छत्तीसगढ़ / रायपुर
किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने राज्यभर में निरीक्षण अभियान जारी
रायपुर । किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राज्यभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से उड़ीसा प्रिंट वाली पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां (लगभग 550 किलोग्राम) जब्त की हैं।
महासमुंद जिले के कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) प्रिंट वाली उर्वरक की 11 बोरियां मिलीं, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की सुरक्षा तथा उर्वरकों की गुणवत्ता एवं वैध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि उर्वरक के भंडारण एवं विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्यभर में यह निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान, लोक संस्कृति के संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में डॉ. ताती के दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती ने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज की सेवा, लोक परंपराओं के संरक्षण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के कार्यों के लिए समर्पित किया है। उनका सेवा भाव, समर्पण और सामाजिक योगदान पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर डॉ. बुधरी ताती ने चार दशक से अधिक समय तक बस्तर अंचल सहित वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए सतत कार्य किया है। उन्होंने सैकड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. बुधरी ताती जैसे व्यक्तित्व हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति और सेवा की परंपरा के सशक्त प्रतीक हैं। उनका जीवन नई पीढ़ी को समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा और समर्पण का संदेश देता है। डॉ. बुधरी ताती ने जनजातीय समाज के विकास और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती के परिजन उपस्थित थे।
पूर्व कांग्रेस पार्षद मोहम्मद अंसार की बाइक चोरी, CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश तेज
रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस पार्षद और कांग्रेस नेता मोहम्मद अंसार की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। खास बात यह रही कि अज्ञात चोर उनकी आंखों के सामने ही बाइक लेकर फरार हो गया। घटना थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अंसार किसी काम से क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने मौका देखकर उनकी बाइक चोरी कर ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि वे कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी बाइक लेकर भाग निकला। घटना के बाद उन्होंने तत्काल मौदहापारा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान लगभग कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही पेट्रोलिंग टीम और जांच अधिकारी लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं।
मोहम्मद अंसार ने बताया कि बाइक की डिक्की में एक नया मोबाइल चार्जर भी रखा था, जिसे चोर बाइक के साथ ले गया। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से शीघ्र कार्रवाई और बाइक बरामद करने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों में भी जांच जारी है और संदिग्ध की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने थाना क्षेत्र के समीप हुई इस चोरी को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में अगले 3-4 दिनों में पूरे प्रदेश में पहुंचेगा मानसून, 7 दिन तक बारिश के आसार
रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में मानसून प्रदेश के शेष हिस्सों तक पहुंच जाएगा। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, लेकिन उमस से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। विभाग ने आगामी सात दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
रविवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मुंगेली में 5 सेंटीमीटर और दरभा में 4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि अन्य जिलों में भी बारिश हुई। अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इंस्टाग्राम पर नाबालिग को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, अश्लील फोटो वायरल करने की देता था धमकी
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री से आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने युवती के निजी फोटो अपने पास हासिल कर लिए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। शिकायत मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सोहेब सिद्दीकी (21), निवासी कबीर नगर, रायपुर के रूप में की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों और युवाओं से सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
तेज आंधी में चोखरधानी रेस्टोरेंट की पार्किंग शेड गिरी, बड़ा हादसा टला
रायपुर राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम तेज हवा और आंधी के बीच तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित चोखरधानी रेस्टोरेंट की पार्किंग शेड अचानक गिर गई। घटना के समय वहां महिलाएं, बच्चे और कई लोग मौजूद थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के दबाव से पार्किंग शेड का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक-दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में तेज हवा को हादसे की वजह माना गया है।
रेस्टोरेंट प्रबंधन ने क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पार्किंग शेड का निर्माण सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने एटीआर क्षेत्र के गांवों में लगाई जनचौपाल
ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
20 लाख से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा
वनांचलों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने सरकार प्रतिबद्ध : श्री अरुण साव
रायपुर. 28 जून 2026


उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के अचानकमार क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्रामों—जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही और बम्हनी, कटामी और अचानकमार में जनचौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान अनेक विकास कार्यों की घोषणाएं भी की।

ग्राम जमुनाही में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना साकार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिवतराई से केवची तक बहुप्रतीक्षित सड़क को स्वीकृति मिल चुकी है। वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं बिजराकछार से औरापानी सड़क को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

ग्रामीणों द्वारा बिजली एवं पेयजल की समस्या उठाए जाने पर उन्होंने तत्काल अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जमुनाही में सड़क की मरम्मत, गांव में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, देवभूमि में हैंडपंप स्थापना की घोषणा की तथा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना, पेंशन, राशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा गणेश चौक में गणेश पंडाल हेतु शेड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कोटरा-पथरा-मनियारी मार्ग पर पुल निर्माण का सर्वे पूरा हो चुका है और कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने जनचौपाल के दौरान पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश देने के साथ ही स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को खेल सामग्री भी वितरित किए।
सुरही में उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सुरही में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। ग्राम बम्हनी में जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि गांव के 111 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा 206 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और सभी आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने निवासखार में पुलिया निर्माण के लिए भी शीघ्र प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम कटामी एवं छपरवा में हैंडपंप एवं पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बिंदावल में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की तथा पानी एवं बिजली की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जनचौपालों में मुंगेली के कलेक्टर श्री कुंदन कुमार और वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
जन्म-मृत्यु पंजीकरण में अपील की सुविधा, नागरिकों को मिली राहत
रायपुर, 27 जून 2026
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय जशपुर द्वारा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े मामलों में आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रकरण में संबंधित रजिस्ट्रार द्वारा पारित आदेश से असंतोष है, तो वह नियमानुसार जिला रजिस्ट्रार के समक्ष अपील प्रस्तुत कर सकता है। इसी तरह जिला रजिस्ट्रार के आदेश से असंतुष्ट होने पर व्यक्ति को मुख्य रजिस्ट्रार, छत्तीसगढ़ तथा संचालक, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, रायपुर के समक्ष अपील करने का अधिकार होगा। यह व्यवस्था जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण संबंधी प्रावधानों के अंतर्गत उपलब्ध है।
कार्यालय ने बताया कि अपील प्रस्तुत करते समय संबंधित आदेश की प्रति, आवश्यक अभिलेख तथा अपना पक्ष स्पष्ट रूप से संलग्न करना अनिवार्य होगा, जिससे प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार निर्णय लिया जा सके।
जिले के सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण संबंधी किसी भी विवाद, त्रुटि या आदेश के विरुद्ध वैधानिक अपील व्यवस्था का उपयोग करें। अधिक जानकारी के लिए स्थानीय रजिस्ट्रार अथवा जिला रजिस्ट्रार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
मानसून में बढ़ा गलघोंटू बीमारी का खतरा, पशुपालकों से समय पर टीकाकरण कराने की अपील
पशुधन की सुरक्षा के लिए राज्यभर में सतर्कता एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश
रायपुर, 27 जून 2026

मानसून के आगमन के साथ पशुओं में फैलने वाली खतरनाक जीवाणुजनित बीमारी गलघोंटू (एचएस/बघर्रा) का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए पशुधन विकास विभाग ने राज्य के सभी पशुपालकों से सतर्क रहने तथा अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि समय पर टीकाकरण और त्वरित उपचार से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गलघोंटू रोग मुख्य रूप से गाय, भैंस और भेड़ को प्रभावित करता है। संक्रमण होने पर पशुओं में तेज बुखार, गले एवं जबड़े के नीचे सूजन, मुंह से अत्यधिक लार निकलना, नाक से स्राव, सांस लेने में कठिनाई तथा गले से घरघराहट की आवाज जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कई मामलों में पशु चारा खाना बंद कर देते हैं, दुग्ध उत्पादन प्रभावित होता है और गंभीर स्थिति में उनकी मृत्यु भी हो सकती है।
पशु चिकित्सा विभाग ने पशुपालकों से कहा है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखें, प्राथमिक उपचार प्रारंभ करें तथा तत्काल निकटतम पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करें। साथ ही किसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पशुओं में बीमारी के लक्षण मिलने पर इसकी सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच और शीघ्र उपचार ही सबसे प्रभावी उपाय हैं। इसके लिए राज्यभर में आवश्यक सतर्कता एवं निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई
वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से उड़ीसा प्रिंट वाले उर्वरक की 11 बोरियां जब्त,
किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने राज्यभर में निरीक्षण अभियान जारी
रायपुर, 27 जून 2026
किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा राज्यभर में उर्वरक विक्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से उड़ीसा प्रिंट वाली पीआरओएम (च्त्व्ड) उर्वरक की 11 बोरियां (लगभग 550 किलोग्राम) जब्त की हैं।
महासमुंद जिले के कलेक्टर श्री विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) प्रिंट वाली उर्वरक की 11 बोरियां मिलीं, जिन्हें नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की सुरक्षा तथा उर्वरकों की गुणवत्ता एवं वैध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि उर्वरक के भंडारण एवं विक्रय में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्यभर में यह निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना
सौर ऊर्जा अपनाएं, बिजली बिल घटाएं और पर्यावरण संरक्षण में निभाएं अपनी भागीदारी
रायपुर, 27 जून 2026

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छ एवं किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी ने सभी घरेलू उपभोक्ताओं से इस योजना का लाभ उठाकर अपने आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट लगाने की अपील की है।
योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना पर केन्द्र एवं राज्य शासन द्वारा आकर्षक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। 1 किलोवाट क्षमता के प्लांट पर कुल 45 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है, जिसमें 30 हजार रुपये केन्द्र सरकार तथा 15 हजार रुपये राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए जाते हैं।
इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता के प्लांट पर कुल 90 हजार रुपये का अनुदान मिलता है, जिसमें 60 हजार रुपये केन्द्र एवं 30 हजार रुपये राज्य सरकार का अंश शामिल है। वहीं 3 किलोवाट अथवा उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का अनुदान उपलब्ध है, जिसमें 78 हजार रुपये केन्द्र सरकार तथा 30 हजार रुपये राज्य सरकार द्वारा दिए जाते हैं।
योजना को और अधिक सुलभ बनाने के लिए 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट की स्थापना हेतु बैंकों के माध्यम से 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर 10 वर्षों के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इस ऋण की मासिक ईएमआई सामान्यतः उपभोक्ता के मासिक बिजली बिल से भी कम होती है।
रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना की अनुमानित लागत लगभग 65 हजार रुपये प्रति किलोवाट है। इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं अथवा अपने निकटतम विद्युत वितरण केन्द्र, उपसंभाग अथवा संभागीय कार्यालय से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह योजना न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत का अवसर प्रदान करती है, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
कन्हारगांव सेवा डेरा में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की लगी जन चौपाल’
जमीन पर बैठकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, आस पास के ग्रामों के लिए 10-10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर, 27 जून 2026


उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बस्तर प्रवास के दौरान नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल में स्थित कन्हारगांव सेवा डेरा पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जन चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, स्व-सहायता समूहों की दीदियों तथा नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ अब सुरक्षा कैम्प जन सुविधा के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पहले सुरक्षा कैम्प संचालित होते थे, उन्हें अब श्वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेराश् के रूप में विकसित किया जा रहा है। कन्हारगांव स्थित आईटीबीपी कैम्प को भी सेवा डेरा के रूप में परिवर्तित किया गया है, जहां शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सेवा डेरों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की सेवा की जाएगी।
कार्यक्रम में आये आसपास के 10 ग्रामों के सरपंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उप मुख्यमंत्री ने कन्हारगांव के आस पास के 10 ग्राम में विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लघु वनोपजों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से आजीविका बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए और महिला समूह इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि बस्तर का विकास बस्तर के स्थानीय युवाओं और यहां के लोगों की सहभागिता से ही होगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, ओरछा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री मंगलूराम नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुंदरराज पी., पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिन्सन गुरिया, सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
नशा मुक्त भारत की दिशा में कानूनी जागरूकता का सशक्त अभियान : सूरजपुर में तीन दिवसीय नशा निषेध कार्यक्रम संपन्न
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अभिनव पहल, विद्यालयों और नशा मुक्ति केंद्रों में पहुंची ‘डॉन’ योजना की जानकारी
रायपुर , 26 जून 2026





अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने तथा युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष जनजागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से विद्यालयों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा नशा मुक्ति केंद्रों से जुड़े लोगों तक कानूनी साक्षरता और पुनर्वास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई गई।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर श्रीमती विनीता वार्नर तथा सचिव सुश्री पायल टोपनो के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान का प्रमुख उद्देश्य नशे के विरुद्ध सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करना और युवाओं को सुरक्षित, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के अंतर्गत साधु राम विद्या मंदिर सूरजपुर, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल विश्रामपुर तथा स्थानीय नशा मुक्ति केंद्र में विधिक साक्षरता एवं परामर्श कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष अभियान का विशेष केंद्रबिंदु राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की ‘डॉन’ (Drug Awareness and Wellness Navigation - DAWN) योजना रही, जिसके माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, पुनर्वास सेवाओं तथा निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में व्यवहार न्यायाधीश (वरिष्ठ श्रेणी) श्रीमती रुचि मिश्रा एवं श्री आशीष भगत ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती है, जिससे बचाव ही सबसे प्रभावी उपाय है।
नशा मुक्ति केंद्र सूरजपुर में आयोजित विशेष सत्र में पैरा लीगल वॉलेंटियर श्री सत्य नारायण ने उपचाररत व्यक्तियों की काउंसलिंग करते हुए पुनर्वास की प्रक्रिया, सामाजिक पुनर्स्थापन और कानूनी संरक्षण से संबंधित जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नशे से मुक्ति का संकल्प लेने वाले व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श तथा पुनर्वास सेवाओं से जोड़ा जाता है।
कार्यक्रमों के दौरान किशोर न्याय अधिनियम, बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया।
विशेषज्ञों ने बताया कि NALSA की ‘डॉन’ योजना नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को न्याय, परामर्श, उपचार और पुनर्वास से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार से जुड़े कानूनों, विशेषकर एनडीपीएस अधिनियम की जानकारी देकर युवाओं को जागरूक किया जाता है, वहीं स्वेच्छा से नशा छोड़ने वालों की पहचान को गोपनीय रखते हुए उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने पर बल दिया जाता है।
अभियान के समापन अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग करें
रायपुर, 27 जून 2026

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घर-घर में सौर ऊर्जा का उपयोग करके बिजली बिल में कमी लाना है। इस योजना के तहत, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के सभी उपभोक्ताओं को अपने आवासीय परिसरों में रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट स्थापित करने की सलाह दी जाती है।
योजना के लाभ
सोलर प्लांट की क्षमता के अनुसार केंद्र और राज्य शासन द्वारा अनुदान दिया जाएगा। जैसे कि 1 केवी प्लांट के लिए 45,000 रूपए। जिसमें केंद्र का 30,000 और राज्य 15,000 अनुदान होगा। इसी प्रकार 2 केव्ही प्लांट के लिए 90,000 रूपए। इनमें केन्द्र का 60,000, राज्य का 30,000, 3 केवी प्लांट या अधिक के लिए 1,08,000 इनमें केन्द्र का 78,000, राज्य 30,000 अनुदान होगा। बैंक द्वारा लोन की सुविधा 3 केवी तक क्षमता के सोलर प्लांट के लिए 6 प्रतिशत ब्याज दर पर 10 वर्षों के लिए लोन उपलब्ध है, जिसका मासिक ईएमआई सामान्य मासिक बिल से कम है।
पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना ऑनलाइन पोर्टल पर लॉग ऑन कर या नजदीकी वितरण केन्द्रों, उप-संभाग, संभागीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। प्रति केव्ही कुल खर्च लगभग 65,000 है। इस योजना का लाभ उठाकर अपने बिजली बिल में कमी ला सकते हैं और सौर ऊर्जा का उपयोग करके पर्यावरण की रक्षा में भी योगदान कर सकते हैं।
संभाग स्तरीय रोजगार मेले में युवाओं का बढ़ाया उत्साह, मंत्री श्री राजेश अग्रवाल बोलेकृ प्रतिभा और कौशल को मिलेगा बेहतर अवसर
अंबिकापुर के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में युवाओं से किया आत्मीय संवाद, चयनित अभ्यर्थियों को दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
रायपुर, 27 जून 2026



पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने शनिवार को अंबिकापुर स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले में सहभागिता कर क्षेत्र के युवाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने रोजगार के लिए पहुंचे युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता युवाओं को उनकी प्रतिभा, योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने युवाओं से निरंतर परिश्रम, कौशल विकास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रोजगार मेले केवल नियुक्ति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का सशक्त मंच हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह और अधिक मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में कौशल और दक्षता ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। इसलिए युवाओं को अपनी क्षमताओं का निरंतर विकास करते हुए नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि प्रदेश का प्रत्येक युवा आत्मनिर्भर बन सके और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सके।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रोजगार मेले के माध्यम से चयनित सभी युवाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। चयनित सभी युवाओं को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आप सभी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न निजी प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कंपनियों में रोजगार प्राप्त करने के लिए साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
बच्चों की मुस्कान लौटीः बछरूडूबा आंगनबाड़ी भवन मुक्त होने से फिर शुरू हुई पोषण और शिक्षा की गतिविधियां
प्रशासन की तत्पर पहल से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को दोबारा मिलने लगीं आंगनबाड़ी सेवाएं
रायपुर , 27 जून 2026
बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए बलरामपुर जिला प्रशासन ने विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंडरी स्थित बछरूडूबा आंगनबाड़ी भवन को मुक्त कराकर पुनः महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंप दिया है। इसके साथ ही केंद्र में संचालित होने वाली सभी सेवाएं नियमित रूप से प्रारंभ हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के बच्चों और माताओं को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वाड्रफनगर के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि आंगनबाड़ी भवन का उपयोग अन्य प्रयोजनों के लिए किया जा रहा था, जिसके कारण केंद्र का संचालन बाधित हो रहा था और बच्चों को मिलने वाली आवश्यक सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं।
प्रशासन ने 25 जून 2026 को राजस्व विभाग की टीम, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर की उपस्थिति में संबंधित पक्ष की सहमति से भवन का ताला खुलवाकर उसे खाली कराया तथा विधिवत महिला एवं बाल विकास विभाग को पुनः सुपुर्द किया।
भवन उपलब्ध होने के बाद बछरूडूबा आंगनबाड़ी केंद्र में पूरक पोषण आहार वितरण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी गतिविधियां, गर्भवती और शिशुवती माताओं के लिए परामर्श सेवाएं तथा विभागीय योजनाओं का लाभ फिर से नियमित रूप से प्रदान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर पोषण और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का वातावरण उपलब्ध हुआ है। साथ ही यह पहल इस बात का भी संदेश देती है कि शासकीय परिसंपत्तियों का उपयोग जनहित और समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक बच्चे को उसके अधिकार और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव मिल सके।
विशेष लेख : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय : सरल, सादगी और संवेदनशीलता के साथ विकास यात्रा का सशक्त नेतृत्व
- तेजबहादुर सिंह भुवाल, सहा. जनसंपर्क अधिकारी
रायपुर, 27 जून 2026
किसान परिवार से निकलकर छत्तीसगढ़ प्रदेश के सर्वाेच्च नेतृत्व तक पहुंचने वाले मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और जनसेवा की भावना से जनता के बीच एक अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री श्री साय का सार्वजनिक जीवन सादगी, जनसेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने के संकल्प का प्रतीक माना जाता है। लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, वनवासियों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों की समस्याओं को निकट से समझा और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। सत्ता के शीर्ष पद पर होने के बावजूद उनकी सादगी और सहजता आज भी उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री श्री साय आम जनता से सीधे संवाद को लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं। जनदर्शन, सुशासन तिहार और विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से वे स्वयं लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए त्वरित पहल करते हैं। बुजुर्गों के प्रति सम्मान, बच्चों के प्रति स्नेह तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्परता उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान है।
आदिवासी समाज से आने वाले मुख्यमंत्री श्री साय अपनी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों से गहराई से जुड़े हुए हैं। गांवों में बैठकर लोगों से चर्चा करना, उनकी समस्याओं को समझना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
पिछले ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ सरकार ने जनकल्याण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, अधोसंरचना, निवेश और सुशासन के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा है।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 8,200 करोड़ रूपये का बजट महतारी वंदन योजना के लिए आवंटित किया है। महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में महिलाओं के स्वावलंबन, स्वास्थ्य और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो लाखों महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार ला रही है।
छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं। राज्य सरकार ने धान खरीदी को प्राथमिकता देते हुए किसानों से 3100 रूपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सुनिश्चित की तथा लाखों किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाया।
प्रदेश में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने बड़ी पहल करते हुए लाखों आवासों को स्वीकृति प्रदान की। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। तेज गति से चल रहे निर्माण कार्यों के चलते प्रदेश में लाखों जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।
बस्तर के जंगलों में उत्पादित होने वाले तेंदूपत्ता, आदिवासी समाज की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसी तेंदूपत्ता के सहारे हजारों गांवों में गर्मियों के महीनों में रोज़गार मिलता है। इस काम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल होती हैं, जिससे परिवार की कुल आय में संतुलन बनता है। यही वजह है कि तेंदूपत्ता संग्रहण को सरकार ग्रामीण रोजगार का मजबूत जरिया मानती है। राज्य सरकार ने तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बड़ी रहत देते हुए तेंदूपत्ता संग्रहण दर में अहम बदलाव किया है। पूर्व में मिलने वाली राशि को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये किया है। यह बढ़ोतरी सीधे-सीधे संग्राहकों लाभ पहुंचा रही है। जानकारों के अनुसार पहले बढ़ती महंगाई के मुकाबले संग्रहण की दर कम पड़ रही थी, लेकिन नई दर से मजदूरी और मेहनत का बेहतर मूल्य मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुरक्षा के साथ-साथ संवेदनशील पुनर्वास और विकास पर भी समान रूप से कार्य कर रही है। नक्सली सरेंडर, विक्टिम रिलीफ एंड रिहैबिलिटेशन पॉलिसी-2025 के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को वित्तीय सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर तथा आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक और मुख्यधारा से जुड़ा जीवन प्रदान किया जा रहा है।
एक नवंबर 2024 से लागू छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति 2024-30 राज्य को निवेश और उद्योगों के लिए नई पहचान दे रही है। न्यूनतम शासन, अधिकतम प्रोत्साहन के सिद्धांत पर आधारित यह नीति उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल बनाती है।
व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, पूरी तरह ऑनलाइन आवेदन, समयबद्ध स्वीकृति और त्वरित प्रोसेसिंग जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इससे उद्यमियों को कम समय में आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त हो रही हैं और कारोबार करने में सुगमता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में मजबूत और आधुनिक परिवहन नेटवर्क के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य में रेल, सड़क और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आम नागरिकों की आवाजाही पहले से अधिक सुगम हुई है।
छत्तीसगढ़ सरकार राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों का निरंतर उन्नयन, नई सड़कों और पुलों का निर्माण तथा दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के प्रयासों ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। इससे माल परिवहन की लागत और समय में कमी आई है, जिससे उद्योगों और निवेशकों को सीधा लाभ मिल रहा है।
राज्य शासन की पहल से रेल नेटवर्क के विस्तार और नई रेल परियोजनाओं के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों, खनिज संपदा वाले इलाकों और प्रमुख शहरों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, हवाई सेवाओं के विस्तार, नए एयर रूट और बेहतर विमानन सुविधाओं से राज्य की राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच और भी मजबूत हुई है। बेहतर परिवहन अवसंरचना के कारण छत्तीसगढ़ आज निवेश, व्यापार और पर्यटन के लिए अधिक आकर्षक बन रहा है। यह मजबूत कनेक्टिविटी राज्य के समग्र आर्थिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए अवसर भी सृजित कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर रुख अपनाते हुए प्रशासनिक जवाबदेही को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। योजनाओं में लापरवाही और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को शासन की आधारशिला बनाया है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित जांच, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई, तथा अनियमितताओं में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की निगरानी को तकनीक आधारित बनाया गया है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों मजबूत हुई हैं। इसके लिए ई-ऑफिस, सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, ई-गवर्नेंस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सरल और जवाबदेह बनाया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के लिए सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश में कही भी औचक निरीक्षण की व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया है। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं जिला प्रशासन द्वारा नियमित औचक निरीक्षणों के माध्यम से जिलों के सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, राशन दुकानों और विभिन्न विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया जा रहा है।
इन निरीक्षणों के दौरान लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार के मामलों में तत्काल कार्रवाई, जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। इससे प्रशासनिक तंत्र में अनुशासन बढ़ा है और अधिकारियों की जवाबदेही पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
औचक निरीक्षणों के परिणामस्वरूप सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं में सुधार आया है तथा जनता का शासन व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।
सुशासन की इसी कार्य पद्धति के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करे तथा शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समय पर और प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए युग की ओर तेजी से अग्रसर है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुँचाना है। सुशासन, पारदर्शिता, निवेश, अधोसंरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार और औद्योगिक विकास को केंद्र में रखकर राज्य में व्यापक परिवर्तन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नई औद्योगिक नीति, बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क, डिजिटल शासन, भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस, किसानों और महिलाओं के हित में लागू योजनाएँ तथा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
राज्य सरकार का संकल्प है कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को आत्मसात करते हुए छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित किया जाए। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना और प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित एवं समावेशी प्रगति सुनिश्चित करना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
विकसित छत्तीसगढ़ का यह अभियान केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, सुशासन और आधुनिक अधोसंरचना के माध्यम से एक समृद्ध, आत्मनिर्भर, सशक्त और खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य निरंतर नए अवसरों, नई उपलब्धियों और नई संभावनाओं के साथ विकास की नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
सरल व्यक्तित्व, संवेदनशील हृदय और सशक्त नेतृत्व यही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहचान है, जो छत्तीसगढ़ को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रही है।