छत्तीसगढ़ / दुर्ग
हटरी बाजार में पुलिस की रेड, 10 जुआरी गिरफ्तार
दुर्ग । जिले में अवैध कारोबार पर लगाम कसते हुए पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई में 13 लोगों को सट्टा पट्टी के साथ गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया गया है। दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार, गुंडा बदमाश और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है । इसी क्रम में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने और खिलाने वालो के खिलाफ अभियान छेड़ कर यह कार्रवाई की गई।
थाना कोतवाली प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि 4 जुलाई को जामा मस्जिद के पीछे हटरी बाजार दुर्ग में घेराबंदी कर सट्टा पट्टी लिखते व खिलवाते हुए कुल 10 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पोलसायपारा दुर्ग में भी पहुंचकर घेराबंदी की गई जहां रेड कार्यवाही के दौरान सट्टा खेलने वाले मौके से भाग गये तथा मौके पर 3 आरोपी को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ दोनों जगहों पर कार्रवाई करते हैं। 21 हजार रुपए नगद और मोबाइल बरामद कर जुआ एक्ट के कई धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है।
मो. नसीर उम्र 53 साल पता हटरी बाजार दुर्ग
मो. हनीफ उम्र 62 साल पता पांच बिल्डिंग दुर्ग
सुरेश साहू उम्र 45 साल पता पटेल चौक दुर्ग
शफी अख्तर उम्र 55 साल पता हटरी बाजार दुर्ग
गौतम यादव उम्र 60 साल पता डिपरापारा दुर्ग
सुनील राव उम्र 47 साल पता तकियापारा दुर्ग
संजीव सोनी उम्र 40 साल पता इंदिरा कॉलोनी दुर्ग
शशि सेंदरे उम्र 50 साल पता पोटिया रोड दुर्ग
नाज बेगम उम्र 56 साल पता लुचकीपारा दुर्ग
ज्योति राव उम्र 40 साल तकियापारा दुर्ग
खिलेश्वर यादव 20 साल किन कसारीडीह दुर्ग
फिरोज अली उम्र 45 साल साकिन तकियापारा दुर्ग
मोह. जहीर उम्र 23 साल साकिन पोलसायपारा दुर्ग
भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस 23 को
भिलाई । भारतीय मजदूर संघ जिला दुर्ग द्वारा श्रमिकों के सम्मान में आगामी 23 जुलाई को अम्बेडकर भवन बैकुण्ठ धाम में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच स्थापना दिवस एवं विशाल श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह वर्ष भारतीय मजदूर संघ के स्वर्णिम 70 वां वर्ष है। इस कार्यक्रम की रूप रेखा बनाने और इसके तैयारी को लेकर भारतीय मजदूर संघ और उसकी स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ सहित सभी इसके 17 हो शाखा के अध्यक्षों और उनके पदाधिकारियों व सदस्यें ने बैठक आयोजित की।
इस दौरान बीएमएस के शाखा स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम में 5 हजार से अधिक मजदूर शामिल होंगे जिसमें कुम्हारी से लेकर रसमड़ा व दुर्ग-भिलाई के बडी संख्या में श्रमिक इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के श्रममंत्री लखनलाल देवांगन एवं दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल के अलावा अन्य कई प्रमुख हस्तियां अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्री दुबे ने आगे बताया कि बीएमएस चाहता है कि श्रमिकों की समस्याएं दूर हो।
औद्यौगिक क्षेत्र के मजदूरों के हितों के लिए पीएफ कार्यालय भिलाई में खोला जाये। शरद दुबे ने आगे बताया कि दुर्ग जिले में जहां कुल बीएमएस की कुल 17 शाखाएं है वही पूरे देश में 70 शाखाएं है। श्रमिकों की हित के लिए दिल्ली में भी बड़ा आयोजन होने जा रहा है जिसमें आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत सहित देश की कई हस्तियां शामिल होंगे। इन्होंने आगे बताया कि इस सम्मेलन में आज जो श्रमिकों से 8 घंटा के बजाय 12 घंटा काम लिया जा रहा है, उसको कम करने की मांग अपने राष्ट्रीय पदाधिकारियों से करेंगे। इसके साथ ही दैनिक वेतन आयोग गठन करने, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन देने की मांग केन्द्र और राज्य सरकार से की जायेगी।
उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं का सम्मान हो, केन्द्र और राज्य सरकार की जो योजनाएं है, उसका पूरा लाभ महिलाओं को भी मिले। इसके अलावा श्रमिकों के बच्चो जो शिक्षा के क्षेत्र में टॉप कर रहे है उनको विदेश जाकर वहां पढाई करने का अवसर केन्द्र सरकार दे ताके वे भी टॉप लेबल के इंजीनियर व डॉक्टर बन सके। इस बैठक में बीएमएस के देवेन्द्र चन्द्राकर, हरिशंकर चतुर्वेदी, अनिल कुमार सिंह, विष्णु चंदाकर , वसुंधरा चौरे, मिथलेश विश्वकर्मा, दालेश्वर साहू सहित बडी संख्या में मजदूर साथी उपस्थित रहेंगे।
जैन साध्वी श्री प्रियदर्शना श्रीजी प्रियदा का आज होगा दुर्ग में मंगलमय प्रवेश
दुर्ग । जैन साध्वी श्री प्रियदर्शना श्री जी प्रियदा अपने साध्वी समुदाय के साथ कल प्रात: रेलवे स्टेशन रोड स्थित डालचंद संदीप कुमार सुराणा के निवास से प्रात: 8 बजे श्रावक श्राविकाओं की विशेष उपस्थिति में जय आनंद मधुकर रतन भवन बांधा तालाब दुर्ग में मंगलमय प्रवेश करेंगे।
साध्वी विचक्षणा श्रीजी सुकृति श्रीजी साध्वी स प्रज्ञपति श्री जी भी उनके साथ मंगलमय प्रवेश करेंगे। रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्री डालचंद जी सुराणा के निवास स्थान में अरिहंत एवं तीर्थंकर परमात्मा की स्तुति पुचछीसुणम एवं भक्तांबर स्त्रोत के अनुष्ठान के पश्चात वहां से बिहार यात्रा प्रारंभ होगी। प्रात: 9:20 बजे जय आनंद मधुकर रतन भवन में श्रावकों की आज्ञा लेकर प्रवेश होगा।
उप पंजीयक कार्यालय उद्योग भवन में हुआ स्थानांतरित
दुर्ग । दुर्ग के उप पंजीयक कार्यालय में मॉडल ऑफिस का निर्माण कार्य शुरू होने के कारण इस कार्यालय को अस्थायी रूप से सी.एस.आई.डी.सी. परिसर के प्रथम तल उद्योग भवन जी.ई. रोड दुर्ग में स्थानांतरित किया गया है। जिला पंजीयक सुश्री प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि जिला पंजीयक कार्यालय एवं नकल सर्च पुराने भवन में ही संचालित होगा। मॉडल ऑफिस के निर्माण होने तक पंजीयन कार्यालय दुर्ग का संचालन नवीन भवन सी.एस.आई.डी.सी. परिसर के प्रथम तल (उद्योग भवन ) जी.ई. रोड दुर्ग में किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने बीएसपी स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा आठवीं के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन शनिवार 5 जुलाई को भिलाई विद्यालय, सेक्टर-2 के सभागार में किया गया। इस गरिमामय अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक टीए एवं सीएसआर उत्पल दत्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि महाप्रबंधक शिक्षा श्रीमती शिखा दुबे विशिष्ट अतिथि रहीं। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, तत्पश्चात श्री सतीश मिश्रा एवं श्री शैलेन्द्र भोई के निर्देशन में भिलाई विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। अतिथियों का स्वागत मेधावी छात्र-छात्राओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
भिलाई । वैशाली नगर विधान सभा के पूर्व विधायक एवं साडा अध्यक्ष स्वर्गीय भजन सिंह निरंकारी की दूसरी पुण्यतिथि 3 जुलाई पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। सभा में उनके साथ राजनीतिक शुरुआत करने वाले से लेकर उनके साथियों ने उनके द्वारा शहर के विकास में योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि साडा के समय में बनी बटालियन के पास जल शोधक संयंत्र, नेहरू नगर, प्रियदर्शिनी नगर, सुपेला सब्जी मार्केट, सुपेला लालबहादुर शास्त्री चिकित्सालय, इंदिरा गांधी कॉलेज वैशाली नगर, शहर में फर्सीकरण कार्य, पट्टा वितरण कार्य, सुपेला का नेहरू भवन निर्माण से लेकर भिलाई 3 में विकास कार्य स्व निरंकारी की देन है ।
श्रद्धांजलि सभा में निरंकारी के पुत्र निगम के एमआईसी मेंबर संदीप निरंकारी ने उनके कार्यों को स्मरण करते हुए कहा कि मेरे पापा जो आज हमारे बीच नहीं है परंतु उनके बताए हुए मार्ग हम सभी को प्रेरणा के साथ मार्ग दिखाते रहेगा। वे जीवन भर चार जिम्मेदारी को एक साथ निभाते रहे परिवारिक, व्यावसायिक, राजनीतिक और आध्यात्मिक इन सभी कार्य को वे पूरे सम्मान के साथ करते रहे अंतिम समय तक वे समय के पाबंद रहे ।
श्रद्धांजलि सभा में भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल, भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, सभापति गिरवर बंटी साहू, समाज सेवी संजय ओझा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव धर्मेंद्र यादव, मनीष बंछोर, समाज सेवी सुभाष साव, संजय ओझा, ब्लॉक अध्यक्ष नंदकुमार कश्यप, प्रमोद प्रभाकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वाय के सिंह, सतपाल सिंह, सेवा दल के वरिष्ठ महामंत्री जेआर साहू, महेश जायसवाल आदि उपस्थित थे।
'अल मदद' ने लिया गरीब बच्चियों की तालीम का जिम्मा
भिलाई । मुस्लिम महिलाओं के गैर सरकारी संगठन अल मदद एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी ने गरीब बेटियों की उच्च शिक्षा का जिम्मा लिया है।
अंजुमन हुसैनिया कमेटी की तरफ से सड़क- 20, जोन-1, खुर्सीपार में जारी आयोजनों में औरतों के लिए महफिले मिलाद शरीफ रखी गई थी। इस दौरान 8 वीं, 10 वी और 12 वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण बेटियों के सम्मान के दौरान सोसाइटी के प्रतिनिधि विशेष रूप से आमंत्रित किए गए। प्रतिभावान बेटियों का सम्मान करते हुए सोसाइटी की अध्यक्ष अंजुम अली ने कहा कि इन बेटियों में किसी को भी आर्थिक वजह से उच्च शिक्षा में बाधा आएगी तो उनकी संस्था पढ़ाई का खर्च उठाएगी। उन्होंने अंजुमन हुसैनिया के सदर हुसैन अली अशरफी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी संस्था खुर्सीपार जैसे क्षेत्र की जरूरतमंद बच्चियों की तालीम पर पूरा ध्यान देगी। इस दौरान सोसाइटी की ओर से सचिव कौसर खान, सहसचिव-कैसर इकबाल, लीना तजमीन, कोषाध्यक्ष शाहीन खान तथा संरक्षक आयशा आलम, शमशुन्निसा, कमर सुल्ताना, एसएम शेख, आलिमा गुल निशा, और रख्शंदा अंजुम सहित तमाम लोग मौजूद थे।
भिलाई में मुहर्रम की तैयारियां जोरों पर, 6 को निकलेगा यौमे आशूरा का मुख्य जुलूस
भिलाई । कर्बला के शहीदों की याद में भिलाई शहर में मुहर्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में ताजिया निर्माण, अखाड़ों की रिहर्सल, मजलिसें और लंगर के आयोजन पूरे जोश और श्रद्धा के साथ जारी हैं। मुख्य जुलूस 10 मुहर्रम यानी रविवार 6 जुलाई को दोपहर 2 बजे पावर हाउस चौक से निकलेगा।
आज रात निकलेगा नवमी का ताजिया जुलूस
5 जुलाई की रात करीब 10 बजे सभी इमामबाड़ों से ताजिया, अखाड़ा व अलम सवारी लेकर जुलूस निकलेगा, जो पावर हाउस चौक पहुंचेगा। वहां अखाड़ा प्रदर्शन के बाद सभी ताजिए और अखाड़े अपने-अपने चौकों पर वापस लौट जाएंगे।
6 जुलाई को यौमे आशूरा का मुख्य आयोजन
यौमे आशूरा पर रविवार को दोपहर 2 बजे शहर के सभी चौकों से ताजिए, अखाड़े, अलम और सवारियाँ लंगर और शर्बत के साथ रवाना होंगी, जो पावर हाउस चौक पर एकत्र होंगी। इस मौके पर ढोल-ताशे, सबील, नजऱ और नियाज के साथ मातम और जुलूस निकाला जाएगा।
कर्बला के शहीदों का बयान जारी
जामा मस्जिद, सेक्टर-6 में मौलाना नैयर अशरफ अशरफी (किछौछा शरीफ) ने शहीद-ए-कर्बला हज़रत इमाम हुसैन की कुर्बानी पर बयान किया।
4 जुलाई को हाफिज इकबाल अंजुम अशरफी ने तकरीर की, जबकि 5 जुलाई को भी मजलिस जारी रहेगी।
मस्जिद ट्रस्ट के सदर मिर्जा आसिम बेग ने अकीदतमंदों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
खानकाह भोलइया में परचम कुशाई
बीरेभाठ स्थित खानकाह (भोलइया आश्रम) में 7 मुहर्रम को परचम कुशाई की रस्म अदा की गई और निशान शरीफ नसब किया गया। वहां नियाज और शर्बत सबील भी वितरित की गई।
रोजेदारों के लिए इफ्तार का आयोजन
जामा मस्जिद सेक्टर-6 में 10 मुहर्रम यानि 6 जुलाई को यौमे आशूरा के रोजे रखने वाले रोजेदारों के लिए शाम को विशेष इफ्तार का इंतजाम किया गया है। मिर्जा आसिम बेग ने रोजेदारों से इफ्तार में शामिल होने की अपील की है।
हुडको मस्जिद पहुंचे आलमगीर अशरफ
किछौछा शरीफ से आए मौलाना सैयद आलमगीर अशरफ अशरफी ने 3 जुलाई की शाम हुडको स्थित हजरत बिलाल मस्जिद में नमाज और तकरीर पेश की। मस्जिद कमेटी द्वारा उनका गुलपोशी कर स्वागत किया गया।
मुहर्रम के मौके पर भिलाई शहर श्रद्धा, अनुशासन और अखलाकी भाईचारे के साथ कर्बला के शहीदों को याद कर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर भी जुलूस के लिए आवश्यक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जा रही है।
शिक्षक के अपहरण मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। राजनांदगांव निवासी शिक्षक दीपक देशलहरे के अपहरण और मारपीट के मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 जुलाई की दोपहर बोरी थाना क्षेत्र स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुरदा में हुई थी, जहां शिक्षण समय के दौरान स्कूल में घुसकर आरोपियों ने शिक्षक से मारपीट की और जबरदस्ती कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
घटना का विवरण
प्रार्थिया सुनीता देशलहरे (उम्र 32 वर्ष, निवासी लिटिया) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जुलाई 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे उसके भाई दीपक देशलहरे ने कॉल कर बताया कि
लालबाग (राजनांदगांव) निवासी खरिमन दास बंजारे, सुमित कुमार बंजारे, गोकुल निर्मलकर और सावित्री बंजारे स्कूल में घुस आए
सभी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की
जबरन कार क्रमांक CG 04 KD 9009 में डालकर उसे अपने साथ ले गए
दीपक की मोटरसाइकिल CG 07 LK 2169 को भी बलपूर्वक छीन लिया
आरोपियों द्वारा पहले दिए गए पैसे का ब्याज समेत अवैध रूप से अधिक रकम की मांग की जा रही थी
???? त्वरित कार्रवाई
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना बोरी पुलिस ने
अपराध क्रमांक 83/2025
धारा 140, 308(5), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की
आरोपी खरिमन दास बंजारे, सुमित बंजारे, गोकुल निर्मलकर के कब्जे से दीपक देशलहरे को सुरक्षित मुक्त कराया गया
घटना में प्रयुक्त वाहन कार और बाइक को जब्त किया गया
चौथी आरोपी सावित्री बंजारे को बाजार चौक, बोरी से गिरफ्तार किया गया
गिरफ्तार आरोपी
खरिमन दास बंजारे (उम्र 55 वर्ष)
सुमित कुमार बंजारे (उम्र 35 वर्ष)
गोकुल निर्मलकर (उम्र 57 वर्ष)
सावित्री बंजारे (उम्र 52 वर्ष), सभी निवासी लालबाग, जिला राजनांदगांव
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की टीम रही सराहनीय
इस सराहनीय कार्रवाई में
निरीक्षक अनिल कुमार पटेल (थाना प्रभारी बोरी)
प्रधान आरक्षक योगेश पचौरी
आरक्षक ऋषि बंछोर, ऋतुराज सिंह और चंद्रशेखर यादव
की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कानून अपने हाथ में लेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत
दुर्ग। जिले में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। गया नगर से 5 जुलाई की सुबह रतनचंद संचेती (75 साल) रोज की तरह अपने घर से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। स्कूटी से निकलकर वे गंजपारा से पटेल चौक की ओर जा रहे थे।
तभी पिकअप ने इनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखकर जांच शुरू कर दी है। मृतक चाय पत्ती और अगरबत्ती का व्यापारी था। गया नगर में उनकी दुकान थी।
छोटा हाथी टाटा एस (CG 07 BQ 3909) के ड्राइवर घटना के बाद गाड़ी लेकर भाग गया। पुलिस अब इस हादसे की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की वजह का पता लगाया जा सके।
सड़क दुर्घटनाएं न हो, इस हेतु हम सभी सजग रहे : बघेल
संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाएं रोकने की गई रायशुमारी
दुर्ग । जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज संयुक्त सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चन्द्राकर एवं गजेन्द्र यादव तथा कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी सम्मिलित हुए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उसके रोकथाम के उपायों पर रायशुमारी की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं और असमय मौत को रोकने हेतु कारगर पहल करना समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यातायात के संसाधन बढ़ने के साथ हमें सजगता के साथ ट्रैफिक नियमों का जनता से पालन करवाना जरूरी हो गया है। यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होना चाहिए, लेकिन यह ध्यान रखा जाए कार्रवाई के नाम पर आम जनता परेशान न हो। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग में दुर्घटनाएं रोकने सभी आवश्यक पहल किया जाए। समयबद्ध ढंग से एक-एक करके अनावश्यक डिवाइडर को बंद करायी जाए। सांसद श्री बघेल ने आश्वस्त किया कि सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जिला एवं पुलिस प्रशासन के कार्यों को यहां के जनप्रतिनिधिगण हर संभव सहयोग करेंगे।
बैठक में एजेंडावार क्रमशः नेशनल हाइवे 53 में सर्विस रोड व मुख्य मार्ग के बीच सड़क बेरियर लगाने जाने, अतिक्रमण हटाने, रोड मार्किंग व समुचित प्रकाश व्यवस्था। ज्योति कटिंग/जनता कटिंग को बंद कर रेल नगर चरोदा कटिंग को खोलने, मार्केट एरिया व व्यवसायिक संस्थानों के सामने रोड को व्हाईट पट्टी से मार्किंग। शहर के प्रमुख चौक-चौराहे पर लेफ्ट टर्न बनाने, दुर्घटना में घायलों की प्राथमिक उपचार हेतु एम्बुलेंस की व्यवस्था। स्कूल के सामने संकेत बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, साईन बोर्ड, नो पार्किंग एवं अन्य आवश्यक बोर्ड लगाने। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित शराब दुकानों को अन्य जगह स्थांनांतरित करने। नो एन्ट्री जोन, गुरूद्वारा तिराहा से दुर्ग शहर की ओर एवं अंजोरा बायपास से पुलगांव दुर्ग शहर की ओर भारी मालवाहकों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने।
बस स्टैण्ड, सुलभ शौचालय के पीछे एरीकेशन विभाग के रिक्त भूमि पर पार्किंग स्पेस तैयार कराने। राजेन्द्र पार्क चौक, ग्रीन चौक एवं पुलगांव चौक से जेल तिराहा तक मीडियम साइज डिवाइडर बनाने। झरोखा बोगदा पुलिया से डी-मार्ट एवं आरोग्यम हॉस्पिटल से बोगदा पुलिया तक सड़क मार्ग की दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण। उतई पाटन एवं पाटन मोतीपुर अमलेश्वर, पुलगांव अण्डा रोड में रात्रि के समय समुचित प्रकाश की व्यवस्था। रेल चौक (ग्लोब चौक) में सिग्नल की स्थापना, खुर्सीपार रोलिंग मिल गेट से सिरसाकला चौक तक बीएसपी बाउण्ड्रीवॉल के किनारे-किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग के पैरलर सड़क निर्माण। दुर्ग भिलाई शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुगम यातायात संचालन हेतु ट्रैफिक बूथ निर्माण और सड़क सुरक्षा मितान का चिन्हांकन व सहायता राशि के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में विधायक गजेन्द्र यादव, ललित चन्द्राकर और डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने भी जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किये। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा के संबंध में सौपे गये विभागीय कार्यों के अद्यतन प्रगति के संबंध में समिति को अवगत कराया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री ऋचा मिश्रा ने पी.पी.पी. के माध्यम से वर्ष 2023-24 एवं माह जनवरी से जून 2025 तक सड़क दुर्घटनाओं की माहवार तुलनात्मक जानकारी प्रस्तुत की। इसी प्रकार जनवरी से जून 2025 तक की मार्गवार, समयवार एवं थानेवार जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने मोटर व्हीकल एक्ट के प्रमुख धाराओं में चालानी कार्रवाई, ग्रे स्पॉट व ब्लैक स्पॉट, अधोसंरचना सुधार, सड़क बेरियर, राष्ट्रीय राजमार्ग में प्रमुख चौक-चौराहों पर रम्बल्ड स्ट्रिक, ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के लिए रूट तथा स्टैण्ड व्यवस्था की ओर समिति का ध्यान आकृष्ट किया। बैठक में एडीएम विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के सीईओ बी.के. दुबे, नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम दुर्ग के आयुक्त सुमीत अग्रवाल, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, एसडीएम महेश राजपूत एवं हितेश पिस्दा सहित पुलिस एवं समस्त विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
किसानों को मिल रही सुविधा एवं पर्याप्त मार्गदर्शन
दुर्ग। खरीफ 2025 सीजन के लिए जिले में किसानों को बीज की उपलब्धता को लेकर कोई समस्या नहीं है। कृषि विभाग द्वारा विभिन्न फसलों के लिए 28,167 क्विंटल बीज की मांग की गई थी, जिसके मुकाबले आज दिनांक तक धान, अरहर, सोयाबीन, उड़द, मूंग और रागी सहित कुल 29,649.78 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया है। यह आंकड़ा मांग से 108% अधिक उपलब्धता को दर्शाता है, जिससे किसानों को पर्याप्त बीज उपलब्ध हो पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपलब्ध बीज में से 27,178.10 क्विंटल बीज जिले की 87 सेवा सहकारी समितियों द्वारा किसानों को वितरण हेतु उपलब्ध कराया गया है, जो कि उपलब्ध बीज का लगभग 94% है जिसका किसानों द्वारा उठाव किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, विभागीय प्रदर्शनों के लिए कृषि विभाग के पास 183 क्विंटल बीज मौजूद है, जबकि बीज उत्पादन कार्यक्रम और किसानों को नगद बिक्री हेतु प्रक्रिया केंद्र रुआबांधा से 1,952 क्विंटल बीज उपलब्ध कराया गया है। किसानों को उनकी मांग के अनुरूप बीज निगम द्वारा प्रमाणित, आधार और प्रजनक बीज उपलब्ध कराया गया है।
इन बीजों का उपयोग सामान्य बोनी के साथ-साथ आगामी वर्ष हेतु बीज उत्पादन कार्यक्रम में भी किया जा रहा है, जिससे भविष्य के लिए भी गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। वर्तमान में, वितरण के उपरांत समितियों में 1,100 क्विंटल और बीज निगम में 530 क्विंटल बीज शेष है। इन बचे हुए बीजों का वितरण/विक्रय कार्य किसानों के बीच निरंतर जारी है। कृषि विभाग के मैदानी अमले भी किसानों को उनकी मांग के अनुरूप समितियों और बीज निगम में उपलब्ध बचे हुए बीज को खरीदने के लिए लगातार मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
जिले के किसान इस पर्याप्त उपलब्धता से बेहद संतुष्ट हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी निति के तहत किसानों को सहकारी समिति में जरूरत के अनुसार अच्छी गुणवत्ता का बीज आसानी से मिल गया हैं। बीज प्रबंधक एस. के. बेहरा ने आश्वस्त किया है कि चालू खरीफ सीजन के दौरान जिले में किसी भी फसल के बीज की कोई समस्या या कमी नहीं है। यह सुनिश्चित किया गया है कि किसानों को उनकी आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध हो सके, जिससे खरीफ की बुवाई सुचारु रूप से संपन्न हो सके और अच्छी फसल का लाभ मिल सके।
धान संग्रहण केन्द्रों में सड़क मरम्मत कार्य प्रारंभ
गड्ढों को मलबे और मुरूम से भरे जा रहे हैं
दुर्ग । कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश के परिपालन में जिले के धान संग्रहण केन्द्र सेलूद और अरसनारा अंतर्गत सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो गया है। संग्रहण केन्द्र के सड़कों में गड्ढे मलबे और मुरूम से भरे जा रहे हैं। जिससे अब धान परिवहन व्यवस्था सुगम हो जाएगी। धान से लोडेड ट्रक अब फंसेंगे नहीं, जिससे धान परिवहन में तेजी आएगी।
वहीं संग्रहण केन्द्रोें से धान का उठाव भी तेज गति से होगी। ज्ञात हो कि विगत दिवस कलेक्टर अभिजीत सिंह ने धान संग्रहण केन्द्रों का निरीक्षण कर सड़कों के गड्ढे मलबों एवं मुरूम से भरने के निर्देश दिये थे। अरसनारा संग्रहण केन्द्र में नगर पालिका अहिवारा एवं जामुल से मलबे लाये जा रहे हैं। वहीं सेलूद संग्रहण केन्द्र में भिलाई-03 चरौदा निगम से मलबे लाये जा रहे हैं। संग्रहण केन्द्र में ट्रकों के आवाजाही हेतु गड्ढों में मलबे एवं मुरूम डालकर मार्ग मरम्मत किया जा रहा है।
सांसद ने विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
मोर गांव मोर पानी अभियान की सराहना
दुर्ग । सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कल जिला पंचायत के सभाकक्ष में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले में संचालित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद श्री बघेल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हों। उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी पात्र नागरिक इससे वंचित न रहे।
सांसद श्री बघेल ने कहा कि विकास की राह पर आगे बढ़ने के लिए ईमानदारी, सक्रियता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करें ताकि कार्यों की प्रगति की वास्तविक स्थिति का आंकलन किया जा सके। दिशा समिति की बैठकों का मुख्य उद्देश्य यही है कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी पर समय रहते कार्यवाही हो और लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण हों। उन्होंने यह भी कहा कि जिले ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जो हमारी ईमानदारी और सक्रियता का परिणाम है।
पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन पर विशेष बल देते हुए श्री बघेल ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वृक्षारोपण तथा सोखपीट निर्माण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया जैसे एक वृक्ष मां के नाम पर लगाया जाता है, वैसे ही एक सोखता अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बनाएं, ताकि उन्हें कभी पानी की कमी न झेलनी पड़े।
जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे ने मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय योजना, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की जानकारी दी। सीईओ दुबे ने बताया कि "मोर गांव मोर पानी" अभियान के अंतर्गत मिशन जल रक्षा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों द्वारा स्वप्रेरणा से 1716 सोकपीट का निर्माण किया गया है, जो ग्रामीणों की जल संरक्षण के प्रति जागरूकता को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त जल बहाव क्षेत्र (ब्ंजबीउमदज ।तमं) में कुल 300 सोकपीट निर्माण की योजना है, जिनमें से 75 सोकपीट का निर्माण पूर्ण हो चुका है। सांसद श्री बघेल ने इस अभिनव प्रयास और स्वप्रेरणा से किए गए कार्यों के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 1551 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिनमें से 1192 केंद्र अपने स्वयं के भवनों में हैं। हालांकि इनमें से 25 भवन जर्जर हालत में हैं। इस पर श्री बघेल ने निर्देश दिया कि नए भवनों की स्वीकृति मिलते ही पुराने, जर्जर भवनों को तत्काल ध्वस्त कर नए भवनों का निर्माण प्रारंभ किया जाए ताकि बच्चों और कार्यकर्ताओं को सुरक्षित और उपयुक्त वातावरण मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के संबंध में भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। श्री बघेल ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि डॉक्टरों की उपस्थिति हर अस्पताल में अनिवार्य रूप से होनी चाहिए। डॉक्टरों के अभाव में मरीजों को ईधर-उधर भटकना न पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने सिकलसेल रोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर आयोजित बैठकों में इस विषय को एजेण्डे में शामिल किया जाए ताकि इस बीमारी के प्रति आम जनता में समझ और सतर्कता बढ़े। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि वर्तमान में जिले में 6 डायलिसिस मशीनें उपलब्ध हैं, जो गंभीर मरीजों के लिए राहतदायक हैं।
कृषि क्षेत्र की चर्चा के दौरान श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा बताते हुए कहा कि धान की फसल के लिए अत्यधिक पानी की आवश्यकता होती है, जिसके कारण किसान जल स्रोतों पर निर्भर हो जाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि किसानों को सूर्यमुखी जैसी वैकल्पिक फसलों की ओर प्रेरित किया जाए, क्योंकि यह फसल कम पानी में भी बेहतर उत्पादन देती है और आर्थिक रूप से भी अधिक लाभदायक सिद्ध हो सकती है।
सांसद श्री बघेल ने अटल मिशन जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन की नगरीय निकायवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी नगरीय निकायों को निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस संबंध में नगरपालिक निगम भिलाई-चरोदा की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को वर्षा जल संग्रहण (वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाने के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सांसद श्री बघेल ने कहा कि जैसे शहरी क्षेत्रों में घर-घर कचरा एकत्रित किया जा रहा है, उसी प्रकार सभी ग्रामों में भी नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यरत स्वच्छग्राही दीदियों को ग्रामवासियों से कोई भुगतान नहीं मिलता, जिसके कारण वे कचरा एकत्र नहीं कर पातीं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक ग्रामीण घर से प्रतिमाह 20 रुपए लिए जाएं, जिससे स्वच्छता दीदियों को प्रोत्साहन मिल सके और नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक के समापन पर सांसद श्री बघेल ने कहा कि जिले को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। जनसेवा ही हमारा कर्तव्य है, और जब तक योजनाओं का लाभ ज़रूरतमंदों तक नहीं पहुंचता, तब तक हमारा प्रयास अधूरा है।
बैठक में कलेक्टर अभिजीत सिंह, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक अहिवारा डोमनलाल कार्सेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत दुर्ग अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वर देवांगन, जनपद धमधा अध्यक्ष लिनेन साहू, जनपद पाटन अध्यक्ष कीर्ति नायक, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमित अग्रवाल, नगर निगम भिलाई आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा सहित सभी विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव सम्पन्न
नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर और मुंह मीठा कर किया गया स्वागत
दुर्ग । सांसद विजय बघेल के मुख्य आतिथ्य में तथा विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर, विधायक दुर्ग शहर गजेन्द्र यादव की उपस्थिति में आज जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम जे.आर.डी.बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला में आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह भी सम्मिलित हुए। बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि सांसद बघेल और अन्य अतिथियों ने आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इसके साथ ही पहली, छठवीं एवं नवमी कक्षा के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकें भेंट की गईं। अतिथियों का स्वागत बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर किया गया।
अतिथियों द्वारा विद्या की देवी सरस्वती की तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सांसद बघेल एवं अन्य अतिथियों ने नन्हे-मुन्ने आंगनबाड़ी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय विद्यालयों से आए कक्षा पहली, छठवी और नवमीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को भी तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर, गणवेश और पाठ्यपुस्तक भेंट कर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
शाला प्रवेश उत्सव को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री बघेल ने इस अवसर पर कहा कि जे.आर.डी. स्कूल की ऐतिहासिक महत्ता रही है, जहां से पढ़कर कई छात्र आज उच्च पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों की बदली छवि की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ये स्कूल बेहतर परिणाम दे रहे हैं और प्राइवेट स्कूलों के समकक्ष खड़े हो रहे हैं। सांसद श्री बघेल ने कहा कि स्वर्गीय झाडू राम देवांगन की स्मृति में इस स्कूल का नाम रखा गया है। यह दुर्ग जिले का बहुत पुराना स्कूल है। उन्होंने सभी नवप्रदेश बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं दी। सांसद बघेल ने कहा कि कुछ वर्षों पहले तक यह माना जाता था कि शासकीय स्कूलों में न तो पढ़ाई होती है और न ही पर्याप्त व्यवस्था होती है, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षक और प्राचार्य को धन्यवाद दिया कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद इन स्कूलों ने बेहतर परिणाम दिए हैं, जो कि निजी स्कूलों के लिए भी एक प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षा एक व्यवसाय बन गया है, जहां अधिक फीस लेकर भी जरूरी नहीं कि गुणवत्ता दी जा रही हो। जबकि शासकीय विद्यालयों में वही पाठ्यक्रम, सीमित संसाधन और कम फीस के बावजूद बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों को और मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय निरंतर प्रयासरत हैं, वहीं प्रधानमंत्री भी शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे अमूल्य विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। सांसद बघेल ने कहा कि पीएमश्री योजना के माध्यम से शिक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव आया है और इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। यह नई पीढ़ी ही कल के भारत की रचना करेगी। उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों के बच्चे अब यह साबित कर रहे हैं कि वे किसी से कम नहीं हैं। इस अवसर पर विधायक ग्रामीण ललित चंद्राकर ने भी शाला प्रवेश उत्सव को सम्बोधित किया। विधायक गजेन्द्र यादव ने भी अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं और शिक्षक व विद्यालय प्रशासन को उनकी सकारात्मक पहल के लिए धन्यवाद दिया।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा एक ऐसा धन है जिसे न तो कोई चुरा सकता है, न ही खत्म किया जा सकता है। यह ऐसा अमूल्य संसाधन है जो बाँटने से और अधिक बढ़ता है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनका घर होता है, जहाँ उन्हें माता-पिता से शुरुआती ज्ञान प्राप्त होता है। इसके बाद जैसे ही उनकी उम्र बढ़ती है, वे विद्यालय में प्रवेश लेकर औपचारिक शिक्षा प्राप्त करते हैं और गुरूजनों के सान्निध्य में एक अच्छे नागरिक के रूप में तैयार होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार गरीब-अमीर सभी को समान रूप से मिला है और आज के दौर में शिक्षा के बिना कोई भी राष्ट्र या समाज तरक्की नहीं कर सकता। शिक्षा से ही व्यक्ति आत्मनिर्भर बनता है और अपने परिवार, समाज और देश के लिए योगदान देता है।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मुख्यमंत्री सरस्वती सायकल योजना के तहत दूरस्थ अंचल में निवास करने वाले 11 छात्राओं को सायकल भी वितरित की गई। इसके अलावा कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की परीक्षा उत्कृष्ट अंकों के साथ उत्तीर्ण करने वाले मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 6 दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर प्रदान की गई। वहीं दिव्यांग छात्रा मानसी को राइटर की सहायता से बोर्ड परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मुख्य अतिथि सांसद श्री बघेल ने उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान की तहत शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
राजनीतिक पार्टियों को निर्वाचन आयोग की नोटिस
दुर्ग । मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ द्वारा राष्ट्रीय आदिवासी बहुजन पार्टी के अध्यक्ष, प्लाट नंबर 4, पुष्पक नगर जुनवानी रोड भिलाई जिला दुर्ग तथा राष्ट्रीय समाजवादी स्वाभिमान मंच के अध्यक्ष, प्लाट नंब 33/34 लक्ष्मी नगर रिसाली दुर्ग को वर्ष 2019 से पिछले 06 वर्षों में लोकसभा या किसी राज्य विधानसभा उपचुनाव में किसी भी चुनाव में कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं करने के चलते कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त पार्टियों को 11 जुलाई 2025 को सुनवाई के लिए कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी में उपस्थित होने कहा गया है। सुनवाई के दौरान दल के अध्यक्ष/महासचिव/प्रमुख को अनिवार्य रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया है।
नदी में डूबने से वायुसेना के जवान की मौत
दुर्ग । दुर्ग के एयर फोर्स जवान प्रिंसराज यादव की गुरुवार को नैनीताल में कलसा नदी में डूबने से मौत हो गई। दो साल पहले ही उसकी पठानकोट पंजाब में एयर-फोर्स में नौकरी लगी थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार को नैनीताल के पास परिताल से लगभग 2 किमी पहले मुसाताल में नहाते वक्त एयरफोर्स के 2 जवान डूब गए। डूबने वाले दोनों युवक एयरफोर्स में कार्यरत थे। एयरफोर्स में तैनात 4 दोस्त नैनीताल घूमने आये थे।
प्रिंस कुमार (22) निवासी बिहार, साहिल कुमार (23) अपने दो अन्य साथियों नयाल सौरभ सिंह (25) और बृजेन्द्र (25) गुरुवार सुबह लगभग 12 बजे मुसाताल पहुंचे। उनके साथ चार युवतियां भी मौजूद थीं।
सभी युवक-युवतियां मुसाताल के पास नदी किनारे रुके और दो युवक नहाने के लिए नदी में उतर गए। भारी बरसात के चलते नदी का जल स्तर और बहाव बहुत अधिक था, जिसमे प्रिंस कुमार और साहिल कुमार दोनों जवान डूब गए। सूचना मिलते ही एसडीएम धारी केएन गोस्वामी, थाना अध्यक्ष मुक्तेश्वर जगदीप सिंह नेगी, भीमताल पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। मुक्तेश्वर व भीमताल पुलिस द्वारा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके तहत दोनों शव बरामद किए गए और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए।