नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने पर दुर्ग में भाजपा का विरोध प्रदर्शन
दुर्ग। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार देर रात दुर्ग के हिंदी भवन के पास महात्मा गांधी पुतले के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रात करीब 9 बजे आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के मार्गदर्शन में प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान महापौर अलका बाघमार सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर सरोज पाण्डेय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो सका, जिससे महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित होना पड़ा।
उन्होंने विशेष रूप से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के हितों की बात करने वाली पार्टी ने इस विधेयक का समर्थन नहीं किया, जिससे उनका दोहरा रवैया सामने आया है।
महापौर अलका बाघमार ने भी विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि इस अधिनियम का विरोध उनकी मानसिकता को दर्शाता है और आने वाले समय में देश की महिलाएं इसका जवाब देंगी।
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनमें जिला एवं मंडल स्तर के नेता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।