राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025
नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख सहित 15 खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, अनुभवी फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) प्रदान किया गया।
इन खिलाड़ियों को मिला अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में ट्रैक एंड फील्ड एथलीट मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, रेस वॉकर प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं।
इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महिला बैडमिंटन की प्रमुख डबल्स जोड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। वे जापान मास्टर्स टूर्नामेंट के लिए जापान में हैं।
इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम)
अनुभवी भारतीय फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) दिया गया। यह सम्मान ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने खेल प्रदर्शन से उल्लेखनीय योगदान दिया हो और सक्रिय खेल करियर से संन्यास लेने के बाद भी खेलों के विकास तथा प्रोत्साहन के लिए काम जारी रखा हो।
पांच को द्रोणाचार्य पुरस्कार
खेलों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने वाले कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस वर्ष एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को यह सम्मान मिला।
साहसिक खेलों में उपलब्धियों के लिए चार सम्मान
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 चार श्रेणियों में प्रदान किए गए। बलजीत कौर और स्कलजांग रिग्जिन को लैंड एडवेंचर, रिमो साहा को वॉटर एडवेंचर और शिव प्रसाद चमोली को लाइफटाइम अचीवमेंट श्रेणी में सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार साहसिक खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए दिया जाता है। इसका उद्देश्य सहनशक्ति, जोखिम उठाने की क्षमता, टीमवर्क और कठिन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की भावना को प्रोत्साहित करना है।
आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल दलजीत सिंह ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह सम्मान उन कॉरपोरेट संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
चयन समिति की सिफारिश पर घोषित हुए थे नाम
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और योगदान को मान्यता देने के लिए दिए जाते हैं। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने आवेदनों पर विचार किया था। समिति में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता से जुड़े अनुभवी लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।
खेल मंत्रालय ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर 18 अगस्त को वर्ष 2025 के पुरस्कार विजेताओं की अंतिम सूची घोषित की थी।
एक साल से अधिक की देरी से हुआ समारोह
इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह के आयोजन में एक साल से अधिक की देरी हुई। आमतौर पर ये पुरस्कार 29 अगस्त को दिए जाते हैं। यह तारीख हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
हालांकि, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स वाले वर्षों में पुरस्कार समारोह की तारीख इन प्रतियोगिताओं के समापन को ध्यान में रखते हुए तय की जाती है। इसके लिए राष्ट्रपति सचिवालय से भी परामर्श किया जाता है।