भारद्वाज ने हिमांशु वर्मा के छायाचित्रों की सराहना की। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार व्यक्त करते हुए लिखा कि छायाचित्र समय के किसी विशेष क्षण को सहेजने के साथ-साथ समाज और प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनाओं को भी अभिव्यक्ति देते हैं। उन्होंने प्रदर्शित कृतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा कलाकारों की ऐसी रचनात्मक पहल न केवल कला के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक एवं सौंदर्यपरक दृष्टिकोण के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अपनी विशिष्ट मिनिमलिस्ट शैली के लिए पहचाने जाने वाले हिमांशु वर्मा अपने छायाचित्रों के माध्यम से साधारण प्रतीत होने वाले दृश्यों में निहित असाधारण सौंदर्य को उजागर करते हैं। प्रकाश और छाया के संतुलित संयोजन, सूक्ष्म भावों तथा क्षणभंगुर दृश्यों को संवेदनशीलता के साथ चित्रित कर वे दर्शकों को ठहरकर जीवन की बारीकियों को अनुभव करने के लिए प्रेरित करते हैं।
हिमांशु वर्मा वर्ष 2019 में नेहरू आर्ट गैलरी में आयोजित संयुक्त छायाचित्र प्रदर्शनी में अपनी सहभागिता दर्ज करा चुके हैं। उनकी छायाचित्र श्रृंखला का चयन प्रख्यात फोटोग्राफर विनीत वोहरा की प्रतिष्ठित मास्टरक्लास के टॉप पोर्टफोलियो में किया गया है। उनके कार्य विभिन्न ऑनलाइन फोटोग्राफी मंचों पर भी प्रदर्शित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ फोटोग्राफी परियोजना में भी सहयोग किया है। उनके छायाचित्र अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों में प्रदर्शित होने के साथ-साथ कई प्रतिष्ठित समूह प्रदर्शनों के लिए भी चयनित हो चुके हैं।
यह प्रदर्शनी 06 से 08 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में हिमांशु वर्मा द्वारा सृजित नवीनतम छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं, जो प्रकृति एवं दैनिक जीवन के सहज किंतु अर्थपूर्ण क्षणों को कलात्मक दृष्टि से प्रस्तुत करते हैं।
BSP में मासिक उत्पादन का नया कीर्तिमान, अनेक उत्पादन इकाइयों ने बनाए नए रिकॉर्ड
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र ने जुलाई 2026 में उत्कृष्ट उत्पादन प्रदर्शन करते हुए अनेक प्रमुख उत्पादन इकाइयों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ जुलाई रिकॉर्ड को उल्लेखनीय अंतर से पीछे छोड़ दिया है। सिंटर प्लांट ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखते हुए कुल सिंटर उत्पादन 7,88,130 टन दर्ज किया, जो जुलाई 2023 के 7,21,848 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। यह जुलाई माह के दौरान सभी उत्पादन मानकों में सर्वाधिक परिमाणात्मक वृद्धि रही। वहीं सिंटर प्लांट-3 ने 5,38,741 टन उत्पादन कर जुलाई 2023 में दर्ज अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 5,00,929 टन को पार करते हुए नया मासिक कीर्तिमान स्थापित किया।
ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 2,60,542 टन हॉट मेटल उत्पादन कर, जुलाई 2023 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन रिकॉर्ड 2,35,864 टन को पार किया। इसके साथ ही ब्लास्ट फर्नेस-8 ने 2.46 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन की रिकॉर्ड उत्पादकता भी हासिल की, जो जुलाई 2025 के 2.23 टन प्रति घन मीटर प्रतिदिन के पूर्व रिकॉर्ड से बेहतर है।
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्लूम उत्पादन में नया रिकॉर्ड स्थापित किया। जुलाई 2026 में ब्लूम उत्पादन 1,29,050 टन दर्ज किया गया, जो जुलाई 2023 के 1,07,126 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। वहीं कास्ट स्टील उत्पादन 3,38,496 टन दर्ज किया गया, जिसने जुलाई 2023 के 3,01,013 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
संयंत्र ने समेकित उत्पादन मानकों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। कुल हॉट मेटल उत्पादन 5,44,049 टन रहा, जिसने जुलाई 2023 के 5,09,691 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वहीं कुल क्रूड स्टील उत्पादन 5,17,656 टन दर्ज किया गया, जो जुलाई 2023 में रिकॉर्ड पिछले सर्वश्रेष्ठ 4,82,573 टन के रिकॉर्ड से अधिक है। इसी प्रकार, कुल सेलेबल स्टील उत्पादन 4,83,949 टन रहा, जिसने जुलाई 2023 के 4,55,247 टन के पूर्व रिकॉर्ड को पार करते हुए नया जुलाई रिकॉर्ड स्थापित किया।