छत्तीसगढ़ / दुर्ग
एक गणना टेबल में वार्ड के सभी मतदान केन्द्रों के मतों की होगी गणना
नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के अंतर्गत गणना पर्यवेक्षक को मतगणना के लिए दिया गया प्रशिक्षण
दुर्ग । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर के निर्देशानुसार और कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में 15 फरवरी को नगर निगम/नगर पालिका/नगर पंचायत के महापौर/अध्यक्ष/पार्षद पद के मतों की गिनती (मतगणना) का कार्य संपादित किया जाना है। नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के अंतर्गत आज बीआईटी कॉलेज में गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायक को प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनर्स हरेन्द्र सिंह भुवाल ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का बहुत ही संवेदनशील भाग है। इसे गंभीरतापूर्वक करने की आवश्यकता है। प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि निकायवार/वार्डवार प्रत्येक टेबल के लिए एक गणना पर्यवेक्षक एवं दो गणना सहायक होंगे। सबसे पहले महापौर/अध्यक्ष के लिए प्राप्त निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गणना की जाएगी। तत्पश्चात सभी वार्डो के लिए प्राप्त निर्वाचन कर्तव्य मतपत्रों की गणना की जाएगी। प्रत्येक वार्ड के लिए एक गणना टेबल होगा। एक गणना टेबल में वार्ड के सभी मतदान केन्द्रों के मतों की गणना की जाएगी। नियंत्रण यूनिट एवं एड्रेस टेग उसी मतदान केन्द्र के हो यह सबसे पहले सुनिश्चित करना होगा।
मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि अभ्यर्थियों को गणन अभिकर्ता नियुक्त करने की अनुमति दी गई है। पार्षद के मामले में यदि अभ्यर्थी के वार्ड में मतदान केन्द्रों की संख्या 5 तक हो तो केवल एक गणन अभिकर्ता और यदि वार्ड में मतदान केन्द्रों की संख्या 5 से अधिक हो और वार्ड के मतों की गणना 2 मेजों पर की जा रही हो तो दो गणन अभिकर्ता रहेंगे। महापौर/अध्यक्ष के मामले में प्रत्येक गणना मेज के लिए एक गणन अभिकर्ता रहेंगे। नियंत्रण यूनिट के पीछे कंपार्टमेंट में लगे पॉवर स्वीच को दबाकर ऑन स्थिति में लाना होगा। नियंत्रण यूनिट के प्रदर्शन सेक्शन में हरी बत्ती चमकने लगेगी। रिजल्ट सेक्शन का बटन दबाने पर परिणाम प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
प्रदर्शन सेक्शन में मतदान तारीख, मतदान प्रारंभ समय, मतदान की समाप्ति समय, कुल पदों की संख्या, कुल मतों की संख्या, अंडर वोट उम्मीदवारों की संख्या, सीटों की संख्या, अभ्यर्थियों की संख्या के साथ प्रत्येक प्रथम पद (महापौर/अध्यक्ष) के लिए मतों की संख्या, दूसरा पद(पार्षद) के मतों की संख्या, अंडर वोट अभ्यर्थियों की संख्या, सीटों की संख्या, अभ्यर्थियों को प्राप्त मतों की संख्या, अनफिनिश्ड वोटर और एंड प्रदर्शित होगा। मास्टर ट्रेनर्स श्री अजय तिवारी ने बताया कि नियंत्रण यूनिट में रिकार्ड किए गए मतों का लेखा गणना प्रारूप में भरना होगा और गणन अभिकर्ता व सुपरवाइजर के हस्ताक्षर किए जाने के पश्चात् प्रारूप को रिटर्निंग ऑफिसर को सौपना होगा। एक टेबल पर गणना का एक चक्र (एक नियंत्रण यूनिट में रिकार्ड किए गए मतों की गणना कार्य) पूरा हो जाने पर गणना के अगले चक्र के लिए उस टेबल पर संबंधित वार्ड के दूसरे मतदान केन्द्र की नियंत्रण यूनिट (यदि उस वार्ड में एक से अधिक मतदान केन्द्र हो तो) प्रदान की जाएगी।
मतगणना दिवस पर शुष्क अवधि घोषित
मतगणना स्थल से संलग्न मदिरा दुकाने रहेगी बंद
दुर्ग । छत्तीसगढ़ शासन वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा नगर पालिका आम/उप निर्वाचन 2025 हेतु मतगणना 15 फरवरी 2025 को सुबह 9 बजे से मतगणना समाप्ति तक मदिरा दुकाने बंद रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ऋचा प्रकाश चौधरी ने छ.ग. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उप-धारा (1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले के मतगणना स्थल क्षेत्र से संलग्न नगर पालिकाओं के वार्डों में स्थित समस्त देशी मदिरा एवं विदेशी की फुटकर दुकानों, रेस्टॉरेंट-बार, होटल-बार, क्लब आदि जैसे-एफ.एल.-1 (घघ), एफ.एल.-1 (घघ-कम्पोजिट), सी.एस.-2 (घघ), सी.एस.2 (घघ कम्पोजिट), सी.एस.2 (ग-अहाता), सी.एस.2 (ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.-1 (ख-अहाता), एफ.एल.1 (ख-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.-3, 5, 5 (क) को बंद रखे जाने हेतु ’शुष्क अवधि’ दिवस घोषित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मतगणना स्थल भिलाई चरोदा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला भिलाई-3 में एफ.एल.-1 (घघ), एफ.एल.-1 (घघ-कम्पोजिट), एवं एफ.एल.1 (ख-कम्पोजिट अहाता) प्रतिबंधित रहेगी। इसी प्रकार मतगणना स्थल अमलेश्वर के स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमलेश्वर, कुम्हारी अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वार्ड 14 कुम्हारी में सीएस 2 (घघ-कम्पोजिट), अहिवारा अंतर्गत रीक्रिएशन क्लब वार्ड क्रमांक 11 नंदिनी नगर अहिवारा में सीएस 2 (घघ-कम्पोजिट), एफ.एल.-1 (घघ-कम्पोजिट) एवं एफ.एल.1 (ख-कम्पोजिट अहाता), धमधा अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वार्ड क्रमांक 01 धमधा में 2 (घघ-कम्पोजिट), एफ.एल.-1 (घघ), सी.एस. 2 (ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल. 1 (ख-अहाता), मतगणना स्थल पाटन से संलग्न सीएस 2 (घघ), एफ.एल. 1 (घघ), एफ.एल. 1 (ख-अहाता), मतगणना स्थल उतई से संलग्न सीएस 2 (घघ), एफ.एल. 1 (घघ), एफ.एल. 2 (ग-अहाता), एवं मतगणना स्थल दुर्ग से संलग्न पोटिया रोड, डिपारपारा, गंजपारा, मधुबन बोरसी रोड में सीएस-2 (घघ), सीएस-2 (घघ-कम्पोजिट), एफ.एल. 1 (घघ), सीएस-1 (घघ-कम्पोजिट), सीएस 2 (ग-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.-1 (ख-अहाता), एफ.एल.1(ख-कम्पोजिट अहाता), एफ.एल.-3 मदिरा का संवयवहार प्रतिबंधित रहेगा। जिले की शेष मदिरा दुकानें एवं अन्य अनुज्ञप्तियां पूर्व की भांति यथावत् खुली रहेगी। उक्त आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा गया है।
मतगणना हाल में मोबाईल ले जाना पूर्णतः वर्जित
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतगणना के दौरान मतगणना हाल में मोबाईल या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः वर्जित है। गणन अभिकर्ता को केवल सादा कागज, पेन एवं पीठासीन अधिकारी द्वारा प्रदाय मतलेखा की प्रति ले जाने की अनुमति होगी। इसी प्रकार गणन अभिकर्ताओं को आबंटित मेज से हट कर हाल में इधर-उधर घुमने की अनुमति नहीं है
तथा भवन के अंदर धम्रपान पूरी तरह निशिद्ध है। किसी भी गणन अभिकर्ता को मतगणना भवन में प्रवेश के लिए नियुक्ति पत्र दिखाना होगा। साथ ही मतदान की गोपनीयता बनाये रखने के लिए की जाने वाली घोषणा पत्र में उनका हस्ताक्षर होना चाहिए। मतगणना स्थल में प्रवेश हेतु अधिकारी/कर्मचारियों सहित सभी के लिए पास अनिवार्य है।
भिलाई शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने निकाली जागरूकता रैली।
भिलाईनगर। प्लास्टिक की झिल्ली, पन्नियों में दुकानदारो द्वारा सामान विक्रय किया जा रहा है। बार-बार समझाने, चालानी कार्यवाही करने के बाद भी नहीं मान रहे है। दुकान दारो का कहना है, कि ग्राहक घर से थैला लेकर नहीं चलते है। वह सब कुछ अलग-अलग पालीथीन में ही मांगते है, हमे देना पड़ता है। इसके प्रति लोगो को समझाइस देने, जागरूकता फैलाने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियो को निर्देशित किये है। इसी तारतम्य में आज सर्कुलर मार्केट, जवाहर मार्केट, सब्जी मण्डी, मटन मछली मार्केट, फल मण्डी में जोन आयुक्त सतीश यादव एवं स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के उपस्थिति में रैली का आयोजन किया गया।
जागरूकता रैली छावनी थाने से शुरू होकर व्यापारियो, ग्राहको के बीच में पहुंचकर उनको समझाइस दे रही थी कि झिल्ली, पन्नी में सामान लेना या देना दोनो प्रतिबंधित है। यह झिल्ली इतना पतला होता है कि इसका रिसायकल भी नहीं किया जा सकता है। नालियो, नालो को जाम कर देता है। लोग झिल्ली में सब्जी, खाने की सामाग्री इत्यादि फेंक देते है, जिसे गौ माता खाकर बीमार पड़ जाती है, उनका पेट फुल जाता है। नाक से पानी गिरने लगता है, एक दिन वह दम तोड़ देती है। इन सबके दोषी कहीं न कहीं हम सब समाज के लोग ही है। जो व्यापारी मना करने के बाद भी झिल्ली में सामान बेच रहे थे, उनका जप्ती बनाया गया। छोटे ठेले, सब्जी बेचने वाले एवं खरीदने वाले से भी 2600 रूपया अर्थदण्ड लिया गया।
सब्जी मण्डी में ही बिटेक इंजीनियर सुबोध सिंह द्वारा मिर्ची, धनिया, अदरक, लहसुन, टमाटर, नीबू इत्यादि को अलग-अलग झिल्ली में खरीद कर ले जा रहे थे। उन्हे रोककर समझाया गया, उनको निगम द्वारा थैला दिया गया। उन्होने कबूल किया यह हम लोगो की लापरवाही है, कि घर से झोला लेकर नहीं चलते है, अब हम जरूर लेकर निकलेगें। सुश्री संध्या देवांगन कालेज छात्रा द्वारा झिल्ली में सब्जी लिया जा रहा था। उसे बताया गया कि बगल में ही 10 रूपये में अच्छा झोला मिल रहा है, उसने तुरन्त नया झोला खरीद कर सामान लिया। बोली मुझे मालूम ही नहीं था कि इतने सस्ते में झोला मिलता है।
जागरूकता रैली के दौरान वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक के.के.सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी अजय शुक्ला, जोन स्वास्थ्य अधिकारी बीरेन्द्र बंजारे, हेमंत मांझी, मिशन मैनेजर अमन पटले, एकता शर्मा, पीआईयू, अभिनव ठोकने, सुभम पाटनी, शहरी अजीविका मिशन के सी.ओ., सीआरपी आदि उपस्थित रहे।
नमाज, दरूद ख्वानी व तकरीर सहित होंगे कई आयोजन
भिलाई । शबे बराअत के मौके पर 13 फरवरी को शहर का मुस्लिम समुदाय मस्जिदों, घरों और कब्रिस्तान में इबादत करेगा। दुआओं का यह सिलसिला गुरुवार सुबह से शुरू होगा जो देर रात तक जारी रहेगा। कब्रिस्तान हैदरगंज इंतेजामिया कमेटी कैंप-1 की ओर से इस मौके पर कई आयोजन रखे गए हैं। इस मौके पर कब्रिस्तान इन्तज़ामिया की ओर से साफ-सफाई, रंग रोगन व लाइटिंग का काम पूरा हो चुका है। यहां एक रोज़ा महफि़ल शब- ए- बराअत इमाम-ए-आज़म अबू हनीफ़ा कॉन्फ्रेंस में आलिमे दीन जुटेंगे। शहर की तमाम मस्जिदों और ईदगाह में भी शानदार रोशनी की गई है।
कब्रिस्तान के हॉल में रविवार सुबह 8 बजे से कुरआन ख्वानी व दुरूद ख्वानी का सिलसिला शुरू होगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे से फातिहा ख्वानी और इज्तेमाई दुआएं होगी। शाम को जलसे की शुरुआत तकरीर व नात से होगी। जलसे में किछौछा शरीफ से सैय्यद मुहम्मद नूरानी अशरफ खास तौर पर शामिल होंगे। नात व मनकबत के लिए मशहूर ओ मारूफ़ सना खां जहीरुद्दीन रहबर रायपुरी और शहर ए भिलाई के तमाम उलमाए कराम मौजूद रहेंगे।
निजामत नकीबे आजम छत्तीसगढ़ मौलाना गुलाम मोहियुद्दीन रज़वी फरीद नगर करेंगे और सदारत हाफिज व कारी मौलाना इकबाल हैदर अशरफी इमामो-खतीब जामा मस्जिद सेक्टर-6 करेंगे। आयोजन कमेटी ने दोहराया है कि यह प्रोग्राम खालिम रूहानी व दीनी है सियासत ए हाजरा से इस का कोई ताल्लुक नहीं है। गुनाहों से बरी होने की रात है शबे बराअत:मौलाना इकबाल शबे बराअत के आयोजन के बारे में जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम खतीब मौलाना मोहम्मद इकबाल अंजुम हैदर अशरफी ने बताया कि शब के मायने रात और बराअत के मायने बरी होने से है। शबे बराअत की रात बहुत बरकतों वाली और अल्लाह को राजी करने वाली होती है। हदीस में आया है कि पैगम्बर हजरत मुहम्मद (सअव) शबे बराअत में सऊदी अरब के जन्नतुल बकी (एक कब्रिस्तान) में जा कर दुआएं करते थे।
उन्ही के रास्ते पर चलते हुए लोग शबे बराअत पर कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूम (दिवंगत) परिजनों की कब्र पर दुआएं करते हैं। मौलाना अशरफी ने कहा कि यही वह रात है जब अल्लाह तआला रहमत के 300 दरवाजे खोल देता है और हर उस शख्स को बख्श देता है जिसने उसके साथ किसी को शरीक नहीं ठहराया है। उन्होंने कहा कि इस रात लोग अपने तमाम छोटे-बड़े गुनाहों पर शर्मिंदा होकर अल्लाह की बारगाह में तौबा करें तो उसकी तौबा जरूर कुबूल होती है।
शाम की नमाज में भी होगी खास इबादत जामा मस्जिद सेक्टर-6 के इमाम हाफिज व कारी इकबाल अंजुम हैदर ने बताया कि शबे बराअत पर शाम की नमाज (मगरिब) के बाद तीन मरतबा सूरए यासीन शरीफ सुनाया जाता है और 2-2 रकअत के साथ नफिल नमाज पढ़ी जाती है। इसके बाद दुआएं की जाती है। जामा मस्जिद सेक्टर-6 में शाम को मगरिब की अजान शाम 6:05 बजे होगी। इसके बाद नमाज और इसके ठीक बाद सूरए यासीन सुना जाएगा और लोग नफिल नमाज पढ़ेंगे। शहर की दूसरी मस्जिदों में भी यह आयोजन होगा।
अच्छे लोकेशन में पीएम आवास के लिए मिल रहा है आवेदन फार्म
भिलाई । मोर मकान-मोर आस एवं मोर मकान-मोर चिन्हारी योजना अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास का फार्म मिल रहा है। कोई भी परिवार जो किराये में निवास करने वाले, जिनके पास स्वयं का मकान नहीं है, यहां के नागरिक है। उनके पास राशन कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड है, वे मकान के लिए आवेदन कर सकते है। 25 फरवरी को आवास आबंटन के लिए लाटरी नगर निगम मुख्य कार्यालय के सभागार में प्रात: 11 बजे निकाली जायेगी। जो हितग्राही पूर्व से आवेदन किये है, उनके द्वारा 10 प्रतिशत अंशदान की राशि नियमानुसार जमा कर दिया जायेगा। वे पात्रता की श्रेणी में आयेगें, उन्हे लाटरी द्वारा मकान आबंटित किया जायेगा।
ऐसी जानकारी मिली है, कि कुछ लोग दलालो के चक्कर में आकर पूर्व में आबंटित किये गये मकानों को 50 रूपये के स्टाम्प पेपर में खरीदी ब्रिकी कर निवास कर रहे है। उनके जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का मकान खरीद ब्रिकी करना प्रतिबंधित है। उस मकान का पूरा प्रमाण पत्र पूर्व आबंटिती के नाम से ही रहेगा। बिजली का बिल और संपत्तिकर पुराने व्यक्ति के नाम से ही जमा होगा। जब उतने ही पैसे में नगर निगम भिलाई द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का नया मकान मिल जायेगा।
तो आपस में खरीदी ब्रिकी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाले ने सभी नागरिको से आग्रह किया है। कि हम लोग स्वयं मकान का निरीक्षण करने गये थे, बहुत ही अच्छे लोकेशन पर गुणवत्ता पूर्वक मकान बनाया गया है। जहां पर सड़क, बिजली, पानी, शौचालय , किचन के साथ मकान की सुविधा लगभग 3.50 लाख रूपया में मिल जा रहा है।
यह मकान कृष्णा इंजीनियरिंग के पीछे खम्हरिया, एनार स्टेट खम्हरिया, स्वप्निल बिल्डर्स कुरूद इन जगहो में बने निर्मित मकानो का आबंटन किया जा रहा है। मकान के दिवाल भी स्लैब ढालकर बनाया जा रहा है, जो पूरी तरह मजबूत है। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी का सपना है कि हर परिवार को अपना खुद का मकान मिले। यह मकान विशेष कर महिलाओ के नाम से ही दिया जा रहा है। जिनके घरों में दिव्यांग, बुर्जुग व्यक्ति निवासरत है, उनको प्राथमिकता के आधार पर भूतल का मकान प्रदान किया जा रहा है। पहले आये पहले पाये मकान लेकर घर बसाये।
तालाबों को संवारने हर रोज 6 घंटे की सफाई
भिलाई । रिसाली निगम क्षेत्र के तालााबों को संवारने हर रोज 5-6 घंटे की कवायद की जा रही है। नियमित दर्जनभर कर्मचारियों के अलावा 6 मछुआरों की मदद से जलीय पौधों को बाहर निकाला जा रहा है। तालाबों को सहेजने का यह अभियान आगामी मार्च तक चलाया जाएगा। कल्याणी मंदिर और शीतला तालाब वर्तमान में गंदगी से अटा पड़ा है।
लोग विसर्जन कुंड की जगह तालाब के साफ पानी में पूजन सामाग्री का विसर्जन कर रहे है। इसके अलावा दोनो ही तालाब में जलीय पौध फैल चुका है। जलीय पौध और विसर्जीत सामाग्री को तालाब से बाहर निकालने का कार्य हर दिन 5-6 घंटे तक किया जा रहा है। सफाई कार्य का निरीक्षण आयुक्त मोनिका वर्मा ने की। उन्होंने इस दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि गंदगी फैलाने वालों पर कार्यवाही करे।
पार्षदों की बैठक:-
दरअसल कल्याणी मंदिर तालाब में लक्ष्मीनगर एवं टंकी मरोदा के दोनो वार्डवासी निस्तारी करते है। दोनो वार्ड के नागरिक तालाब पर आश्रीत है। यही वजह है कि तालाब को संवारने और उसे सुरक्षित करने आयुक्त ने पार्षद विलास बोरकर, विधि यादव और सरिता देवांगन के साथ गुरूवार को बैठक करेंगी।
दोनो तालाब में खासकार मछली का पालन:-
दोनो ही तालाब की सतह में जलीय घास का जाल बिछ चुका है। इस वजह से पानी में काई जमने की शिकायत है। आयुक्त ने घास को पूर्ण रूप से खत्म करने घासकार मछली छोडऩे के निर्देश दिए है। आयुक्त ने की अपील निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि तालाब का उपयोग केवल निस्तारी के लिए करे। तालाब सूरक्षित होने से भूजल स्तर भी बढ़ेगा। तालाब में किसी तरह का पूजन सामाग्री को न छोड़े।
वाहन की अनुमति के लिए अधिकारी नियुक्त
दुर्ग । त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 अंतर्गत जिले के रिटर्निंग ऑफिसर (जिला पंचायत निर्वाचन क्षेत्र कमांक 01 से 12) बजरंग दुबे ने अस्थायी चुनाव कार्यालय, सभा-सम्मेलन, नुक्कड़ सभा व रैली हेतु अनुमति पत्र एवं चुनाव प्रचार हेतु वाहन की अनुमति के लिये सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, जिला पंचायत तहसीलदार दुर्ग श्रीमती क्षमा यदु को अधिकृत किया गया है। संबंधित जिला पंचायत के अभ्यर्थी अनुमति हेतु कार्यालय रिटर्निंग ऑफिसर जिला पंचायत दुर्ग के कक्ष (द्वितीय तल) में आवेदन पत्र जमा कर सकते है।
मतदान पश्चात् निर्वाचन प्रेक्षक ने की संवीक्षा
दुर्ग, । नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 अंतर्गत मतदान पश्चात् निर्वाचन सामान्य प्रेक्षक रोक्तिमा यादव ने सर्व अभ्यर्थीगण महापौर पद एवं सर्व अभ्यर्थीगण पार्षद पद हेतु मतदान प्रक्रिया की संवीक्षा की। नगर पालिक निगम दुर्ग हेतु संवीक्षा की कार्यवाही भारती विश्वविद्यालय पुलगांव दुर्ग ब्लॉक सी के प्रथम तल में की गई। इस दौरान वोटों का सही मिलान कर मतदान की प्रतिशत स्थिति की संवीक्षा की गई।
सभी उपस्थित अधिकारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संचालित हो। संवीक्षा के दौरान समस्त रिटर्निंग अधिकारी एडीएम अरविंद एक्का, सहायक रिटर्निंग अधिकारी हरवंश मिरी एवं अन्य सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा अभ्यर्थीगण महापौर/पार्षद अथवा उनके निर्वाचन अर्भिकर्ता उपस्थित रहे।
सीएम साय को मिला बाबा की बारात में शामिल होने का न्योता
भिलाई । हर साल महाशिवरात्रि के दिन बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति की ओर से बाबा की बारात निकाली जाती है। इस साल भिलाई में निकलने वाली बाबा की बारात में सीएम विष्णुदेव साय शामिल हो सकते हैं। भिलाई में उनका दौरा तय माना जा रहा है। क्योंकि उन्होंने आयोजक दया सिंह को कह दिया है कि वे बाबा की बारात का हिस्सा बनने आएंगे। उक्त बातें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उस समय दया सिंह का भिलाई आने का आश्वासन दिया जब दया सिंह ने बाबा की बारात का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को दिया।
यह आयोजन का 17वां वर्ष है और इस साल आगामी 26 फरवरी को महाशिवरात्रि है, इसलिए इस बार 26 फरवरी को बाबा की बारात निकलेगी। दया सिंह ने कहा कि, सीएम साय पहले से इस आयोजन से जुड़े हुए हैं। जब वे केंद्रीय मंत्री, सांसद और संगठन के शीर्ष पदों पर विराजमान थे तब भी वे बाबा की बारात में आते थे। इस साल सीएम बनकर मुख्यमंत्री रहते हुए बाबा की बारात में शामिल होंगे।
मतदान के बाद अब शुरू हुआ जीत-हार को लेकर कयासों का दौर...
आंकड़ों के साथ जीत का दावा-प्रतिदावा कर रहे भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता
भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान कल समाप्त होने के बाद अब हर जगह चौक चौराहों, पान ठेलों, चाय की टपरी पर भी जीत हार के कयासों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इसके साथ ही भाजपा कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी तथा इनके कार्यकर्ताओं द्वारा जीत हार को लेकर कयास लगाने में लग गये है। खासपौर से भाजपा व कांग्रेस के लोग आंकडों के साथ अपनी अपनी बात रखते हुए दावा प्रतिदावा करना शुरू कर दिये है। वहीं सोशल मीडिया पर भी समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत ताल ठोकने से चूक नहीं रहें हैं। फिलहाल राजनीति का ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो 15 फरवरी को मतगणना के साथ स्पष्ट हो जाएगा।
दुर्ग जिले में एक नगर निगम सहित तीन-तीन नगर पालिका और नगर पंचायत के आम चुनाव को लेकर मंगलवार को मतदान पूरा हो गया। इसमें दुर्ग नगर निगम सहित अहिवारा, कुम्हारी व अमलेश्वर नगर पालिका और धमधा, पाटन व उतई नगर पंचायत शामिल हैं। इसके अलावा भिलाई, भिलाई-चरोदा व रिसाली नगर निगम के एक-एक वार्ड में उपचुनाव के तहत भी मतदान हुआ है। सभी निकायों में प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ है।
दुर्ग नगर निगम के चुनावी रण में महापौर पद पर भाजपा की अल्का बाघमार और कांग्रेस की प्रेमलता पोषण साहू के बीच सीधा मुकाबला हुआ है। इसके अलावा निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में कुछ सीमित वार्ड को छोड़कर अधिकांशतर वार्डोँ में पार्षद पद के लिए भी भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर देखने को मिली है।
दुर्ग जिले की कुम्हारी नगर पालिका के भावी परिणाम को लेकर भी राजनीतिक निगाहें टिकी हुई है। यह पालिका पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन क्षेत्र पाटन विधानसभा का हिस्सा है। यहां पर पिछले दो कार्यकाल से कांग्रेस का कब्जा रहा है। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रहते भूपेश बघेल को इस पालिका क्षेत्र से पिछडऩा पड़ गया था। लिहाजा भाजपा में उत्साह का माहौल बना हुआ है। यहां भाजपा ने मीना वर्मा को तो कांग्रेस ने रामप्यारी थनेश पटेल को अपना अध्यक्ष प्रत्याशी बनाया है। अध्यक्ष पद के दोनों ही प्रत्याशी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाने वाले बस्ती क्षेत्र के हैं। मतदान संपन्न होने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता अपनी जीत का दावा-प्रतिदावा कर रहे हैं। अब 15 फरवरी को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा, लेकिन दुर्ग जिले में चुनाव कौन जीतेगा इसे लेकर अनुमान लगाए जाने लगे हैं।
होटल, पान दुकान, सार्वजनिक चौक-चौराहों, चाय की टपरियों में अब पार्टियों के कार्यकर्ता के साथ-साथ चुनाव में दिलचस्पी रखने वाले लोग भी अपने-अपने आंकड़े बताकर जीत का दावा-प्रतिदावा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत की ताल ठोकते रहे हैं। चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार व राजनीतिक दल अपने समर्थकों से क्षेत्रवार मतदान व वोटों के आंकड़ों को जुटाने में लग गए हैं तो कहीं धोखे व पाला बदलने की भी खबरें भी सामने आ रही है।
होटल में मिला बेटी से मिलने भिलाई पहुंचे पिता का शव...
भिलाई । दल्ली राजहरा से भिलाई मेंं अपनी बेटी से मिलने आए पिता होटल आशीष पार्क के कमरा नंबर 104 में मृत मिला। बेटी के ससुराल में मुलाकात के बाद वह होटल में रुका था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। छावनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर ने बताया कि पावर हाउस में आशीष पार्क होटल से सोमवार दोपहर 3:30 बजे सूचना मिली कि कमरा नंबर 104 में एक व्यक्ति 3 दिन से ठहरा था। वो अंदर से दरवाजा नहीं खोल रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम होटल पहुंची। होटल के मैनेजर ने बताया कि जो आदमी ठहरा है उसने अंदर से रूम का दरवाजा बंद कर लिया है। पेट्रोलिंग टीम ने जब कमरा नंबर 104 का दरवाजा खुलवाया तो देखा कि एक बुजुर्ग बिस्तर पर मृत पड़ा है। तलाशी लेने पर पता चला कि वह दल्ली राजहरा पुराना बाजार निवासी रामकृष्ण साहू (62 वर्ष) है। परिजनों ने बताया कि रामकृष्ण की बेटी की शादी बैकुंठधाम छावनी भिलाई में हुई है। वो अपने बेटी से मिलने उसकी ससुराल पहुंचा था। बेटी के घर जाकर उससे मिला। बेटी से मिलकर निकला तो कुछ समय बाद फोन पर उसे बताया कि वो आशीष पार्क होटल में रुक गया है। परिजनों ने बताया कि रामकृष्ण साहू ने इससे पहले दो बार कीटनाशक दवा खा ली थी लेकिन समय रहते परिजनों ने उसे देख लिया तो उसकी जान बच गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।
नगरीय निकाय चुनाव में दुर्ग जिले में हुआ 68 प्रतिशत मतदान
दुर्ग । जिले के 07 नगरीय निकायों में जहां आम चुनाव और 03 नगरीय निकाय में उप शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न हुआ। जिसमें औसत मतदान 67.96 प्रतिशत रहा है। आज हुए मतदान में सबसे अधिक मतदान जहां नगर पंचायत पाटन में मतदान का प्रतिशत 87.34 हुआ वहीं सबसे कम मतदान भिलाई में हुए उपचुनाव में हुआ यहां 56.93 प्रतिशत मतदान वार्ड 24 में हुआ। उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार जिले के नगरीय निकायों में शाम 5 बजे तक 67.96 प्रतिशत मतदान हुआ।
नगर पालिक निगम दुर्ग में 63.78 प्रतिशत, नगर पालिक निगम भिलाई में 56.93 प्रतिशत, नगर पालिक निगम रिसाली में 69.03 प्रतिशत, नगर पालिक निगम भिलाई चरौदा में 76.77 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद कुम्हारी में 78.32 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद अहिवारा में 75.49 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर में 79.90 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार नगर पंचायत पाटन में मतदान का प्रतिशत 87.34, उतई में 85.81 तथा धमधा में 83.33 लोगों ने मतदान किया।
आपको बता दें कि जिला मुख्यालय दुर्ग निगम एवं अन्य नगरीय निकायों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। यहां लोग सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक अपने बारी का इन्तजार करते हुए उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया। जिले के अन्य मतदान केन्द्रों पर भी मतदाताओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया। इस चुनाव में युवा महिला, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्ग सहभागिता दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, इससे मतदाता निश्चिंत होकर मतदान कर सके।
भिलाई में बनने जा रहा है स्केटिंग ग्राउंड, कलेक्टर ने दी दो करोड़ की स्वीकृति
भिलाई । वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन की पहल पर शहर में स्केटिंग के शौकीनों नगर के नेहरू नगर कोसा नगर टोल प्लाजा के समीप 2 करोड़ की लागत से बनने जा रहा है जो कि भिलाई दुर्ग ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ को स्केटिंग स्पोट्र्स के लिए नई दिशा दिखाएगा। ज्ञातव्य हो कि विधायक रिकेश सेन ने स्केटिंग ग्राउंड के लिए प्रस्ताव बना कर दुर्ग कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी को दिया था जिसे स्वीकृति मिल गई है। स्केटिंग ग्राउंड निर्माण के लिए पूरा प्रोजेक्ट लगभग तैयार हो चुका है और 80 लाख रुपए प्रथम किश्त के तौर पर शासन से स्वीकृत भी कर दिया गया नतीजतन कार्य शुरू होगा और बहुत जल्द ग्राउंड भिलाई दुर्ग के स्केटिंग खिलाडिय़ों के लिए शुरू भी कर दिया जाएगा। बता दें कि छत्तीसगढ़ के लिए स्केटिंग में सर्वाधिक नेशनल मेडल जीतने वाले दुर्ग भिलाई के खिलाड़ी करीब 2 दशक से रोल स्केटिंग ग्राउंड की मांग करते रहे हैं।
स्केटिंग में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अमितेश मिश्रा को राज्य सरकार ने गुंडाधुर अवार्ड से भी नवाजा है लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर के अभाव में हर वर्ष सैकड़ों बच्चे और युवा रोल और स्पीड स्केटिंग का हुनर ही छोड़ गए। भिलाई दुर्ग की बात छोडिय़े पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वसुविधायुक्त स्केटिंग ग्राउंड नहीं हैं। राजधानी रायपुर में एक-दो निजी स्कूलों में स्केटिंग ग्राउंड बने हैं लेकिन स्केटिंग कोच उससे संतुष्ट नहीं हैं क्योंकि ग्राउंड का निर्माण स्केटिंग मापदंड और प्रैक्टिस के अनुरूप नहीं है। लंबे समय से मांग करने के बाद भी एक अच्छे स्केटिंग ग्राउंड के लिए कोई पहल अब तक नहीं दिखाई पड़ी थी। भिलाई-दुर्ग में अब तक सुविधा के अभाव में स्केटिंग खिलाड़ी कभी सड़क पर तो कभी निजी स्कूल के ग्राउंड में प्रैक्टिस करते रहे हैं।
स्केटिंग कोच दलजीत सिंह ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की इस पहल को स्केटिंग स्पोट्र्स के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि वर्षों से दु:खी मन लेकर वो खिलाडिय़ों को कभी सड़क तो कभी निजी स्कूल ग्राउंड में प्रैक्टिस करवाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल लेवल पर जिस स्तर से भिलाई दुर्ग के खिलाड़ी प्रदर्शन करते रहे हैं, निश्चित रूप से वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की इस पहल का चार गुना लाभ और परफार्मेंस भविष्य में देखने को मिलेगा। श्री सिंह ने बताया कि पूरे छत्तीसगढ़ में स्केटिंग ग्राउंड नहीं है जो कि बहुत जल्द वैशाली नगर विधानसभा के कोसा नगर क्षेत्र में बनने जा रहा है, इससे भिलाई दुर्ग ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को लाभ मिल सकेगा साथ ही वैशाली नगर विधायक की यह पहल छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के लिए भी अनुकरणीय साबित होगी।
अधिकारी/कर्मचारी प्रतिदिन भ्रमण कर फोटोग्राफ लोकेशन के साथ ग्रुप में करेगें शेयर
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई के सभी कार्यो में निरंतरता लाने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय प्रतिदिन किसी भी जोन में जाकर निरीक्षण हेतु भ्रमण कर रहे है। संबंधितो को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे है। प्राप्त आदेशानुसार फिल्ड के सभी अधिकारी/कर्मचारी जो भी उनको दायित्व मिला है। अपने कार्य के क्षेत्रों में भ्रमण करेगे, निरीक्षण के दौरान लोकेशन के साथ फोटोग्राफ भी डालेगे। क्या कार्य हो रहा है, कितना प्रगति हुआ है, समय सीमा के अंदर है, या बाहर, गुणवत्ता इत्यादि के बारे में सभी कार्यो का प्रगति के साथ गुगलशीट में अपलोड करेगें। आयुक्त पाण्डेय द्वारा प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक लिया जाता है। जिसमें सभी अधिकारी/कर्मचारी के द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यो की समीक्षा की जायेगी।
सभी अधिकारी कर्मचारी जब फिल्ड में रहेगे, तो संबंधित एजेंसी भी अच्छे से कार्य करेगी। एक सकारात्मक दबाव रहेगा। प्रमुख रूप से साफ-सफाई, निर्माण, उद्यान, परियोजना, जल वितरण, संपत्तिकर, भू-भाटक, जलकर, आदि से संबंधित सभी अधिकारी/कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों के साथ कार्य करते हुए प्रतिदिन का फोटोग्राफ निगम के एक्टीविटी गु्रप में शेयर करेगें। इसमें चीफ इंजीनियर, अधीक्षण अभियंता, जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, राजस्व अधिकारी, जोन सहायक राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, सुपरवाईजर, सभी अभियंतागण, शहरी अजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, मोर संगवारी, आयुष्मान कार्ड, भवन अनुज्ञा, वाहन शाखा, अवैध निर्माण, उद्यान, शहरी अजीविका मिशन के मिशन मैनेजर, सी.ओ., तोडफ़ोड़, आवारा पशु पकडऩे वाले इत्यादि अन्य कार्यों के लिए प्राप्त निर्देशानुसार शामिल रहेगे।
जवाहरलाल नेहरू अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में जेरिए ट्रिक ओपीडी का उद्घाटन
भिलाई। भिलाई के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल और अनुसंधान केंद्र जेएलएनएचआरसी में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से, 11 फरवरी 2025 को वरिष्ठ जनों को समर्पित जेरिएट्रिक आउटपेशेंट विभाग ओपीडी का उद्घाटन किया गया। यह जेरिएट्रिक ओपीडी 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वृद्ध नागरिकों के विशिष्ट चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विशेष क्लिनिकल परामर्श प्रदान करेगा।
यह नया ओपीडी वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, गठिया, मनोभ्रंश जैसी पुरानी बीमारियों के प्रबंधन और पोषण संबंधी परामर्श जैसी स्वास्थ्य सेवाओं की एक व्यापक सुविधाएँ प्रदान करेगा। एसीएमओ एम एंड एचएस डॉ. दीप्ता प्रदीप सरकार, जो कि जेरिएट्रिक सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा प्रमाणित जेरिएट्रिक केयर गिवर हैं, इससे सम्बंधित विभिन्न परामर्श सेवाओं का नेतृत्व करेंगी। डॉ. सरकार सप्ताह में दो बार, मंगलवार और गुरुवार को, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ओपीडी ब्लॉक के कमरा नंबर 1 ए में परामर्श प्रदान करेंगी।
शुरुआत में, मरीज ओपीडी ब्लॉक में रजिस्ट्रेशन काउंटर या ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। बुजुर्ग मरीज, खासकर 70 साल और उससे ऊपर के मरीज, युवा मरीजों की तुलना में उम्र बढऩे के साथ होने वाले शारीरिक परिवर्तनों के कारण अक्सर स्वास्थ्य चुनौतियों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं। यह पहल भिलाई में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य देखभाल की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किए जा रहे व्यापक प्रयास है, जहां बुजुर्ग आबादी ओपीडी आगंतुकों का एक बड़ा हिस्सा है। नई जेरिएट्रिक ओपीडी का उद्देश्य अच्छी देखभाल प्रदान करना, बुजुर्ग मरीजों की विशिष्ट शारीरिक और मानसिक जरूरतों सहित अन्य आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से समझना जा सके और एक ऐसा माहौल तैयार किया जा सके जो स्वस्थ उम्र बढऩे को प्रोत्साहित करें।
यह जेरिएट्रिक ओपीडी जवाहरलाल नेहरू अस्पताल और अनुसंधान केंद्र में मौजूदा चिकित्सा और शल्य चिकित्सा ओपीडी सेवाओं के साथ समन्वय में कार्य करेगा, जिससे बुजुर्ग मरीजों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार समग्र देखभाल प्राप्त हो सकें। इस कदम को वरिष्ठ नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार लाने के एक छोटे, लेकिन प्रभावशाली प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र और सेल की बुजुर्ग समुदाय के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ग्राम मटंग मेें दो लाख से अधिक का शराब
भिलाई। नगर निगम एवं पंचायत चुनावों में बंटने आये एमपी का 31 पेटी गोवा ब्राण्ड अवैध शराब को स्वीफ्ट कार सहित आबकारी विभाग ने जब्त की है। इसके आरोपी को अवैध शराब के मामले में जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी की टीम की जांच में पुकेश्वर खरे उर्फ नानू के कब्जे से मध्यप्रदेश की 31 पेटी गोवा स्पेशल मदिरा बरामद की, जिसकी कुल कीमत 2,01,500 रूपए आंकी गई है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 5 लाख है।
इस प्रकार जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 7,01,500 रूपए है। यह कार्रवाई दुर्ग जिले के ग्राम मटंग-मानिकचौरी मार्ग, थाना उतई के पास की गई। इस मामले में आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी एवं आबकारी उपायुक्त जीके भगत, सहायक आयुक्त सीआर साहू के मार्गदर्शन में की गई। इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक गीतांजलि तारम, आबकारी मुख्य आरक्षक संतोष दुबे, आबकारी आरक्षक खुलदीप यादव, ड्राइवर धनराज एवं नोहर का सराहनीय योगदान रहा।
100 लीटर कच्ची शराब व 2400 किग्रा महुआ लाहन जब्त:-
एक अन्य मामले में मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम शिकारीडेरा परसवारा में आबकारी विभाग द्वारा छापेमार कार्रवाई कर 100 लीटर कच्ची शराब और 2400 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार जिले में शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त राजेश जायसवाल ने बताया कि टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर शराब और महुआ लाहन को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।