छत्तीसगढ़ / दुर्ग
पार्क की जमीन पर तान दिया स्कूल, केपीएस प्रबंधन के खिलाफ FIR
भिलाई। सुपेला थाना अंतर्गत नेहरू नगर स्थित कृष्णा एजुकेशन सोसायटी (कृष्णा पब्लिक स्कूल प्रबंधन) के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। केपीएस प्रबंधन पर आरोप है कि स्कूल से लगी पार्क की जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे स्कूल भवन का निर्माण कराया गया। इसके लिए निगम के कुछ अधिकारियों की मिली भगत से न सिर्फ भवन अनुज्ञा ले ली बल्कि भवन पूर्णता प्रमाण पत्र भी दे दिया। अब इस मामले में आवेदक वैशाली नगर निवासी रवि शर्मा की शिकायत पर कृष्णा एजुकेशन सोसायटी के अधयक्ष एमएम त्रिपाठी, सचिव प्रमोद त्रिपाठी, वास्तुविद आरके पटेल व नगरनिगम भिलाई के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ धारा 419,420,467,468,471,120बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
अपनी शिकायत में रवि शर्मा ने बताया कि कृष्णा एजुकेशन सोसायटी (कृष्णा पब्लिक स्कूल) नेहरू नगर भिलाई व्दारा नगर निगम भिलाई के अधिकारियों ने मिलीभगत कर खसरा नंबर बदलकर एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उद्यान व पौधरोपण के लिए आबंटित भूमि पटवारी हल्का नंबर 15 खसरा नंबर 836/837 आवंटित भूमि 22910/73089 कुल रकबा 95999 वर्गफुट भूमि का खसरा नंबर 306 लिखकर फर्जी दस्तावेज बनाए। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियो से मिलिभगत भवन अनुज्ञा ले ली और भवन निर्माण कराया गया।
खसरा नंबर बदलकर उद्यान की जमीन पर कराया निर्माण
रवि शर्मा ने बताया कि कृष्णा एजुकेशन सोसायटी (कृष्णा पब्लिक स्कूल) नेहरु नगर भिलाई को स्कूल भवन के लिए तत्कालिक मध्यप्रदेश सरकार व्दारा वर्ष 1986 में 60000 वर्गफीट भूमि का आबंटन किया गया। जिसका खसरा नंबर 306 है। छत्तीसगढ़ शासन व्दारा वर्ष 2005 में कृष्णा पब्लिक स्कूल से लगी 95999 वर्गफीट भूमि खसरा नंबर 836-837 विशेष शर्तों पर उद्यान व पौधरोपण के लिए आबंटित किया गया। वर्ष 2007 कृष्णा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एमएम त्रिपाठी, सचिव प्रमोद त्रिपाठी, वास्तुविद आरके पटेल तथा नगर निगम भिलाई के अधिकारियों से मिलीभगत एवं षड़यंत्र कर तथा कूटरचित दस्तावेज के आधार पर खसरा नंबर 836-837 को बदलकर उसे उनकी जमीन का खसरा नंबर 306 दिखा दिया। यही नहीं इसके बाद पौधरोपण के लिए आरक्षित भूमि में शाला भवन निर्माण के लिए पहले वर्ष 2007 में भवन अनुज्ञा ली और एक साल बाद वर्ष 2008 में भवन पूर्णता प्रमाण पत्र भी ले लिया। इसके बाद वर्ष 2012 में नगर निगम के अधिकारियों से मिलिभगत कर नियमतिकरण भी करवा लिया गया।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
रवि शर्मा ने बताया कि यह मामला सामने आने के बाद 2016 में नगर निगम भिलाई को शिकायती पत्र दिया। इस विषय की जांच कलेक्टर व आयुक्त, नगर निगम भिलाई व्दारा पृथक-पृथक करवाई गई। लगभग एक वर्ष पूर्व प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में इस फर्जीवाड़े का स्पष्ट उल्लेख हैं किन्तु इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई है। रवि शर्मा ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार पार्क व उद्यान हेतु आरक्षित भूमि में निर्माण कार्य एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। रवि शर्मा ने इस मामले में 27 अगस्त 2018 को सुपेला थाना प्रभारी के पास शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के बाद अब इस मामले में कृष्णा एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एमएम त्रिपाठी, सचिव प्रमोद त्रिपाठी, वास्तुविद आरके पटेल तथा नगर निगम भिलाई के अधिकारियों पर अपराध दर्ज किया गया।
आग लगने से कार सवार दो लोगों की मौत, दो घायल
दुर्ग। जिले में धमधा और नंदिनी के बीच सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, पेड़ से टकराने के बाद कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना नंदनी थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, धमधा और नंदिनी के बीच एक कार पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराते ही कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
रायपुर में देर रात युवक की मिली लाश
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात युवक की मिली लाश है। कचहरी के सामने SBI एटीएम के पास लाश पड़ी हुई थी। युवक के बॉडी पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है की हत्या की गई है। पूरा मामला मौदाहापारा थाना क्षेत्र का है।
चार पहिया वाहनों में हो रहा है जमकर पुलिस सायरन और हुटर व नीली बत्ती का दुरूपयोग
भिलाई । ट्राफिक पुलिस और ट्राफिक में जाम से बचने इन दिनों दुर्ग जिलें में पुलिस का सायरन, हुटर लगाने और कांच में ब्लैक फिल्म लगाने के साथ ही अब पुलिस का टैग भी निडर होकर धड़ल्ले से लगाकर जमकर इसका दुरूपयोग लग्जरी वाहनधारियों द्वारा किया जा रहा है। लग्जरी वाहनों पर पुलिस ऐसे भी कार्यवाही करने हाथ डालने से डरती है और जिन वाहनों में हुटर व सायरन लगा होता है उन वाहनों को तो और भी नजरअंदाज कर देती हैं, लेकिन पुलिस के बडे अधिकारियों को लगातार इस प्रकार की मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस के बडे अधिकारियों ने अब ऐसे वाहनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये है, जिसके तारतम्य में शनिवार को खुर्सीपार चौक में एक वाहन में हुटर व सायरन लगे होने के साथ ही पुलिस का टैग का उपयोग करने वाले वाहन को जबरिया रूकवाकर जब उसकी चेकिंग की गई तो वह फर्जी निकला।
पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने बताया कि एयरपोर्ट से सवारी लेकर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया। कार में पुलिस का नेम प्लेट, सायरन, ब्लेक फिल्म एवं मोनो लाईट उपयोग किया गया था। वाहन मालिक पर पुलिस द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर खुर्सीपार पुलिस को सौंपा गया। दरअसल यातायात पुलिस को सूचना मिली की एक संदिग्ध वाहन क्रमांक-सीजी 13 यूजी 8280 का चालक पुलिस का नेम प्लेट, सायरन, ब्लेक फिल्म एवं निली बत्ती लगाकर रायपुर से दुर्ग की ओर आ रहा है।
कुम्हारी चौक में रोकने पर कट मारकर आगे निकल गया, ऐसे ही सिरसा गेट चौक एवं डबरापारा चौक पर रोकने का प्रयास किया गया। यहां भी कट मारते हुए वाहन भगाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने सिरसा गेट से वाहन का पीछा कर रोकने का प्रयास किया गया। खुर्सीपार चौक पाइंट देकर कार को रुकवाया गया। जांच करने पर पता चला कि कार को जितेन्द्र दुबे पिता ललीत कुमार निवासी शिवपुरी जामुल चला रहा था। कार चालक को पकड़कर कार के साथ यातायात मुख्यालय नेहरू नगर लाया गया। वाहन चालक से उक्त वाहन में लाईट एवं सायरन लगाने की वजह पूछने पर बताया गया कि उक्त वाहन मालिक के द्वारा लाइट सायरन लगाया गया है।
वाहन मालिक ने रायपुर एयरपोर्ट से दुर्ग बुकिंग के लिए भेजा गया था और डर की वजह से वाहन नहीं रोक रहा था। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा प्राईवेट वाहन में लाईट सायरन लगाना, ब्लेक फिल्म आदेश की अवहेलना के तहत कार्यवाही कर अग्रिम कार्यवाही के लिए थाना खुर्सीपार के सुपुर्द किया गया। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा लगातार ऐसे संदिग्ध वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिनों पूर्व सहायक उप निरीक्षक राजकुमार दुबे द्वारा सेलूद चौक पर भी ऐसे एक वाहन को पकड़ा गया था जो कि उपमुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के काफिले में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।
कोक ओवन विभाग में नई चेतना कार्यक्रम का आयोजन
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग में कार्यरत महिला ठेका श्रमिकों के लिए नई चेतना कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग तुलाराम बेहेरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक कोक ओवन एस राय चौधरी तथा झगर सिंग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि तुलाराम बेहेरा ने उपस्थित महिला ठेका श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं को दोहरी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होता है। घर-परिवार के साथ-साथ कार्यस्थल के महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनकी जवाबदारी होती है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से आप सभी अपने कार्यस्थल में होने वाली समस्याओं के निदान से सम्बंधित समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते है। बेहेरा ने सभी को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दी व उनके बेहतर भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक मानव संसाधन विजय कुमार ने किया तथा अतिरिक्त श्रम कल्याण अधिकारी प्रवीण शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
भिलाई इस्पात संयंत्र के वित्त एवं लेखा विभाग में हिंदी कार्यशाला आयोजित
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के वित्त एवं लेखा विभाग के सभागार में कार्यपालक निदेशक वित्त एवं लेखा डॉ. अशोक कुमार पंडा के मुख्य आतिथ्य में हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक वित्त एवं लेखा डॉ. अशोक कुमार पंडा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सबको हिंदी में समस्त कार्यालयीन कार्य करना ही है, इसके लिए पत्राचार एवं नोटिंग आदि में हिंदी के छोटे-छोटे वाक्यों का प्रयोग करके शुरुआत अवश्य करें। यदि हिंदी लेखन में कठिनाई आती है, तो वॉइस टाइपिंग की सहायता लें। हिंदी में सभी कार्यालयीन कार्य करने के लिए वित्त एवं लेखा विभाग पूर्णत: प्रतिबद्ध है। हिंदी में काम हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है, हमें इसे पूरा करना ही है।
इस अवसर पर उप प्रबंधक संपर्क व प्रशासन, राजभाषा, जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने राजभाषा के सांविधिक प्रावधानों की जानकारी दी तथा ऑनलाइन गूगल वॉइस टाइपिंग एवं ऑनलाइन नोटशीट प्रणाली 'सैपÓ में हिंदी में नोटशीट बनाने का प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को हिंदी में कार्य करने की शपथ दिलाई। कार्यशाला में राकेश कुमार जैन, कनिष्ठ प्रबंधक, जुलेखा, सेक्शन एसोसिएट, चन्द्रलता चन्द्राकर, वरिष्ठ स्टाफ सहायक तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यशाला का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन अनुभाग अधिकारी श्री सुनील कुमार शर्मा ने किया।
आम जनजीवन से लेकर समाज के हर हिस्से में होना चाहिए नैतिकता का समावेश: अरोरा
भिलाई । भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप एसएमएस-3 विभाग की जनरल मैनेजर पुष्पा एंब्रोस की पहली पुस्तक 'फ्रॉम प्रिंसिपल्स टू प्रैक्टिस का विमोचन शुक्रवार को स्टील क्लब में किया गया। अंग्रेजी में लिखी गई इस पुस्तक का विमोचन बीएसपी के पूर्व कार्यकारी प्रमुख विनोद कुमार अरोरा व उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने किया। पुस्तक का हिंदी में अनुवाद भी शुरू हो चुका है। केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्तकर्ता लेखिका पुष्पा एंब्रोस ने अपनी इस किताब में संस्थागत स्तर पर कार्यस्थल और आम जनजीवन में नैतिकता से जुड़े विभिन्न उदाहरणों का उल्लेख करते हुए इनका सटीक तौर पर विश्लेषण किया है।
व्यक्तित्व व कृतित्व पर हुई बात:-
आयोजन में मुख्य अतिथि विनोद कुमार अरोरा ने कोक ओवन विभाग में उनके अधीनस्थ अफसर रही लेखिका पुष्पा एम्ब्रोस के व्यक्तित्व पर अपनी बात रखते हुए कई मिसालें दी। उन्होंने बताया कि कैसे उनके विभाग में एक हादसे के दौरान पुष्पा एम्ब्रोस पूरी मुस्तैदी से कार्यस्थल पर डटी हुई थी। उन्होंने कहा कि आम जनजीवन से लेकर समाज के हर हिस्से में नैतिकता का समावेश होना चाहिए और सटीक उदाहरणों के माध्यम से लेखिका ने अपनी किताब में इसे बखूबी उकेरा है।आयोजन में विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित फादर जॉन जेवियर, बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव परविंदर सिंह, सीओसीसीडी के पूर्व सीजीएम राजीव श्रीवास्तव, पत्रकार एवं लेखक मुहम्मद जाकिर हुसैन तथा फादर साबू ने भी लेखिका के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार भी रखे।
अपने अनुभव लिखने से की शुरुआत:-
समारोह में लेखिका पुष्पा एम्ब्रोस ने बताया कि उन्हें पुस्तक लिखने की प्रेरणा दिवंगत माता-पिता श्रीमती ग्रेसी चेरियन और के. जे चेरियन से मिली। शुरुआत में अपने अच्छे-बुरे अनुभवों को लिखा। करीब बीस पन्ने लिखने के बाद उन्हें लगा कि इसे यहीं छोड़ देना चाहिए, क्योंकि वे जॉब में हैं। इसी बीच उनकी माता गुजर गईं और उन्होंने लिखने का विचार त्याग दिया। फादर जॉन ने उन्हें सलाह दी कि वे दिवंगत माँ को श्रद्धांजलि देने के रूप में लेखन जारी रखें। उन्होंने दोबारा लिखना शुरू किया, इस तरह यह पुस्तक पूर्ण हुई। लेखिका ने संपूर्ण रचनाक्रम में अपने पति ज्यूड फ्रांसिस के विशिष्ट योगदान का भी उल्लेख किया।
कविता और गीतों ने समां बांधा:-
आयोजन में बीएसपी कर्मी प्रदीप मेनन ने लेखिका पुष्पा एम्ब्रोस को समर्पित कविता प्रस्तुत की।, शुरूआत में स्वागत भाषण रिचर्ड एम्ब्रोस ने दिया। वहीं डोमिनिक मार्टिन, एस. रानी, एस. ज्योति एवं बिन्नी डेनियल ने स्वागत गान 'शावर्स ऑफ ब्लेसिंग्सÓ प्रस्तुत किया। समारोह में बीएसपी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में पदस्थ डॉ. रूचिर भटनागर, सीईडी के मंडा गुरुनाथ और जोशुआ फर्नांडिस ने शानदार फिल्मी नगमे पेश किए। संचालन एलडीसीपी के महाप्रबंधक वीरेंद्र ओगले ने किया। स्टील क्लब के सेक्रेटरी डी विजित ने भी विशेष सहयोग दिया।
निगम ने शुरू किया पतंग दुकानवालों पर शिकंजा कसना
दुर्ग। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पतंग विक्रेता की दुकानों पर चलाया चैकिंग अभियान। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के आदेश पर कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश एवं राजस्व अधिकारी मनीष कुमार गायकवाड़ के मार्गदर्शन में निगम प्रशासन राजस्व विभाग की टीम एक्शन में आया। मौके पर शहर के पतंग दुकानों पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे और उनके दुकानों की जांच की। पतंग दुकानों से चायनीज व नाइलोन का मांझा (डोर)जब्त कर कार्रवाही किया जा रहा है।
निगम प्रशासन की कार्रवाही से दुर्ग शहर में अब नायलॉन चाइनीज मांझा का कहर नही रहेगा है। निगम टीम शहर क्षेत्र के बाजार क्षेत्रो सहित गली मोहल्ले में घूम-घूमकर दुकानों में जाकर नायलॉन चाइनीज मांझा की चैकिंग कर रही है, चैकिंग के दौरान जिस दुकान में अगर चाइनीज मांझा पाए जाते, तत्काल जब्त के साथ जुर्माना की कार्रवाही की जा रही है। बता दे कि दो दिन पूर्व चायनीज मांझे से एक 36 वर्ष व्यक्ति की चाइना डोर से गला कट जाने के बाद उन्हें भिलाई स्थित स्पर्श अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया.
दो दिन आईसीयू में मौत से जंग जीतने के बाद युवक अभी खतरे से बाहर है। मिली जानकारी के मुताबिक युवक की हालत सामान्य है। हादसे के बाद कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा सभी जिले के निकाय क्षेत्र के पतंग विक्रेता दुकानों में जाँच करने के आदेश दिये गए हैं. उन्होंने कहा चायनीज मांझे बिक्री जहाँ भी हो रही है ज़ब्ती करें। आगामी दिनों मे पतंगों का त्यौहार मकर संक्रांति मनाया जाएगा। इसके चलते पतंग अभी से उड़ाई जा रही है। ऐसे में हर साल की तरह इस बार भी बाजार में चायना डोर के विक्रय पर प्रतिबंध है।
चाइनीज मंजा बेचने और खरीदने वालों पर एक लाख का होगा जुर्माना और पांच साल की होगी जेल
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शनिवार को चाइनीज मांजा बेचने वालों पर कार्रवाई की गई। सरकार द्वारा प्रतिबंद लगाए जाने के बाद भी भिलाई में धडल्ले से चाइनीज मांजा बेचा जा रहा था। एक दिन सुपेला में एक युवक इसकी चपेट में आने से घायल हो गया। इसके बाद भिलाई निगम ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की औा चाइनीज मांजा बेचने वालों से जुर्माना वसूल किया गया। ज्ञातव्य हो कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पक्षियों, इंसानो और पर्यावरण की सुरक्षा को देखते हुए चाइनीज मांझे की खरीद और बिक्री पर रोक लगा दी है। इस आदेश के उल्लंघन पर 5 साल की जेल, एक लाख जुर्माना या फिर दोनों सजा हो सकती है।
छत्तीसगढ़ के आवास एवं पर्यावरण विभाग ने चीनी धागों की खरीद और बिक्री के मद्देनजर अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर इसे दंडनीय अपराध करार दिया है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धाराओं का उपयोग करते हुए इसकी खरीद, बिक्री, उत्पादन, भण्डारण, आपूर्ति और उपयोग पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। जिला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देश पर, आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी जोन के स्वास्थ्य अधिकारियों को नायलॉन चाइनीज मांझा बेचने वालों पर कार्रवाई के लिए आदेशित किया। इसी कड़ी में शनिवार को निगम भिलाई क्षेत्र में पतंग विक्रेताओं के यहां दबिश दी गई। कुछ व्यापारी नायलॉन चाइनीज मेाझा बेचते हुए पाए गए।
जिसमें जोन क्रमांक 1 के वार्ड क्रमांक 9, 10, 11, 12, 17, के फरीद पतंग फैक्ट्री, सुलझमी जनरल स्टोर, जोन क्रमांक 3, पावर हाउस पावर हाउस सर्कुलर मार्केट में मोहम्मद हसन, ताज पतंग सेंटर, चैलेंज पतंग दुकान, जोन क्रमांक 2 राम रामनगर में सुरेश किराना स्टोर में नायलॉन एवं चीनी मांझा, इंडस्ट्रियल धागा पाया गया। इन दुकानों पर कार्रवाई करते हुए 9800 अर्थ दंड वसूला गया।
बेचने वाली प्रतिबंध सामग्री की जब्त की गई। संबंधित दुकानदार को चेतावनी दी गई दोबारा अगर नायलॉन चाइनीज मांझा बेचते हुए पाए गए, तो गुमास्ता लाइसेंस कैंसल कर दुकान सील कर दी जाएगी। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल ने नागरिकों से अपील की है कि चाइनीज मांझा, इंडस्ट्रियल धागा का उपयोग पतंग उड़ाने में ना करें। इससे बड़ी दुर्घटना हो जाती है । पता नहीं चलता, चलते चलते कब गले में फंस जाता है। इंसान गंभीर रूप में घायल हो जाता है। यह किसी के साथ भी हो सकता है। नगर निगम भिलाई क्षेत्र में वृहद रूप से कार्रवाई की जा रही है।
कार में लगी आग, 2 युवक जिंदा जले
दुर्ग । जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मेडेसरा पॉवर ग्रिड के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई वहीं दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पेड़ से टकराने के बाद कार में आग लग गई और वो पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। मामला दुर्ग और धमधा रोड का है। एक कार CG 07 BK 7387 में चार लोग दुर्ग से धमधा की तरफ जा रहे थे।
जैसे ही रात 11.30 बजे के करीब ग्राम मेडेसरा के पास बने पावर ग्रिड के पास कार पहुंची अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। कार काफी रफ्तार में थी और जैसे ही पेड़ से टकराई उसमें आग लग गई। कार टकराने से कार चालक अमित ताम्रकार पिता महेंद्र ताम्रकार (30 साल) निवासी वार्ड 12 तमेरपारा दुर्ग और उसके बगल से बैठे उसके साथी आदित्य कसेर पिता अशोक कसेर (33 साल) निवासी वार्ड 13 धमधा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार के पीछे बैठे उनके साथी अनीश ताम्रकार और सुधांशु ताम्रकार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
भिलाई में स्वदेशी खादी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
भिलाई । वेलडेक्स ग्राउंड, सिविक सेंटर में स्वदेशी खादी महोत्सव का शुभारंभ विधायक रिकेश सेन के जनसंपर्क अधिकारी संतोष मिश्रा ने फीता काटकर किया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता नागेंद्र सिंह ने अध्यक्षता की। शुभारंभ के बाद अतिथियों ने मेले में विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और कश्मीर से कन्याकुमारी तक की सुप्रसिद्ध कारीगरी और कशीदाकारी से सजे खादी वस्त्रों को देखा।
इस आयोजन में लखनऊ की चिकनकारी, कश्मीर के पशमीना शॉल, जयपुरी कंबल, और पारंपरिक हस्तशिल्प वस्त्र आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कुल 80,000 से अधिक वस्तुएं उपलब्ध हैं, जिन पर 20% की छूट दी जा रही है।
खादी की बढ़ती लोकप्रियता
मुख्य अतिथि संतोष मिश्रा ने कहा कि आधुनिक युग में खादी ने अपनी एक नई पहचान बनाई है। पहले इसे बुजुर्गों की पसंद माना जाता था, लेकिन अब युवा वर्ग भी खादी के आकर्षक डिज़ाइनों और वेरायटियों की ओर आकर्षित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के मेले न केवल कारीगरों को उनके उत्पाद बेचने का मंच देते हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं।
सरकार का सहयोग और प्रोत्साहन
कार्यक्रम में मेला संचालक गिरीशचंद दुबे ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से खादी और हस्तशिल्प को प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे बुनकर और कारीगर सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ते हैं, जिससे उत्पादों की कीमतें बाजार से कम रहती हैं। दुबे ने यह भी बताया कि इस मेले में बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है, क्योंकि कारीगर स्वयं स्टॉल लगाकर अपने उत्पाद बेचते हैं।
आकर्षक पेशकश
मेला अध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने बताया कि यहां कश्मीर का 40,000 रुपये तक का पशमीना शॉल और कम कीमत में जयपुरी कंबल भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि ठंड को देखते हुए इस बार विशेषत: ऊनी वस्त्रों पर अधिक जोर दिया गया है।
परिवार संग खरीदारी का सुनहरा अवसर
खादी महोत्सव सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। स्थानीय नागरिकों के लिए यह मेला एक सुनहरा अवसर है, जहां वे एक ही छत के नीचे पारंपरिक भारतीय परिधानों और हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं।
इस आयोजन में विभिन्न राज्यों के कारीगरों और स्टॉल मालिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मेला स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखा जा रहा है।
गाय की खाल से भरा ट्रक पकड़ाया, ड्राइवर सहित दो गिरफ्तार…
दुर्ग । कुम्हारी टोल प्लाजा के पास गाय और अन्य जानवरों की खाल से भरे ट्रक को पकड़ाया है। कुम्हारी थाना पुलिस और यातायात पुलिस की कार्रवाई के दौरान पॉयलेटिंग कर रहे दो आरोपी फरार हो गए, वहीं महाराष्ट्र पासिंग (MH 49) ट्रक के चालक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस पूछताछ में जुटी है।
गुरु घासीदास जयंती पर मनखे मनखे एक समान पर संगोष्ठी आज
भिलाई । महान संत गुरू बाबा घासीदास की जयंती पर उनके संदेश पर एक संगोष्ठी का आयोजन 28 दिसम्बर को किया गया है. कूर्मि भवन, शंकर नगर दुर्ग में दोपहर 1 बजे आयोजित इस संगोष्ठी में बाबा के संदेश मनखे मनखे एक समान पर चिंतन एवं विचार किया जाएगा. इस अवसर पर भुवनदास कोसरिया को गुरू बाबा घासीदास समरसता सम्मान 2024 से नवाजा जाएगा।
अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे. अध्यक्षता छत्तीसगढ़ आदिवासी परिषद के अध्यक्ष के.आर. शाह करेंगे. छत्तीसगढ़ ओबीसी महासभा के अध्यक्ष राधेश्याम साहू विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं छत्तीसगढ़ जनवादी लेखक संघ के अध्यक्ष डॉ परदेशीराम वर्मा मुख्य वक्ता होंगे. इसके अलावा छत्तीसगढ़ भ्रातृसंघ के अध्यक्ष तेज बहादुर बंछोर, छत्तीसगढ़ मातृशक्ति संगठन की संयोजक चन्द्रकला तारम, महिला सशक्तिकरण संघ की प्रदेश अध्यक्ष प्रज्ञा काड़े, ओबीसी महासभा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष खिलेश्वरी साहू तथा छत्तीसगढ़ देवांगन समाज के पूर्व महासचिव रामानंद देवांगन भी संबोधित करेंगे। मंच संचालन धरमपाल वर्मा करेंगे. यह जानकारी छत्तीसगढ़ भातृसंघ के कार्यकारी अध्यक्ष कौशल वर्मा एवं महासचिव एम.एल देवांगन ने दी है।
डॉ. मनमोहन सिंह जी को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित किया जाये: कुरैशी
भिलाई । छत्तीसगढ राज्य के पूर्व मंत्री बदरूदीन कुरैशी ने ट्विीटर के माध्यम से भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अकास्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना किया है कि मृत आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें और देशवासियों को इस गहन दु:ख पर शक्ति प्रदान करें।
डॉ मनमोहन सिंह का जन्म व शिक्षा 26 सितम्बर 1932 को ब्रिटिश भारत के पंजाब प्रांत के गाह नामक गांव (अब पाकिस्तान) में हुआ था। डॉ. मनमोहन सिंह ने 1991 से 1996 तक नरसिम्हा राव के प्रधानमंत्रित्व काल में वित्तमंत्री की हेसियत से भारत की अर्थव्यवस्था को सुधारने में जो अहम रोल अदा किया उसे केवल हिन्दुस्तान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया आज भी याद करती है राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अधिनियम लागू किया।
इसके अतिरिक्त भारत-अमेरिका सैन्य परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर के लिए पूरी दुनिया जानती है सूचना के अधिकार अधिनियम आरटीआई इनके कार्यकाल में आया। डॉ. मनमोहन सिंह जी 1957 में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के टापर रहे अर्थशास्त्र के प्रोफेसर, 1972 से 1976 तक प्रमुख आर्थिक निर्णयों में मुख्य आर्थिक सलाहकार,1982 से 1985 तक भारतीय रिर्जव बैंक के गवर्नर रहे।
दूसरे कार्यकाल 2004 से 2014 तक उन्होंने बुनीयादी ढांचे के विकास और सामाजिक कल्याण योजना पर ध्यान केंद्रित किया इस दौरान उन्हे 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला और राष्ट्रमंडल खेल घोटाले जैसे विवादों का भी सामना करना पडा। सन् 1987 में पदम विभूषण भारत सरकार की ओर से उन्हें भारत का दूसरा सर्वोंच्च नागरिक सम्मान दिया गया। आज भी देश की जनता उनके 10 वर्ष के ऐतिहासिक कार्यकाल को देखकर भारत रत्न की उपाधि दिये जाने की मांग कर रही है।
उप स्वास्थ्य केन्द्र अहेरी को मिला राज्य में प्रथम स्थान
दुर्ग। जिले के विकासखण्ड धमधा के अंतर्गत संचालित उप स्वास्थ्य केन्द्र अहेरी को कायाकल्प योजना अंतर्गत छ.ग. राज्य में संचालित शासकीय अस्पतालों में सफाई प्रबंधन, रोग नियंत्रण, भवन एवं परिसर सौंदर्यीकरण, रोगी सेवा में सुधार हेतु स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत, स्वच्छ अस्पताल योजना में किये गये कार्यों के आधार पर वर्ष 2023-24 के लिए उप स्वास्थ्य केन्द्र की श्रेणी में राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार मिला है। विगत दिवस मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरूण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और एक लाख रूपए की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में उप स्वास्थ्य केन्द्र अहेरी में पदस्थ सीएचओ दीपशिखा यादव, आरएचओ प्रतिम चंद साहू, आरएचओ अंबिका सिन्हा के द्वारा कायाकल्प योजना के मानकों के अनुरूप कार्य कर उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया गया। इस कार्य में जिले की समस्त टीम जिला क्वालिटी नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. खण्डेलवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भूमिका वर्मा, डॉ. रश्मि भोसले, डॉ. नेहा राजपूत, शोभिका गजपाल, प्रीतिका पवार, संभागीय सलाहकार कविता चंद्राकर तथा विकास खण्ड धमधा से खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.पी. ठाकुर, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक ऋचा मेश्राम का समर्पित योगदान रहा।
सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 37 लाख रूपए स्वीकृत
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए दुर्ग नगर विधानसभा के वार्ड 55 पुलगांव में ठाकुर पान ठेला से 100 मीटर की दूरी पर पानी पाऊच फैक्ट्री के पास सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 37 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार विधानसभा दुर्ग शहर विधायक श्री गजेन्द्र यादव द्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी आयुक्त नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा की जाएगी।
50 हजार रूपये की प्रतिकर राशि स्वीकृत
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने वाहन दुर्घटना में घायल मुकेश कुमार के विधिक प्रतिनिधि उनके पिता तिलक दास वैष्णव को 50 हजार रूपये की प्रतिकर राशि की मंजूरी दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार आत्मज तिलक दास वैष्णव उम्र 30 वर्ष 13 सितम्बर 2023 को सेक्टर 05 चौक के पास सेन्ट्रल एवेन्यू रोड भिलाई नगर जिला दुर्ग के पास अज्ञात वाहन द्वारा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो जाने पर हिट एण्ड रन मोटर दुर्घटनाओं में घोर उपहति होने की पुष्टि की गई है। कलेक्टर द्वारा मुकेश कुमार के विधिक प्रतिनिधि के रूप में उनके पिता तिलक दास वैष्णव को प्रतिकर राशि 50 हजार रूपए स्वीकृत की गई है।
प्राकृतिक आपदा से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत् प्राकृतिक आपदा पीड़ित परिवार को 08 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनसुार ग्राम खेदामारा निवासी विकास यादव की मृत्यु 02 नवम्बर 2022 को नहाने के दौरान पानी में डुबने से हुई थी। इसी प्रकार इंदिरा नगर हथखोज निवासी श्रीमती मंजू देवी की मृत्यु 09 अक्टूबर 2021 को आग में जलने से हुई थी। कलेक्टर द्वारा मृतक विकास यादव के पिता कुमार यादव को और मृतिका मंजू देवी की पति गोविंद कुशवाहा प्रत्येक को 04-04 लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान की गई है।