छत्तीसगढ़ / रायपुर
साय सरकार के एक साल पूर्ण होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम का केदार कश्यप ने लिया जायजा
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के एक साल पूर्ण होने पर साइंस काॅलेज में आयोजित प्रस्तावित कार्यक्रम का प्रभारी मंत्री एवं वन मंत्री केदार कश्यप ने जायजा लिया। इस अवसर पर खेल मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत उपस्थित थे। मंत्री श्री कश्यप ने कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई रखने, शौचालय की व्यवस्था के निर्देश दिए। मंत्री श्री कश्यप ने प्रवेश द्वार और निकासी द्वार में फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए, ताकि अलग-अलग वर्ग के लोगों को कार्यक्रम स्थल में पहुंचने में दिक्कतें न हो। कार्यक्रम स्थल पर कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, जनसंपर्क अपर संचालक जे.एल. दरियो, अपर संचालक उमेश मिश्रा भी उपस्थित थे।
ट्रैक्टर मैकेनिक कोर्स करने वालों को मिला रोजगार
रायपुर। लाइवलीहुड कॉलेज जोरा में महिंद्रा एन्ड महिंद्रा लिमिटेड के द्वारा ट्रैक्टर मैकेनिक कोर्स में प्रशिक्षण हेतु नवीन तकनीक से लैब स्थापित किया गया है। जहां महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा कौशल विकास योजना अंतर्गत ट्रैक्टर मैकेनिक कोर्स में कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षित प्रथम बैच के सभी हितग्राहियों को प्लेसमेंट कैंप आयोजित कर महिंद्रा ट्रैक्टर डीलरशिप एवं प्लांट में रोजगार प्रदान किया गया। इस कोर्स के लिए जिले में निवासरत 18 से 45 वर्ष के इच्छुक हितग्राही आवेदन जमा कर सकते है।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग, आवेदन 11 तक
रायपुर । राजीव युवा उत्थान योजना के तहत जिले के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे रेल्वे, बैंकिंग, एस.एस.सी. अन्य के लिए निःशुल्क कोचिंग दिए जाने का प्रावधान है। जिसमें 100 सीटों के लिए आवेदन मंगाया गया है। इसके लिए विद्यार्थियों को 11 दिसंबर तक आवेदन करना होगा। इसमें अनुसूचित जाति के लिए 30, अनुसूचित जनजाति के लिए 50, अन्य पिछडा वर्ग के लिए 20 सीट आरक्षित की गई है। इसके अलावा वर्गवार 33 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गई है। इसमें विद्यार्थियों को एक हजार रूपए स्कॉलरशिप देने का भी प्रावधान है। विद्यार्थियों की न्यूनतम आयु 20 वर्ष व अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
कलेक्टर ने ली पशु कल्याण समिति की बैठक
भेड़ एवं बकरी की सर्जरी होगी निःशुल्क, पशु चिकित्सा के लिए 14 लाख की मंजूरी
रायपुर । कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पशु कल्याण समिति की बैठक ली। इस बैठक में भेड़ एवं बकरी, पशुपालकों का विशेष ध्यान रखते हुए किसी भी प्रकार की सर्जरी को निःशुल्क करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पशुओं के प्रबंध संरक्षण एवं संवर्धन के लिए चिकित्सकीय एवं अन्य उपकरण खरीदने 14 लाख की स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार बैठक में 50 हजार पशुओं के प्रबंध आकस्मिक प्रबंधन के आरक्षित रखा गया।
उल्लेखनीय है कि जिले में 92 पशु चिकित्सा संस्थाएं संचालित है। जहां पशुओं का इलाज किया जाता है। पशुओं के माइनर सर्जरी एवं आर्थाेपेडिक सर्जरी में बीपीएल कार्डधारियों के लिए निःशुल्क इलाज किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, डीएफओ लोकनाथ पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं पशु चिकित्सा सेवाएं संयुक्त संचालक श्री शंकर लाल उईके समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रायपुर जिले में 16 हजार 176 टन धान की हुई खरीदी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश में जिले के किसानों को समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। जिले में आज 16 हजार 176 टन धान की खरीदी की गई। जिले में आज 4 हजार 247 किसानों से 37 करोड़ 21 लाख रूपये धान की खरीदी हुई। इस प्रकार अब तक 139 उपार्जन केन्द्रों में 51 हजार 556 किसानों से 01 लाख 68 हजार 347 टन धान की खरीदी हुई है। इन किसानांे से अब तक 501 करोड़ 10 लाख रूपये की धान की खरीदी की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर धान केन्द्रों में किसानों को आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जा रही है। जिससे किसानों में धान बेचने को लेकर उत्साह है।
मृतका के परिजनों को मिली 4-4 लाख रूपये की सहायता
रायपुर । कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर आरबीसी 6-4 के तहत सहायता राशि प्रदान की गई है। आरंग के ग्राम ओड़का निवासी संतोषी घृतलहरे, ग्राम जरौद निवासी खुमान साहु और अभनपुर के सिंगारभाटा ग्राम निवासी राजकुमार कोसले की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। जिसके लिए कलेक्टर ने उनके परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत 4-4 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति प्रदान की है।
विष्णु के सुशासन में आर.बी.सी. 6-4 के तहत प्रकरणों का त्वरित निराकरण
11 माह में 188 प्रकरणों में आर्थिक सहायता राशि की मिली मंजूरी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में आर.बी.सी. 6-4 के तहत त्वरित आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति मिल रही है। कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आर.बी.सी. 6-4 के तहत प्रकरणों को प्रक्रिया में लाया जा रहा है और संपूर्ण कार्रवाई जल्द से जल्द पूरा कराते हुए प्रकरणों की मंजूरी दी जा रही है। कलेक्टर डाॅ. सिंह ने 11 माह में ही 188 प्रकरणों की स्वीकृति दी है। उल्लेखनीय है कि तालाब या पानी में डूबने, आग में जलने, आकाशीय बिजली, सर्पदंश, अतिवृष्टि के कारण पेड़ गिरने, बिच्छू काटने जैसे प्रकरणों में आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है। आर.बी.सी. 6-4 के तहत प्रत्येक प्रकरणों में 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
पॉवर कंपनीज़ बैडमिंटन स्पर्धा में रायपुर का दबदबा
अंतर क्षेत्रीय विद्युत बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में रायपुर का दबदबा रहा। टीम इवेंट में 12 सालों के चैंपियन रही कोरबा वेस्ट की टीम को रायपुर क्षेत्रीय टीम ने शिकस्त देकर विजेता का खिताब हासिल किया। महिला एवं पुरुष के एकल व युगल मुकाबले में रायपुर सेंट्रल टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रबंध निदेशक (वितरण) भीमसिंह कंवर थे।
उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम में विद्युतकर्मियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हमारे विद्युतकर्मी विद्युत आपूर्ति की निर्बाध सेवा के साथ खेल विधि में भी दक्षता साबित कर रहे हैं, यह गौरव की बात है। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक एमएस चौहान, केएस मनोठिया, जेएस नेताम, डीके तुली विशेष रूप से उपस्थित थे।
प्रबंध निदेशक ने विजयी प्रतिभागियों को ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बैडमिंटन खिलाड़ी व कार्यपालक निदेशक सिविल डीके तुली को लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान प्रदान किया गया।
तीन दिन तक चले बैडमिंटन प्रतियोगिता के टीम इवेंट में रायपुर क्षेत्र विजेता रहा, अतिथियों ने इस टीम के खिलाड़ी सर्वश्री योहन नायक, राजेश ठाकुर, दिलेश्वर ठाकुर, गिरीश कुमार व नवीन एक्का को विजेता ट्राफी प्रदान की। उपविजेता टीम कोरबा वेस्ट के खिलाड़ी अविनेश पाठक, सीमांत मिंज, एम जोशी, नरेंद्र उइके एवं गौरव गुप्ता को भी ट्राफी व मेडल प्रदान किया गया।
महिला एकल में विजेता संध्या रानी कोरबा पूर्व एवं उपविजेता झरना लता साहू रायपुर क्षेत्र रहीं। महिला युगल में रायपुर सेंट्रल की जुवेना गोम्स, सरोज डिहरी विजेता एवं कोरबा पूर्व की संध्यारानी व श्रद्धा पिल्लई उपविजेता रहीं।
पुरूष एकल मुकाबले में कोरबा पश्चिम के अनिवेश पाठक विजेता एवं रायपुर सेंट्रल के हितेंद्र मार्कंडेय उपविजेता रहे।पुरूष युगल मुकाबले में विजेता डी बाखला मड़वा व ऐश्वर्य पाठक रायपुर सेंट्रल रहे। उपविजेता कोरबा पश्चिम के अविनेश पाठक व नरेंद्र उइके रहे।
इसी तरह वेटरन एकल (45 वर्ष से अधिक) में रायपुर सेंट्रल के संजय वैद्य विजेता एवं बिलासपुर के योगेश पटेल उपविजेता रहे।
वेटरन युगल में रायपुर सेंट्रल के संजय अग्रवाल व संजय वैद्य विजेता तथा बिलासपुर के मधुप पटेल व योगेश पटेल उपविजेता रहे। मंच संचालन प्रकाशन अधिकारी श्री गोविन्द पटेल ने किया एवं आभार प्रदर्शन क्रीड़ा सचिव श्री विनय चंद्राकर ने किया।
अखिल भारतीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के खिलाड़ियों के चयन के लिये केंद्रीय पर्यवेक्षक ओंकार चंद्राकर रहे। अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिये अविनेश पाठक, हितेंद्र मार्कंडेय, धनेश्वर राम भाकला, सीमांत मिंज, ऐश्वर्य पाठक, योहान नायक, राजेश ठाकुर, नरेंद्र उईके एवं महिला खिलाड़ी संध्या रानी, झरना साहू, जुवेना गोम्स, गायत्री दीवान, कृतिका शर्मा व सरोज धिरही का चयन किया गया है।
युवा कांग्रेसियों ने घेरा तहसील कार्यालय अब किसानो के हक की लड़ाई रहेगी जारी - अंकित वर्मा
धान खरीदी अनियमितता के विरोध में युंका ने किया तहसील कार्यालय घेराव
मुख्यमंत्री ने दी अन्तर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस की शुभकामनाएं
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को 10 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे संविधान में मौलिक अधिकार और राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांतों में मानव अधिकारों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ ही अपने कर्तव्यों के पालन के प्रति भी सचेत रहना चाहिए। हमारे अधिकारों की परस्पर सुरक्षा हम सभी के कर्तव्य पालन में निहित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस विश्व में समानता, शांति, न्याय, स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देता है। यह सभी के लिए स्वतंत्रता, समानता और न्याय सुनिश्चित करने के लिए मानव अधिकारों के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालक ने साथी पर किया कैंची से वार
रायपुर । राजधानी के घड़ी चौक में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना घटी, जब दिनदहाड़े एक ई-रिक्शा चालक ने दूसरे ऑटो चालक पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में घायल ऑटो चालक गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, हमलावर ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था। दोनों चालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। अचानक ई-रिक्शा चालक ने कैंची से हमला कर दिया, जिससे दूसरा चालक खून से लथपथ हो गया।
मौके पर कार्रवाई
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य ऑटो चालकों ने हमलावर को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। घायल चालक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विवाद का कारण आपसी झगड़ा हो सकता है। पुलिस घटना के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
घड़ी चौक क्षेत्र में दहशत
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। यह घटना राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है और पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है।
200 से ज्यादा सहायक शिक्षकों का प्रमोशन, देखें लिस्ट...
रायपुर। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक शिक्षक से प्राथमिक शाला प्रधानपाठक के 220 पदों पर पदोन्नति सूची जारी कर दी है। लंबे समय से रायपुर जिले के सहायक शिक्षक पदोन्नति का इंतजार कर रहे थे आज जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर ने प्रधानपाठक प्राथमिक शाला के पदोन्नति जारी कर दिया।
बच्चों ने सीखी परमात्मा व दादागुरुदेव की आरती व मंगल दीपक की विधी
रायपुर । जिनमणिप्रभ सूरीश्वर की प्रेरणा से प्रति रविवार को बच्चों के मन मस्तिष्क में सुसंस्कार के बीजारोपण करने सीमंधर स्वामी जैन मंदिर में सकारात्मक पहल करते हुए बच्चों को प्रभु नवांगी पूजन, देववंदन विधि सिखाई जाती है। इसी तारतम्य में रविवार को बच्चों को परमात्मा व दादागुरुदेव की आरती व मंगल दीपक की सम्पूर्ण विधी सिखाई गई। अनुमोदना स्वरूप बच्चों को पुरस्कृत किया जाता है।
सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि इस रविवारीय सत्र में बच्चों को प्रभु , दादागुरुदेव की आरती व मंगल दीपक के दोहे , दोहों की राग आदि की जानकारी दी गई । जैन मंदिरों में प्रतिदिन प्रातः व संध्याकाल में आरती होती है । महासचिव महेन्द्र कोचर ने कहा कि रायपुर के जैन मंदिरों में संध्या आरती में नगण्य उपस्थित चिंता की बात है , आरती में ज्यादा से ज्यादा श्रावक श्राविकाओं को भाग लेने अभियान चलाया जाना चाहिए । आज बच्चों ने प्रतिदिन आरती में भाग लेने का संकल्प लिया। प्रत्येक रविवार को प्रातः से ही बच्चे पूजन के वस्त्र जैन संस्कृति के परिचायक धोती दुप्पटा पहन कर आते हैं, तथा अपने मधुर कंठ से प्रभु भक्ति के श्लोक, नवांगी पूजन के दोहों की भाव पूर्ण अभिव्यक्ति से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्ति रस से ओतप्रोत हो जाता है। यही नहीं इस प्रयास से बच्चो के माता पिता भी प्रातः से ही पूजन में आने लगे हैं।
ट्रस्टी निलेश गोलछा ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा भावी पीढ़ी को संस्कारित करने रात्रि धार्मिक पाठशाला का भी संचालित हो रही है । जय जय आरती आदि जिनंदा , नाभिराया मरुदेवी के नंदा । पहली आरती पूजा कीजे , नरभव पामीने लाहो लीजे ।। आरती के दोहों के सामुहिक स्वर में बच्चों ने सीमंधर स्वामी जिन मंदिर में प्रभु प्रतिमा के सम्मुख आरती के दीपक प्रकाशमान किये तो मंदिर में अलौकिक दृश्य उपस्थित हो गया। परमात्म भक्ति अनुमोदना पुरस्कार के मुख्य लाभार्थी स्वर्गीय गुलाबचंद भंवरीदेवी के आत्म श्रेयार्थ श्रीमती वर्तिका वर्धमान चोपड़ा परिवार थे। ट्रस्टी डॉ योगेश बंगानी ने आगे बताया कि परमात्मा के पश्चात दादागुरुदेव की आरती मंगल दीपक हुआ। साथ ही चारों दादागुरुदेव के सम्मुख विधिपूर्वक गुरुवंदन की प्रक्रिया सिखाई गई। बच्चों ने दादागुरुदेव का विधिपूर्वक खमासमना देकर वन्दन किया। अंत में दादागुरुदेव इक्तिसा का पाठ किया गया।
डिंगापुर में मंत्री देवांगन ने 1.11 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
रायपुर । वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 32 डिंगापुर में चार वार्डों में होने वाले 1.11 करोड़ के 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने भूमिपूजन कर शिलापट्टिका का अनावरण किया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि हमारा एक ही प्रयास है विकास और तेज रफ्तार से कोरबा का विकास। मंत्री देवांगन ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक ही प्रयास रहा है कि किस तरह वार्डाे और मोहल्लों को विकास हो। जिस तेज रफ्तार से कोरबा शहर बढ़ रहा है उसी रफ़्तार से विकास करने पर भी जोर दिया जा रहा है। ताकि हर गली आने वाले 5 साल में पक्की हो सके, नाली निर्माण और बिजली के खंभे लग सके।मंत्री देवांगन ने कहा कि वार्ड क्रमांक 32 रिसदी में कुछ वर्ष पूर्व जर्जर आंगनबाड़ी धराशाही होकर ढह गया था। तब से वार्ड वासी मांग कर रहे थे कि सभी जगह नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण हों, मंत्री देवांगन ने कहा कि सरकार आते ही सभी आंगनबाड़ी भवन के मरम्मत और निर्माण की स्वीकृति दे दी गई है। आज इस वॉर्ड में तीन नए आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण होने जा रहा है। 0 वार्ड की महिलाओं ने किया उद्योग मंत्री का अभिनन्दन डिंगापुर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री देवांगन का वॉर्ड की महिलाओं ने आत्मीय स्वागत किया। महिलाओं ने मंत्री देवांगन का आभार जताते हुए कहा कि जिन कार्यों की लंबे समय से मांग थी वह अब जाकर पूरी हो रही है।
इन कार्यों की मंत्री देवांगन ने रखी आधारशिला
वार्ड क्रमांक 29, पोड़ीबहार में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 31 दादर बांसवाडी के सामने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 31 हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सांस्कृतिक मंच निर्माण लागत 5 लाख, वार्ड क्रमांक 32 सतनाम नगर बस्ती में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 33 रामपुर बस्ती में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वार्ड क्रमांक 33 में नाली निर्माण 5 लाख, वार्ड क्रमांक 32 डिंगापुर 1, डिंगापुर 2, रिश्दी 1 में क्रमशः 12-12 लाख की लागत से तीन आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, वार्ड क्रमांक-31 दामाद मोहल्ला दादरखुर्द में सीसी रोड निर्माण कार्य 10 लाख, वॉर्ड क्रमांक 32 डिंगापुर संस्कार स्कूल के सामने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य 10 लाख, वार्ड क्रमांक 32 रिश्दी बाजार के पास मुक्तिधाम निर्माण 5 लाख, कुल 1 करोड़ 11 लाख के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर पार्षद अजय गोंड, नारायण दास महंत, सुकुंदी यादव, पीलूराम साहू, सुमन सोनी, पूर्व पार्षद दिनेश वैष्णव, रमा मिरी, गुड़िया यादव,चन्दन सिंह, संजू सिंह, लक्ष्मण श्रीवास, शिव चंदेल, वैभव शर्मा, ललेश दुबे, अभिषेक पालीवाल समेत अधिक संख्या में कार्यकर्ता व वॉर्ड के स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मंत्री देवांगन का कोण्डागांव दौरा 10 दिसंबर को
रायपुर । वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन 10 दिसंबर को कोण्डागांव जिले के प्रवास पर रहेंगे। मंत्री देवांगन सवेरे 10 बजे शंकर नगर स्थित निवास से रवाना होकर दोपहर एक बजे कोण्डागांव पहुचेंगे। तत्पश्चात वे दोपहर 2 बजे जिला अधिकारियों की बैठक लेंगे। अपरान्ह 2ः30 बजे कोण्डागांव जिले के विभिन्न विकास कार्यो के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात आडिटोरियम में पीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षओं के लिए कोचिंग सेंटर का शुभारंभ करेंगे एवं अभ्यर्थियों को स्टडी कीट का वितरण करेंगे। केबिनेट मंत्री देवांगन शाम 5 बजे कोण्डागांव से रवाना होकर रात 8 बजे रायपुर पहुंचेंगें।
आश्रम के 27 बच्चे बीमार, 9 ICU में, फूड पॉइजनिंग की आशंका
बीजापुर। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां माता रुक्मणी आश्रम के 27 बच्चे बीमार पड़ गए हैं। 9 बच्चों को ICU में भर्ती किया गया है। सभी बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि आश्रम में खाना खाने के बाद बच्चों तबियत बिगड़ी, जिसके चलते फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
यह पूरा मामला बीजापुर के धनोरा स्थित माता रुक्मणी आश्रम का है, जहां उल्टी दस्त से लगभग 27 बच्चे बीमार हो गए हैं। 9 गंभीर बच्चों को ICU में भर्ती किया गया है, बाकी बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। कहा जा रहा है कि, अधीक्षक की लापरवाही के चलते बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। ये जानकारी भी सामने आई है कि, अधिकारी निरीक्षण नहीं करते इसी वजह से ऐसे हालत बनी हुई है। फिलहाल अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।
10-12वीं बोर्ड परीक्षा का टाइम टेबल जारी
रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2025 की तारीख जारी कर दी है। हायर सेकेंडरी की मुख्य परीक्षा 1 से 28 मार्च तक होगी। वहीं हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा 3 से 24 मार्च तक आयोजित होगी। दोनों परीक्षाएं सुबह की पाली में आयोजित की जाएगी।