छत्तीसगढ़ / जशपुर
नारकोटिक्स दवाइयों का चिकित्सकीय परामर्श पर ही करें विक्रय : एसडीएम
जशपुरनगर । अनुविभागीय दण्डाधिकारी जशपुर के द्वारा शनिवार को एसडीएम कार्यालय सभाकक्ष में जशपुर अनुभाग के अंतर्गत आने वाले समस्त दवा व्यवसायियों का बैठक ली। इस बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार एसडीएम विश्वास राव मस्के ने औषधि विभाग के अधिकारियों को मेडिकल दुकानों का नियमित निरीक्षण करने को कहा साथ ही दवा व्यवसाईयों को नियमानुसार दुकान संचालन हेतु अपना शपथ पत्र भरकर औषधि निरीक्षक के पास जमा करने का निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सभी दवा व्यवसायियों को एसडीएम ने एनकॉर्ड समिति के निर्देशानुसार आवश्यक दिशा निर्देशों के संबंध में जानकारी दी। एसडीएम ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को औषधि दुकानों निरीक्षण कर सभी में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने नारकोटिक्स दवाइयों को चिकित्सकीय सलाह पर ही लोगों को विक्रय करने एवं हर विक्रय का नियमित रिकार्ड रखने हेतु कहा। नव युवक-युवतियों में बढ़ रहे नशे की लत की रोकथाम हेतु सभी व्यवसायियों को प्रतिबंधित नशीली दवाईयों के विक्रय न करने की समझाईश दी गई। इस बैठक में जशपुर एवं मनोरा के सभी मेडीकल संचालक उपस्थित रहे।
बिना लाइसेंस व हेलमेट ना करें वाहनों का विक्रय : एसडीएम
जशपुरनगर । कार्यालय अनुविभागीय दण्डाधिकारी जशपुर में एसडीएम विश्वास राव मस्के की अध्यक्षता में शनिवार को सभी वाहन शोरूम संचालकों आयोजित की गई।
इस बैठक में एसडीएम ने कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशानुसार समस्त नए दोपहिया वाहन केवल लर्निंग लायसेंस या वैध ड्रायविंग लायसेंस धारक को ही विक्रय करने एवं प्रत्येक नए वाहन के साथ कम से कम एक आईएसआई मार्क वाले हेलमेट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने दुपहिया वाहन शोरूम संचालकों को शोरूम में दुपहिया एवं चारपहिया वाहन खरीदने आने वालों के दस्तावेजों के साथ लायसेंस अवश्य चेक करने को कहा एवं जिनके पास लाइसेंस नहीं हैं उन्हें आग्रह कर कम से कम लर्निंग लाइसेंस होने पर ही वाहन विक्रय करने को कहा।
एसडीएम ने शोरूम में कार्यरत सभी कर्मचारियों को भी सीटबेल्ट एवं हेलमेट लगाने को कहा गया। सड़क दुर्घटना में वृद्धि को रोकने हेतु सभी शोरूम संचालकों ने निर्देशों का स्वागत करते हुए आम जनता को जागरूक करने हेतु प्रमुख जगहों पर जहां लोगों का आवागमन होता है उन्हें चिन्हांकित कर हेलमेट तथा सीटबेल्ट की अनिवार्यता के संबंध में कैम्प लगाने एवं बैनर पोस्टर के माध्यम से जागरूक करने की पहल की। इस बैठक में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, यातायात प्रभारी सुनेश्वर सिंह पैंकरा, परिवहन लिपिक जशपुर, थाना प्रभारी आशीष तिवारी एवं सभी दोपहिया एवं चारपहिया शोरूम संचालक उपस्थित हुए।
गेहूं की फसल कम लागत में किसानों को ज्यादा मुनाफा
जशपुरनगर । परंपरागत विधि की अपेक्षा उन्नत तकनीकी विधि से गेहूं की फसल से किसानों को अधिक लाभ हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप में कृषि विभाग और उद्यान विभाग के द्वारा कृषकों को उन्नत तकनीकी से खेती करने के लिए निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के साथ ही तकनीकी मार्गदर्शन देकर खेती कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में विशेष पहल किया जा रहा है। फरसाबहार विकासखण्ड के ग्राम बोखी के 60 वर्षीय कृषक श्री गणेश राम यादव ने बताया कि वे परंपरागत देशी विधि से खेती करते थे। जिससे प्रति एकड़ 4 से 5 हजार रूपये शुद्ध आय प्राप्त होता था, इस वर्ष एसएमएसपी योजना अंतर्गत 0.400 हे. क्षेत्र में उन्नत तकनीकी विधि से गेहूं फसल किस्म जीडब्ल्यू 322 लगाया था। जिससे उन्हें 7.00 क्वि. प्रति एकड़ उपज प्राप्त हुआ। इस विधि के खेती से उन्हें शुद्ध आय 16000 रूपये प्राप्त हुआ।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी क्षेत्र फरसाबहार श्रीमती शशिप्रभा भोय ने उन्नत तकनीकी विधि से खेती करने हेतु प्रेरित करते हुए किसानों को गेंहू बीज प्रदाय किए थे। फसल प्रदर्शन को देख कर अन्य कृषकों द्वारा आगामी वर्ष में उन्नत तकनीकी विधि से खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा। किसान गणेश राम यादव भी आगामी वर्ष में गेहूं फसल की खेती उन्नत तकनीकी विधि को अपनाकर अधिक क्षेत्र में गेहूं की फसल लगाएंगे साथ ही अन्य कृषकों को भी इसी विधि से खेती करने की लिए प्रेरित करने की बात कही।
प्राकृतिक आपदा में जनहानि के एक मामले में प्रभावित परिजन को 4 लाख की राशि स्वीकृत
जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास ने प्राकृतिक आपदा में जनहानि के एक मामले में प्रभावित परिजन को आर.बी.सी. 6-4 के तहत् 04 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृत दी है। कांसाबेल तहसील अंतर्गत ग्राम गरईबंध, निवासी स्व. उज्जवल भगत का कुआं के पानी में डूबने से 22 जनवरी 2014 को मृत्यु हो गई। मृतक के निकटतम वारिस उनके पिता उजयनाथ भगत हेतु 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
चांपाझरिया नाला पर बनेगा उच्च स्तरीय पुल, मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात
4 करोड़ 36 लाख की लागत से होगा निर्माण, बरसात में नहीं थमेगा अब आवागमन.....
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है।अब बोड़ाछापर चटकपुर मार्ग में चंपाझरिया नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। बरसात के दिनों में चंपाझरिया नाला उफान पर आ जाने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो जाता है। इस समस्या से सबसे अधिक परेशान स्थानीय ग्रामीण, छात्र-छात्राएँ और किसान होते हैं।पुल बनने से यह समस्या स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी और लोगों को हर मौसम में सुरक्षित व निर्बाध आवाजाही की सुविधा मिलेगी।
पुल निर्माण होने से दर्जनों गांव को मिलेगा सीधा लाभ
इस पुल के निर्माण से कुनकुरी एवं दुलदुला क्षेत्र के दर्जनों गांव
कारीछापर, सारसबाहर, राजोटी, बेलघुटरी, रायकेरा, रामसागर और टेंगरा टुकु गांव के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। अब इन क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, बाजार और अन्य सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी। कृषि उपज और दैनिक जरूरतों का सामान भी बिना किसी बाधा के परिवहन हो सकेगा।ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा दी गई सौगात के लिए आभार जताते हुए कहा कि बरसों पुरानी उनकी बड़ी समस्या का समाधान अब होने जा रहा है। यह पुल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला साबित होगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुल का निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी और विकास की रफ्तार और तेज होगी।यह पुल बनने से न केवल चंपाझरिया नाला बल्कि आसपास के कई गांवों को विकास की नई राह मिलेगी।
जशपुर का नव संकल्प शिक्षण संस्थान : मुख्यमंत्री की पहल से बदल रहा युवाओं का जीवन
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी पहल से जिले में नव संकल्प शिक्षण संस्थान डीएमएफ मद से संचालित हो रहा है। यह संस्थान आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के युवाओं को निःशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान कर उनके भविष्य को संवार रहा है। यह पहल युवाओं के लिए उम्मीद और आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है।
इसी संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर सीजी पीएससी बैच की छात्रा कुमारी खिरोमणी बाई का चयन प्रयोगशाला परिचारक पद पर हुआ है। वहीं, इसी प्रकार कांसाबेल विकासखंड की ग्राम सारूकछार की समिता चक्रेश ने व्यापम द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर में महिला वर्ग में प्रथम स्थान और समग्र सूची में सातवां स्थान प्राप्त कर बड़ा मुकाम हासिल किया। उन्होंने 100 में से 88 अंक अर्जित किए। समिता ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, लगातार अभ्यास और नव संकल्प के मार्गदर्शन को दिया।
समिता चक्रेश बताती है कि “लगातार अभ्यास और नव संकल्प के शिक्षकों के मार्गदर्शन ने मुझे इस मुकाम तक पहुँचाया। वहीं कुमारी खिरोमणी बाई ने कहा दृ “नव संकल्प ने मुझे सही माहौल और बेहतर मार्गदर्शन दिया। यहाँ मिली सुविधाओं और प्रोत्साहन से ही मैं प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो पाई।”
मुख्यमंत्री की पहल और जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि आज नव संकल्प के छात्र प्रदेश स्तर पर सफलता की नई मिसाल कायम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 8 करोड़ 77 लाख की लागत से गिनाबहार में 50 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू..
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और बड़ी सौगात दी है। जिले के कुनकुरी ब्लॉक अंतर्गत गिनाबहार में 50 बिस्तरीय मातृ-शिशु चिकित्सालय का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। लगभग 8 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह अस्पताल क्षेत्रवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, जिले के विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके बन जाने से न केवल जशपुर बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचलों की माताओं, बहनों और बच्चों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर उपचार और देखभाल मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और निर्धारित समय सीमा में अस्पताल का निर्माण पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना उनकी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त किया और कहा कि अब मरीजों को इलाज के लिए दूर दराज नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बढ़ता जशपुर :
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। हाल के वर्षों में अनेक योजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। जिले को 220 बिस्तर का आधुनिक अस्पताल मिल चुका है, वहीं 35 करोड़ की लागत से कल्याण आश्रम में अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण हो रहा है। आधा दर्जन नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति दी गई है, 11 अतिरिक्त एम्बुलेंस और 2 शव वाहन की व्यवस्था भी की गई है।
मातृ-शिशु देखभाल को प्राथमिकता देते हुए नए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू किया गया है। इन पहलों से आने वाले समय में जिले के आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और जशपुर स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनकर उभरेगा।
कलेक्टर ने नवगुरुकुल प्रशिक्षण संस्थान का किया निरीक्षण, छात्राओं को दी प्रेरणा
जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास ने आज जिला प्रशासन के सहयोग से नवगुरूकुल फाउंडेशन द्वारा युवाओं को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग और बिजनेस शिक्षा प्रदान करने हेतु संचालित आवासीय प्रशिक्षण संस्थान का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से चर्चा की और लगन के साथ शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्जवल बनाने हेतु प्रेरित किया। छात्राएं कलेक्टर को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित हुए। कलेक्टर ने एक शिक्षक की तरह उनसे चर्चा की और तकनीक और आधुनिक शिक्षा के महत्व के बारे में बताया।
कलेक्टर ने बिजनेस शिक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सुबेला टोप्पो, साक्षी यादव और राखी तिर्की और कम्प्यूटर प्रोग्रामिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही कुंती यादव सहित अन्य छात्राओं से चर्चा की और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आज के दौर तकनीक का है, वहीं देश आज तरक्की कर सकता है जिसकी तकनीक में अच्छी पकड़ हो, तकनीक में कौशल प्राप्त युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप सभी पूरे मन लगाकर सीखे और अपने सपने को पूरा करें।
कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य श्री अमरनाथ धमगया और नवगुरुकुल के मेंटोर से कहा कि प्रशिक्षण में एआई, आधुनिक कंप्यूटर प्रोग्राम को भी शामिल करे। उन्होंने कॉलेजों में सेमिनार लगाकर कैरियर के बारे गाइडेंस देने तथा अन्य गतिविधियां आयोजित कर छात्रों को जागरूक करने को कहा। विदित हो कि नवगुरुकुल में विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग तथा व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है।। प्रशिक्षण अवधि में अभ्यर्थियों को निःशुल्क छात्रावास, लैपटॉप, इंटरनेट सुविधा एवं भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम पूर्णतः रोजगारोन्मुखी स्वरूप में संचालित किया जाता है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद भटनागर सहित नवगुरुकुल के अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
विधायक रायमुनि भगत ने मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
जशपुरनगर । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आज जशपुर में नशा मुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देने हेतु एक प्रेरणादायक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नागरिकों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन दौड़ जशपुर जयस्तंभ चौक से शुरू होकर रणजीता स्टेडियम में समापन किया गया।
इस आयोजन में जशपुर विधायक रायमुनि भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा, एवं समाज कल्याण अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
क्रीड़ा परिसर के 500 से अधिक बच्चों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मैराथन में भाग लिया। विशेष रूप से समर्थ स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने भी भाग लेकर आम नागरिकों से नशा से दूर रहने की भावपूर्ण अपील की।
कार्यक्रम का समापन रणजीता स्टेडियम में हुआ, जहां विधायक श्रीमती राय मुनि भगत ने बच्चों को नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया और नागरिकों से आग्रह किया कि वे समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में सहयोग करें।
मुख्यमंत्री साय ने स्वीकृत किये 58 लाख, जिले के तेरह गांवो में बिखरेगी सुशासन की रौशनी’
अंधेरे से मुक्ति दिलाने सीएम की पहल पर ग्रामीणों ने जताया आभार
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की इस समस्या को दूर कर दी। सीएम साय ने जिले के कांसाबेल ब्लॉक के ग्राम पूसरा, पोंगरो, कांसाबेल, बाँसबहार, चोगरीबहार, देवरी, दोकड़ा, सारूकछार, बटईकेला, नरियलडांड, फरसाजुड़वाईन, खूंटीटोली, बेलटोली के कई आश्रित बस्तियों, मजरा टोली में अधूरे पड़े विद्युतीकरण के काम को पूरा कराने के लिए 58 लाख रूपये की स्वीकृति देते हुए राशि जारी कर दी है,जिसके बाद इन बस्तियों में विद्युत केबल तार लगाकर ग्रामीणों को अंधेरे से मुक्ति दिलाने का कार्य शुरू हो गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में जैसे ही जिले काँसाबेल ब्लाक में अधूरे पड़े विद्युतीकरण के काम का मामला आया,उन्होंने इसे पूरा कराने के लिए विभाग की निर्देशित कर किया था।
ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री साय का आभार :
विद्युतीकरण कार्य को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 58 लाख रुपये की स्वीकृति देकर उन्हें अंधेरे से मुक्ति मिलने के बाद ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। ग्रामीणों ने वर्षों की समस्या को दूर करने के लिए सीएम साय का आभार जताया है।
ट्रैक्टर में दब गया चालक, लापरवाही ने ले ली जान
जशपुर । जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र अंर्तगत ग्राम पंचायत पतराटोली में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर पलटने से उसके निचे दबने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। बताया जाता है कि मृतक चालक राजकुमार सिदार ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने गया था।
जुताई के बाद मुख्य मार्ग पर लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाकर घर लौटते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत मे पलट गया। गड्ढे में पलटने से चालक ट्रैक्टर नीचे दब गया उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मशरूम के लिए गई महिला पर हाथी ने किया हमला, मौत
जशपुर । छत्तीसगढ़ में हाथियों के हमले बढ़ रहे हैं. ताजा मामला कुनकुरी विकासखंड के कुड़ुकेला जंगलपारा से सामने आया है, जहां शनिवार सुबह हाथी ने महिला पर हमला कर दिया. घटना को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ नाराजगी है. वह वन टीम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, घर से 200 दूर जंगल की ओर ज्योति मिंज (44 साल) खुखड़ी (जंगली मशरूम) बिनने गई थी. घर वापस लौटने के दौरान वहां अचानक हाथी पहुंच गया, जिसके बाद उसने महिला पर पैर से हमला कर दिया. महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को हॉलीक्रॉस अस्पताल कुनकुरी में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है. उन्होंने क्षेत्र में हाथी की मौजूदी को लेकर मुनादी नहीं कराने का आरोप लगाया है. बता दें कि शुक्रवार को बलरामपुर जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथी ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई थी.
जशपुर में यात्री बस पलटी: महिला की मौत, 5 यात्री गंभीर...
जशपुर । जशपुर में गुरुवार सुबह सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के बरजोर में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा अन्य कई यात्रियों को भाी मामूली चोंटें आई हैं। सभी घायलों को सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिये भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक बस फरसाबहार से अंबिकापुर जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं कई यात्री घायल हो गए, जिनमे पांच की हालत गंभीर है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय रूप से उपलब्ध बांस और सवई घांस से बनेंगे आकर्षक उत्पाद, महिलाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जशपुरनगर । जशपुर वनमण्डल अन्तर्गत कांसाबेल परिक्षेत्र की संयुक्त वन प्रबंधन समितियों में 04 सितंबर से महिलाओं को स्थानीय रूप से उपलब्ध बांस और सवई घांस से आकर्षक आभूषण, सजावटी वस्तुएं और अन्य कलात्मक उत्पाद बनाने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इस पहल से महिलाएं आत्मनिर्भरता को प्राप्त करेंगी और आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी।
असम की प्रसिद्ध बांस कला विशेषज्ञ नीरा शर्मा, जिन्हें बैम्बू लेडी ऑफ इंडिया के नाम से जाना जाता है, विशेष प्रशिक्षण शिविर का संचालन कर रही हैं। आगामी 15 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में स्थानीय रूप से उपलब्ध बांस और सवई घांस को ही आधारभूत सामग्री के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। पहले जिन संसाधनों का उपयोग सीमित रूप से होता था, अब वही साधन महिलाओं के लिए आय के नए अवसर लेकर आया है। इससे बनने वाले आकर्षक आभूषण, सजावटी वस्तुएं और अन्य कलात्मक उत्पाद उपयोगी होने के साथ ही घर एवं अन्य प्रतिष्ठानों की शोभा भी बढ़ाएगी।
समिति की लगभग 30 महिला सदस्य इस प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण के शुरुआती दिनों में ही उनमें सीखने को लेकर नया उत्साह दिखाई दे रहा है। इन महिलाओं का कहना है इससे उनमें एक नया आत्मविश्वास जगा है, अब वे भी अतिरिक्त आय अर्जित कर घर-परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकती हैं।
प्रशिक्षण शिविर में परिक्षेत्राधिकारी, वन अमला और समिति के सदस्य लगातार सहयोग और मार्गदर्शन दे रहे हैं। वन विभाग का मानना है कि इस तरह की पहल से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और स्थानीय वन उत्पादों का वाणिज्यिक उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम का नव संकल्प के छात्रों ने लिया आनंद
जशपुरनगर । नव संकल्प संस्थान में आज एक विशेष शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भारत के पहले अंतरिक्ष स्टेशन यात्री शुभांशु शुक्ला एवं स्कूली बच्चों के बीच संवाद कार्यक्रम के वर्चुअल आयोजन का शिक्षकों एवं संस्थान के बच्चों ने मिलकर आनंद लिया। इस अवसर पर छात्रों के साथ अंतरिक्ष हीरो के बीच प्रेरणादायी संवाद एवं अनुभव को सभी बच्चों ने सुना।
मुख्यमंत्री श्री साय और गगन यात्री श्री शुक्ला के वैज्ञानिक दृष्टिकोण बच्चों के बीच विकसित करने के आह्वाहन से सभी के बीच उत्साह की नई लहर प्रवाहित हुई। श्री शुक्ला ने छात्रों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे और सभी ने इस संवाद से प्रेरणा प्राप्त की।
जशपुर के बगीचा में गणेश विसर्जन के दौरान हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
जशपुरनगर । जशपुर जिले के जुरुडांड, बगीचा में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मृत्यु तथा कई अन्य के घायल होने की दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुःखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों एवं घायलों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए एवं घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
ग्राम जूरूडांड में हुए दुखद सड़क हादसे में घायलों से मिलने पहुंचे विधायक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक
मृतकों के परिवारों को दी गई तत्काल आर्थिक सहायता
जशपुरनगर। 2 सितंबर की रात्रि को बगीचा से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम जूरूडांड में गणेश विसर्जन के दौरान हुए सड़क हादसे में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए घायलों को शीघ्रतम मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रात्रि करीब 12ः30 बजे विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर उपचार हेतु डॉक्टरों को निर्देशित किया। इस हादसे में घायल हुए 22 लोगों को बेहतर उपचार हेतु अंबिकापुर रेफर किया गया है। इनमें से 15 का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में तथा 7 का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। शेष 8 घायलों का इलाज बगीचा सीएचसी में चल रहा है। घायलों में 2 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इस दुखद दुर्घटना में मृत हुए तीन लोगों के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन द्वारा सभी घायलों को हर संभव चिकित्सीय एवं आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।