छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाईन आवेदन 1 अप्रैल तक
कलेक्टर ने की युवाओं से आवेदन करने की अपील
बिलासपुर, 20 मार्च 2026
भारतीय थल सेना (अग्निवीर) में भर्ती के लिए इच्छुक एवं पात्र युवाओं से 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाईन आवेदन मंगाये गये है। पुरूष अभ्यर्थी जनरल, तकनीकी, लिपिक, स्टोरकीपर, ट्रेडमैन एवं महिला अभ्यर्थी सेना पुलिस तथा स्थायी कैडर नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट वेट और सिपाही फार्मा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 17.5 से 22 वर्ष एवं आवेदन शुल्क 250 रूपए निर्धारित किया गया है। आवेदन वेबसाईटhttps://www.joinindianarmy.nic.in/Authentication.aspxपर जाकर किये जा सकते है। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 10 जून 2026 तक होने की संभावना है। विस्तृत जानकारी के लिए सेना भर्ती कार्यालय नवा रायपुर के टेलीफोन नंबर 0771-2965212, 2965214 एवं जिला रोजगार कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है। कलेक्टर ने जिले के युवाओं से अग्निवीर भर्ती में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं — केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का सख्त रुख
मुख्य सचिव से सीधे बातचीत, त्वरित जांच के लिए लिखा पत्र
हाईकोर्ट ने नशीली कफ सिरप तस्करी मामले में 4 आरोपियों सजा रखी बरकरार
बिलासपुर । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने नशीली कफ सिरप रखने और तस्करी के मामले में सत्र न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा को बरकरार रखा है। रमेश सिन्हा और रविंद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने आरोपियों की अपील खारिज करते हुए कहा कि कार्रवाई में कोई त्रुटि नहीं पाई गई।
कोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि NDPS Act की धारा 50 केवल किसी व्यक्ति की निजी तलाशी पर लागू होती है, जबकि वाहन, बैग, कंटेनर या परिसर की तलाशी पर यह प्रावधान लागू नहीं होता। इसलिए आरोपियों की ओर से धारा 50 के पालन नहीं होने की दलील स्वीकार नहीं की जा सकती।
मामले के अनुसार 13 सितंबर 2023 को तोरवा थाने में पदस्थ एसआई भरत लाल राठौर को सूचना मिली थी कि एक महिला तीन लोगों के साथ हेमूनगर स्थित शोभा विहार इलाके में गैरकानूनी तरीके से नशीली कफ सिरप बेचने के लिए ले जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्नेहा गोयल, पुष्पेंद्र निर्मलकर, अमर जांगड़े और देवा रजक को हिरासत में लिया।
जांच के दौरान स्नेहा गोयल के पास से एक प्लास्टिक बोरे में रखी कफ सिरप की 100 बोतलें (प्रत्येक 100 एमएल) बरामद हुईं। कुल मिलाकर आरोपियों के कब्जे से 145 बोतल नशीली कफ सिरप जब्त की गई।
इस मामले में सत्र न्यायालय ने सभी आरोपियों को 15 वर्ष की कठोर कारावास और डेढ़ लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके खिलाफ आरोपियों ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी, जिसे खारिज करते हुए अदालत ने सत्र न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा है।
तेज रफ्तार हाईवा ने बुजुर्ग महिला को कुचला, मौके पर मौत
बिलासपुर । जिले के कोटा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से 65 वर्षीय जमुना गोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार की है, जब वह रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने ग्राम रतखंडी आई थीं और सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान कोटा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह पहिये के नीचे आ गईं।
सूचना मिलने पर बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। बाद में प्रशासन द्वारा मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा के बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
स्पंज आयरन प्लांट में हादसा, पिघला लोहा गिरने से 4 मजदूर झुलसे
बिलासपुर । बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित नोवा स्पंज आयरन प्लांट में देर रात बड़ा हादसा हो गया। फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान अचानक पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिर गया, जिससे चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 1 बजे शिफ्ट बदलने के बाद बिल्हा के ग्राम भैंसबोड़ निवासी नरेंद्र कोसले, चंद्रहास और बिहार के धर्मवीर व विनय कुमार फर्नेस में पिघले आयरन को लैडल में डालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खौलता हुआ लोहा उनके ऊपर गिर गया, जिससे चारों मजदूर झुलस गए।
साथी कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और प्लांट में मौजूद अधिकारी की कार से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार मजदूर 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है।
घायलों का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से उन्हें सुरक्षा किट उपलब्ध नहीं कराई गई थी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कर्मचारियों का सम्मान
बिलासपुर, 10 मार्च,2026
राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन एक निजी होटल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और डाक विभाग की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अधिवेशन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि संघ का पिछला द्विवार्षिक अधिवेशन 17 दिसंबर 2023 को बिलासपुर में आयोजित किया गया था, जबकि राष्ट्रीय स्तर का अधिवेशन 9 से 10 जून 2024 को उज्जैन में संपन्न हुआ था। इन अधिवेशनों में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई थी। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि डाक विभाग के कर्मचारी सीमित संसाधनों और कई प्रकार की चुनौतियों के बावजूद पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। तकनीकी समस्याएं, कार्यभार की अधिकता, कर्मचारियों की कमी और बदलते कार्य स्वरूप के बावजूद भी डाक कर्मचारी प्रशासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि डाक विभाग आज भी देश के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम को विशेष रूप से महिलाओं को समर्पित किया गया। महिला कर्मचारियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और उत्कृष्ट योगदान के लिए महिला कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान महिला कर्मचारियों की भूमिका, उनके कार्य के प्रति समर्पण और संगठन में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई।
कार्यक्रम में बी. एस. राव, सुषमा वर्मा और एन. डी. लाल सहित अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल संगठन का संचालन करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा करना भी है। उन्होंने कहा कि संगठन कर्मचारियों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए भी निरंतर प्रयास करता है। साथ ही डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना भी संगठन का प्रमुख लक्ष्य है।
बैगा-बिरहोर आदिवासियों के गांव पहुंचे राज्यपाल, योजनाओं का जाना हाल
संस्कृति को सहेजने की दी सीख, आर्चरी खिलाड़ियों को 5-5 हजार देने की घोषणा
बिलासपुर । राज्यपाल रमेन डेका ने आज अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान कोटा विकासखंड के शिवतराई पहुंचकर बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से आत्मीय चर्चा की। उन्होंने उनकी जीवनशैली, पारंपरिक संस्कृति तथा शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस अवसर पर राज्यपाल ने आर्चरी के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खिलाड़ियों को लोकभवन रायपुर आने का निमंत्रण दिया तथा कलेक्टर को उनके आवागमन सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल डेका ने करका की लखपति दीदी श्रीमती प्रमिला बैगा से चर्चा की। उन्होंने बताया कि वे गोंदा स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह की श्रीमती रश्मि मरावी ने बताया कि उनके समूह द्वारा सिलाई-मशीन का काम, अचार-पापड़ निर्माण सहित अन्य आजीविका गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बैगा महिलाओं द्वारा बांस से विभिन्न उपयोगी उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। राज्यपाल ने आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, पीएम जनमन योजना सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। औरापानी की श्रीमती मंगली ने बताया कि उन्हें आवास योजना का लाभ मिला है। शिवतराई की श्रीमती ममता खुसरो ने बताया कि उन्हें आयुष्मान कार्ड के साथ महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से अपना अल्सर का ऑपरेशन भी कराया है।
राज्यपाल ने कहा कि बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उनकी पहचान हैं। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति को सहेजकर रखने का आग्रह करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ते हुए भी अपनी परंपराओं को विलुप्त न होने दें। उन्होंने कहा कि बांस के उत्पाद और पारंपरिक गहने बनाना सिखाने के लिए प्रशिक्षक की भी व्यवस्था की जाएगी। राज्यपाल ने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया। इस दौरान सरपंच ने बताया कि यहां पीएम जनमन योजना के तहत 265 आवास स्वीकृत हुए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में पीवीटीजी समुदाय के लगभग 6400 लोग 54 बसाहटों में निवासरत हैं। पीएम जनमन योजना के तहत लगभग 900 आवास स्वीकृत किए गए हैं तथा 21 सड़कों का निर्माण किया गया है। टाटीधार में बहुद्देशीय केंद्र बनाया गया है। पीवीटीजी बसाहटों में 3 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राज्यपाल ने निर्देश दिए कि पीएम जनमन योजना का अधिक से अधिक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए तथा नियमित रूप से मेडिकल कैंप लगाए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों के पोषण के लिए उन्हें गोद लेने की पहल को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी को मोतियाबिंद की समस्या है तो वे एम्स आ सकते हैं, वहां उनके ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। राज्यपाल ने बैगा समाज के लोगों को होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और उन्हें उपहार भी प्रदान किया। इस अवसर पर बैगा समाज के प्रमुख लुमन सिंह बैगा ने पलाश के फूलों की माला पहनाकर राज्यपाल का स्वागत किया तथा बैगा महिलाओं ने खुमरी पहनाकर उनका पारंपरिक स्वागत किया। कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह, सीसीएफ मनोज पांडे, एडीएम शिव कुमार बनर्जी सहित बड़ी संख्या में बैगा आदिवासी समाज के लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की पहल पर प्रदेश का पहला डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट: रतनपुर को मिली बड़ी सौगात, 13.12 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता से होगा निर्माण
केंद्रीय राज्यमंत्री व बिलासपुर सांसद तोखन साहू की पहल से स्वीकृति
नवदंपती की आत्महत्या: पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिले शव
बिलासपुर । न्यायधानी बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के राधिका विहार कॉलोनी के पास एक पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव पेड़ पर एक साथ फंदे से लटके मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार चाटीडीह निवासी युवक और उसकी पत्नी की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी।
रविवार को स्थानीय लोगों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस घरेलू विवाद की आशंका जता रही है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
बिलासपुर । मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
मामला उस समय सामने आया जब शुक्रवार सुबह धनगंवा निवासी राजू लहरिया के घर युवती की लाश फांसी पर लटकी मिली।
पूछताछ में पता चला कि युवती मंगलवार को मेला देखने के नाम पर घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी।
बाद में राजू ने युवती के परिजनों को फोन कर बताया कि वह उसके घर पर है और उसे ले जाने को कहा। परिजनों के इनकार करने पर उसने पुलिस को सूचना दी। समझाइश के बाद भी युवती नहीं लौटी।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने राजू पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।
हंगामे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत
बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र में अमहां तालाब में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार दोपहर घूमने निकले थे। जानकारी के अनुसार बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20) खमतराई की ओर गए थे। सभी युवक तालाब किनारे पेड़ के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे।
शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने तालाब की ओर गए। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में समा गए।
बताया जा रहा है कि तालाब से मुरूम निकालने के कारण जेसीबी से गहरी खुदाई की गई है, जिससे किनारे से ही गहराई शुरू हो जाती है।
दोनों को तैरना नहीं आता था, जिससे वे डूबने लगे। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों लापता हो चुके थे। जिले में पिछले तीन वर्षों में तालाब, नदी और खदान में डूबने से 17 लोगों की जान जा चुकी है।
कलेक्टर-एसएसपी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक
होली एवं ईद पर्व आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने का निर्णय
बिलासपुर । जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आज यहां जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में होलिका दहन, 4 मार्च को होली एवं आगामी ईद-उल-फितर पर्व को आपसी तालमेल एवं भाईचारे की भावना के साथ सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया गया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में सभी धर्मों एवं सम्प्रदाय का सम्मान करते हुए भाईचारे के साथ सभी धर्मों के पर्वों और उत्सवों को मनाने की वैभवशाली परम्परा रही है। उन्होंने कहा कि यह परम्परा आगे भी जारी रखनी है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि यह सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सुरक्षा के सारे मापदण्डों का पालन किया जाएगा। असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी, हुड़दंगियों पर, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानों पर मुखौटे बेचना प्रतिबंधित होगा।
बैठक में पर्व के दौरान आपात सहायता एवं किसी भी तरह की अनहोनी को टालने के लिए पुलिस सहित नगर पालिक निगम, नगर सेना एवं सिम्स एवं जिला अस्पताल, विद्युत मण्डल आदि विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों ने पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर अपनी-अपनी सहमति जताई।
नगर पालिक निगम द्वारा होलिका दहन स्थलों को चिन्हांकित कर साफ-सफाई कराई जाएगी। नियमित रूप से दो तीन बार पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था भी निगम द्वारा सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस विभाग को पर्व के दौरान शहर के समस्त चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों, सिम्स, जिला अस्पताल सहित महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए है। बीच सड़क पर डिस्क एवं बिजली तार के नीचे होलिका दहन नहीं किया जाएगा। पेट्रोेलिंग पार्टी की संख्या बढ़ाकर मुख्य मार्गों के साथ-साथ अंदर की गलियों में गश्त की जाएगी। नगर सेना द्वारा फायर बिग्रेेड वाहन मुस्तैद रखा जाएगा। सिम्स एवं जिला अस्पताल इस दौरान 24 घंटे खुले रहेंगे। विद्युत विभाग को पर्व के दौरान विद्युत की निरंतर आपूर्ति बनाये रखने एवं आपात स्थिति में सुधार के लिए कर्मचारियों की टीम तैनात रखे जाने के निर्देश दिए गए है।
बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू, शांति समिति के सदस्य हबीब मेमन, सुधीर खण्डेलवाल, चंचल सलूजा, प्रेस क्ल्ब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद थे।
यज्ञभाव से दायित्व, संकल्प से संस्थान: कुलपति आचार्य वाजपेयी की पुनः कार्यारंभ प्रतिज्ञा
-अंकुर “विनोद” शुक्ल
नवीन कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया अपने विधिसम्मत चरणों में अग्रसर है। ऐसे समय में संस्थागत निरंतरता और शैक्षणिक अनुशासन अक्षुण्ण रहे—इसी भावना के साथ वर्तमान कुलपति अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। भारतीय परंपरा में कहा गया है— “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन”—अर्थात कर्म ही हमारा अधिकार है, फल की चिंता नहीं। इसी कर्मयोग की भावना ने प्रशासनिक औपचारिकताओं से परे विश्वविद्यालय के संचालन को स्थिर और सकारात्मक बनाए रखा है।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में एक गरिमामय, संयमित और प्रेरणादायी वातावरण उपस्थित रहा। शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता ने यह संकेत दिया कि संस्था केवल भवनों से नहीं, बल्कि सामूहिक विश्वास और उत्तरदायित्व से निर्मित होती है।
कुलपति का विशेष वक्तव्य
इस अवसर पर कुलपति आचार्य अरुण दिवाकर नाथ वाजपेयी ने कहा, “विश्वविद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं, यह मूल्य, परंपरा और राष्ट्रनिर्माण का प्राण-स्थान है। जब तक दायित्व मेरे हाथों में है, मैं इसे यज्ञ मानकर निभाऊँगा। हमारी प्राथमिकता शैक्षणिक गुणवत्ता, शोधोन्मुख दृष्टि और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को और सुदृढ़ करना है। नई नियुक्ति तक हम सब मिलकर संस्थान की गति और गरिमा को अक्षुण्ण रखेंगे। ‘जहाँ चाह, वहाँ राह’—इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ना है।”
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग को संस्था की वास्तविक शक्ति बताते हुए कहा कि समर्पण, पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद के माध्यम से विश्वविद्यालय नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर रहेगा।
भारतीय लोक में कहा गया है— “धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय”—प्रक्रियाएँ समय लेती हैं, किंतु धैर्य और दृढ़ता से ही स्थायी उपलब्धियाँ प्राप्त होती हैं। इसी संतुलित दृष्टि के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है।
विश्व चिंतन दिवस के 100 वर्ष पूर्ण, स्काउट-गाइड ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश
बिलासपुर । भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला संघ बिलासपुर द्वारा विश्व चिंतन दिवस के 100 वर्ष पूर्ण होने पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ओल्ड कंपोजिट बिल्डिंग, डीईओ कार्यालय स्थित स्काउट विभाग कक्ष क्रमांक-16 के प्रांगण में संपन्न हुआ, जिसमें राज्य एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित जिले भर के स्काउट-गाइड, रोवर्स और रेंजर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ। प्रार्थना के माध्यम से सर्वधर्म समभाव, अनुशासन, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया गया, जो स्काउट-गाइड आंदोलन की मूल भावना को दर्शाता है। इसके बाद कक्ष क्रमांक-6 स्थित सभा हॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सभी सदस्य एकत्रित हुए। विश्व चिंतन दिवस के उपलक्ष्य में स्काउट, गाइड, रोवर्स एवं रेंजर्स द्वारा तैयार स्लोगन, पोस्टर और बैनरों का प्रदर्शन एवं मूल्यांकन किया गया। प्रतिभागियों ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सेवा और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर रचनात्मक प्रस्तुतियाँ दीं। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस परेड, राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय सेवा देने वाले स्काउट-गाइड, रोवर्स एवं रेंजर्स को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव, अध्यक्षता पदेन जिला आयुक्त (गाइड) सुनीता ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथियों में सहायक राज्य आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, भूपेंद्र शर्मा तथा सहायक राज्य आयुक्त गाइड डॉ. भारती दुबे उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला संघ के अनेक पदाधिकारी, स्काउटर-गाइडर एवं सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विश्व चिंतन दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने संगठन के सिद्धांतों का पालन करते हुए समाज सेवा में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम अनुशासन, उत्साह और संगठनात्मक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा तथा शताब्दी वर्ष का यह आयोजन स्काउट-गाइड आंदोलन के प्रति समर्पण और सेवा भावना को और मजबूत करने वाला सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम में जिला सचिव लता यादव, जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेन्द्र बाबू टंडन, जिला संगठन आयुक्त गाइड डॉ पूनम सिंह, एल.टी.स्काउट देवब्रत मिश्रा, डॉ.नवनीत कौशिक, शत्रुघन सूर्यवंशी, सूर्यकांत खूंटे, निखिल सिंह, शशांक विश्वकर्मा, गाइडर के रूप में प्री.ए.एल.टी गाइड पुष्पा शर्मा, लक्ष्मी बृजवासी, रागिनी चौधरी, मिंदु साडे, डॉ.शीला शर्मा, शशिकला साहू, निशा साहू, कौशल्या साहू, स्काउट-गाइड रोवर्स-रेंजर्स, स्काउटर-गाइडर मुख्य रूप से उपस्थित रहें।
कुलपति सम्मेलन में ‘बिलासपुर घोषणा-पत्र’ जारी, विश्वविद्यालयों के रूपांतरण का संकल्प
बिलासपुर । अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कुलपति सम्मेलन के दूसरे दिन रविवार को देशभर से आए कुलपतियों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं ने भारतीय उच्च शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘बिलासपुर घोषणा-पत्र’ (Bilaspur Declaration) जारी किया। सम्मेलन में विश्वविद्यालयों को समग्र मानव विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक नेतृत्व और राष्ट्रीय आत्मविश्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
सम्मेलन में इक्कीसवीं सदी की चुनौतियों, ‘ग्लोबल साउथ’ की आकांक्षाओं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के दृष्टिकोण को आधार बनाते हुए 11 प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए।
समग्र शिक्षा पर जोर
घोषणा-पत्र में कहा गया कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल आर्थिक उत्पादकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मूल्य-आधारित नेतृत्व, नैतिक तर्क, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता का विकास भी करना चाहिए।
शैक्षणिक स्वायत्तता और नवाचार
विश्वविद्यालयों से अपेक्षा की गई कि वे एनईपी 2020 के तहत अपनी शैक्षणिक स्वतंत्रता का उपयोग करते हुए बहु-विषयक, लचीले और क्रेडिट-आधारित पाठ्यक्रम विकसित करें, जिससे छात्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
अकादमिक-उद्योग-समाज समन्वय
रोजगारपरकता, नवाचार और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा जगत, उद्योग, सरकार और समाज के बीच साझेदारी मजबूत करने पर बल दिया गया।
उत्तरदायी AI और कौशल विकास
घोषणा-पत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नैतिक एवं समावेशी उपयोग के माध्यम से ‘ग्लोबल साउथ’ की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
अनुभवात्मक अधिगम और सामाजिक जुड़ाव
कक्षा-केंद्रित शिक्षण से आगे बढ़कर फील्डवर्क, इंटर्नशिप, अनुसंधान और सामुदायिक सहभागिता को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। ग्रामीण-शहरी इंटरफेस को पाठ्यक्रम में शामिल कर सामाजिक विभाजन को कम करने पर भी जोर दिया गया।
सांस्कृतिक और भाषाई सशक्तिकरण
घोषणा-पत्र में भारतीय संस्कृति, विरासत, भाषाओं और स्वदेशी ज्ञान परंपराओं से शिक्षा को पुनः जोड़ने की आवश्यकता बताई गई। ज्ञान प्रणालियों के वि-औपनिवेशीकरण (डिकोलोनाइजेशन) और बहुलवादी दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
इसके साथ ही क्षेत्रीय और भारतीय भाषाओं को शिक्षण, अनुसंधान और शैक्षणिक अभिव्यक्ति के प्रभावी माध्यम के रूप में सशक्त करने तथा पाठ्यपुस्तकों और शोध सामग्री के बहुभाषी अनुवाद को प्रोत्साहित करने पर सहमति बनी।
सम्मेलन के अंत में प्रतिभागियों ने ‘बिलासपुर घोषणा-पत्र’ को उच्च शिक्षा के भविष्य के लिए मार्गदर्शक दस्तावेज बताते हुए इसे प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प दोहराया।
बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
बिलासपुर । महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभा भवन में किया गया। यह कार्यशाला विशेष रूप से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स के लिए आयोजित की गई थी। जिले के विभिन्न विकासखंडों से प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया था और प्रशिक्षण का मुख्य फोकस इन्हीं पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम “बाल विवाह मुक्त अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। प्रशिक्षण मुख्य रूप से लॉ स्टूडेंट्स, एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स एवं युवोदय वॉलंटियर्स को प्रदान किया गया, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह की रोकथाम, बाल संरक्षण मामलों की पहचान तथा आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से समझकर जागरूकता एवं सहयोग की भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर श्री शशांक शर्मा एवं एनी रोज टोडर द्वारा प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। सत्र में बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधान, फोस्टर केयर एवं स्पॉन्सरशिप की प्रक्रिया, जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान, समय पर रिपोर्टिंग एवं विभागीय समन्वय जैसे विषयों पर स्पष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यशाला में स्कूल के छात्र-छात्राओं की भी उपस्थिति रही, जिससे जागरूकता का सकारात्मक वातावरण बना। साथ ही डीसीपीयू विभाग के सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने भी अपने स्तर से मार्गदर्शन साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं वॉलंटियर्स को सशक्त बनाना था, ताकि वे अपने क्षेत्र में बाल विवाह मुक्त समाज की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा सकें तथा बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने में सहयोगी बन सकें।
ACB की कार्रवाई: फूड इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया
बिलासपुर । बिलासपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने फूड इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। स्व सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य की दुकान आबंटित कराने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 90 हजार रुपये लेते समय अधिकारी गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार एक स्व सहायता समूह से शासकीय उचित मूल्य की दुकान दिलाने के एवज में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद समूह ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत की सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही फूड इंस्पेक्टर ने 90 हजार रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल, आगे की कार्रवाई की जा रही है।