देश-विदेश

योग भारत को जानने का प्रवेश द्वार बन चुका है: पीएम मोदी

 बेंगलुरु । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संस्थान की 50 वर्षों की यात्रा और योग, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है और यहां अनेक योग गुरुओं एवं विद्वानों ने इस प्राचीन परंपरा को समृद्ध किया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें योग की असाधारण ऊर्जा का अनुभव करने का अवसर मिला है। प्रशांति कुटीरम की शुरुआत अब योग शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक प्रमुख संस्थान के रूप में विकसित हो चुकी है। संस्थान ने योग के साथ आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा विज्ञान को जोड़कर समग्र वेलनेस इकोसिस्टम तैयार किया है।

 
 
 
 
 

उन्होंने कहा कि तनाव से जुड़ी चुनौतियों और जीवनशैली संबंधी बीमारियों के क्षेत्र में संस्थान के शोध ने दुनिया भर के लोगों की मदद की है। प्रधानमंत्री ने इन प्रयासों को उल्लेखनीय बताते हुए संस्थान की सराहना की।

एचवी शेषाद्रि को किया याद, सेवा भावना का किया उल्लेख

 

 

प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ एचवी शेषाद्रि की जन्मशताब्दी का भी उल्लेख किया। उन्होंने शेषाद्रि को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ के मिशन को आगे बढ़ाने में लगाया।

पीएम मोदी ने शेषाद्रि के विचार को याद करते हुए कहा कि वे अक्सर कहा करते थे, “जब हम समाज को अपनी दोनों आंखों से देखते हैं, तो समाज भी हमें लाखों आंखों से देखता है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई बार इस बात को अनुभव किया है। लोगों की सेवा करते हुए उन्हें हमेशा जनता का आशीर्वाद और स्नेह मिला है, जो उनके जीवन की सबसे बड़ी निधियों में से एक है।

डॉ. राजकुमार के योग प्रेम की भी की सराहना
प्रधानमंत्री ने कन्नड़ फिल्मों के दिग्गज अभिनेता डॉ. राजकुमार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजकुमार कर्नाटक की उन हस्तियों में शामिल थे, जिन्होंने कला के साथ योग साधना में भी योगदान दिया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रशांति कुटीरम की 50 वर्षों की यात्रा सेवा और समर्पण की असाधारण कहानी है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानना चाहिए।

स्वामी विवेकानंद के योगदान को किया याद
स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब एक ओर लाखों स्वतंत्रता सेनानी आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे, वहीं दूसरी ओर स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्रऋषि भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत कर रहे थे। उन्होंने युवाओं को योग का मार्ग दिखाया।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी संस्कृति, पहचान और ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रखा है। इसी का परिणाम है कि भारत की पहल पर आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है।

योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मिली पहचान
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे आयोजनों में योगासन के लिए जगह बनाई गई है। इससे योग से जुड़े लोगों के लिए प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के नए रास्ते खुले हैं।

उन्होंने कहा कि योग अब भारत को जानने का एक प्रवेश द्वार बन चुका है। कई विदेशी नागरिक और योग के प्रति समर्पित लोग भी भारत से जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कतर के शाही परिवार सहित विदेशों में योग के प्रति समर्पित लोगों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पद्मश्री से सम्मानित कर उनका गौरव बढ़ाया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image