देश-विदेश

दिसंबर में 0.25% बढ़ सकता है रेपो रेट, 5.75% तक पहुंचने का अनुमान

नई दिल्ली । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) दिसंबर की बैठक में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत यानी 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी कर सकती है। एसबीआई रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, 0.50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। मौजूदा 5.50 प्रतिशत रेपो रेट बढ़कर 5.75 प्रतिशत हो सकती है।

खुदरा महंगाई दर ने बढ़ाई चिंता
सरकार की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है। नई सीरीज लागू होने के बाद यह पहला मौका है, जब महंगाई दर आरबीआई के निर्धारित 2 से 6 प्रतिशत के दायरे से ऊपर निकली है।

एसबीआई रिसर्च का अनुमान है कि महंगाई दर अगले महीने भी 6 प्रतिशत से ऊपर रह सकती है। इसके बाद इसमें गिरावट आने की संभावना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि महंगाई, रुपये और वैश्विक दबावों में कमी के संकेत मिलने लगे हैं।

एफआईआई निवेश और कच्चे तेल से राहत की उम्मीद
रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर निवेशकों की धारणा में सुधार से भारत का सापेक्ष मूल्यांकन बेहतर हुआ है। इससे विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का निवेश बढ़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 6 नवंबर से अब तक एफआईआई निवेश करीब 7.65 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है।

इसके अलावा, अमेरिका-ईरान संघर्ष में तनाव कम होने की संभावनाओं से कच्चे तेल की कीमतों को लेकर भी परिदृश्य बेहतर हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी चुनावों के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 11 प्रतिशत की गिरावट आई है और इनके औसतन 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने का अनुमान है।

अमेरिकी और भारतीय बॉन्ड यील्ड पर भी अनुमान
एसबीआई रिसर्च का मानना है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में और नरमी आ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 4.75 प्रतिशत के स्तर की ओर जा सकती है।

भारत में 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड के 6.75 से 7 प्रतिशत के दायरे में रहने का अनुमान है। हालांकि, इसमें अब गिरावट का रुझान दिखाई देने की बात रिपोर्ट में कही गई है।

टर्मिनल रेपो रेट 6% के आसपास रह सकता है
एसबीआई रिसर्च के मुताबिक, पहले लगातार तीन से चार बार ब्याज दरें बढ़ाए जाने की जो आशंकाएं थीं, वे अब काफी हद तक कमजोर पड़ती दिख रही हैं। रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि टर्मिनल रेपो रेट 6 प्रतिशत के आसपास स्थिर हो सकता है। इसके 5.75 प्रतिशत तक नीचे आने की संभावना भी जताई गई है। रिपोर्ट ने दोनों संभावनाओं के लिए 50-50 प्रतिशत का अनुमान दिया है।

रिपोर्ट में फरवरी में फिर से ब्याज दरें बढ़ाने को उचित नहीं माना गया है, खासकर इसलिए क्योंकि उस समय केंद्रीय बजट आने वाला है। एसबीआई रिसर्च के अनुसार, दिसंबर में 25 आधार अंकों की संभावित बढ़ोतरी के बाद मौद्रिक नीति के अगले फैसले पूरी तरह आर्थिक आंकड़ों और परिस्थितियों पर निर्भर कर सकते हैं।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image