छत्तीसगढ़ / बिलासपुर
स्काउट-गाइड कोटा से रेलवे में चयन, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त निधि ने बढ़ाया बिलासपुर का मान
बिलासपुर । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ बिलासपुर की रेंजर लीडर सुश्री निधि कश्यप का स्काउट-गाइड कोटा से दक्षिण पूर्व रेलवे में चयन हुआ है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित निधि कश्यप बचपन से ही स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़ी रही हैं। अपनी इस उपलब्धि के बाद उन्होंने बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल से सौजन्य मुलाकात की।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने निधि को रेलवे में चयन पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। निधि का चयन उनकी मेहनत, समर्पण और लंबे समय से स्काउट-गाइड के प्रति सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। बचपन से स्काउट-गाइड से जुड़ी निधि ने राष्ट्रपति पुरस्कार भी प्राप्त किया है। रेंजर लीडर के रूप में उन्होंने विभिन्न सामाजिक, सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। स्काउट-गाइड से मिले अनुभव, प्रशिक्षण और उपलब्धियों ने उन्हें रेलवे में स्काउट-गाइड कोटा से चयन का अवसर दिलाया।
निधि कश्यप ने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काउट-गाइड से जुड़कर उन्हें सेवा, अनुशासन और नेतृत्व के साथ काम करने का अवसर मिला, जिसने उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर संयुक्त राज्य सचिव श्रीमती बीना यादव, सहायक राज्य आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, जिला मुख्य आयुक्त राजेन्द्र साहू, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडे, जिला आयुक्त गाइड श्रीमती आरती राय, जिला सचिव सुश्री लता यादव, जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेन्द्र बाबू टंडन सहित जिला संघ के पदाधिकारियों ने निधि कश्यप को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अंशकालिक संगीत प्रशिक्षकों की पात्रता सूची जारी, दावा आपत्ति 25 तक
बिलासपुर । जिले के पीएमश्री विद्यालयों में अंशकालिक संगीत प्रशिक्षकों की भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों के जांच उपरांत पात्रता सूची जारी कर दी गई है। सूची के संबंध में दावा आपत्ति 25 सितम्बर 2026 तक लिखित में उचित दस्तावेज के साथ जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा जिला पंचायत भवन, द्वितीय तल बिलासपुर में प्रस्तुत कर सकते है। पात्र-अपात्र आवेदकों की सूची का अवलोकन जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा एवं वेबसाईट www.bilaspur.gov.in में जाकर कर सकते है।
आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती : आवेदन 8 अक्टूबर तक
बिलासपुर । एकीकृत बाल विकास परियोजना बिलासपुर शहरी अंतर्गत प्रियदर्शनी नगर वार्ड 28 के आंगनबाड़ी केंद्र 54 पुराना टंकी के पास तारबहार में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद पर 8 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाईन आवेदन किये जा सकते है। इच्छुक एवं पात्र आवेदिका ई-भर्ती ऑनलाईन लिंक https://aww.e-bharti.in/login में जाकर अनिवार्य दस्तावेजों की फाइल अपलोड कर आवेदन कर सकती है।
स्वच्छता की शपथ लेकर छठ घाट पर उतरे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक, दिया जनभागीदारी का संदेश
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसेवा, जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आज छठ घाट पर स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छठ घाट की साफ-सफाई की। इस दौरान महापौर ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पौधारोपण कर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि स्वच्छ और साफ-सुथरे शहर में लोग आना पसंद करते हैं। बिलासपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में और आगे ले जाने के लिए जनता की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा गंदगी फैलाने वालों को रोकने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नागरिक स्वयं जागरूक होकर स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाएं और इसे जनआंदोलन का रूप दें। विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का संकल्प बनाना होगा। जिस तरह हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी भावना से मोहल्ले, गांव और सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प का उद्देश्य केवल प्रशासन की गतिविधियों तक सीमित नहीं है। जनभागीदारी के माध्यम से इसे जनआंदोलन का रूप देना होगा। प्रत्येक नागरिक स्वयं गंदगी नहीं फैलाने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प ले।
कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, मोहित जायसवाल, पार्षद श्याम साहू, एडिशनल कमिश्नर खजांची कुमार, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने छठ घाट की साफ-सफाई में सहभागिता निभाई तथा पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित शहर के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
नुक्कड़ नाटक से जन-जन तक पहुंचा शासकीय योजनाओं का संदेश
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन तक शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी पहुंचाई। विद्यार्थियों ने सार्वजनिक स्थलों एवं बस्तियों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया। डीपी विप्र महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एनएसएस प्रभारी मनोज सिन्हा शामिल हुए।
शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा के विद्यार्थियों ने शनिचरी बाजार, सब्जी मंडी चौक के पास दोपहर 12 बजे नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नयन तारा शर्मा महाविद्यालय पांधी के विद्यार्थियों ने नावाडीह चौक, सीपत में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। संदीपनी कॉलेज मस्तुरी के विद्यार्थियों ने भी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं पेंड्री स्थित बस्ती में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। शासकीय माता शबरी नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर के एनएसएस स्वयंसेवकों ने चिंगराजपारा में ‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत शासकीय योजनाओं की थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नवीन शासकीय महाविद्यालय सकरी के एनएसएस स्वयंसेवकों ने डॉ. अब्दुल कलाम आजाद नगर, वार्ड क्रमांक 2 में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी।
इसी क्रम में सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से 150 छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता की शपथ ली। सिद्धार्थ महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त समाज एवं मतदाता जागरूकता की शपथ ली। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी लेने, उनका लाभ उठाने तथा सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसी तरह जिले के अन्य कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।
मथुरा-वृंदावन के लिए 800 वरिष्ठ यात्रियों का जत्था रवाना
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत बिलासपुर, मुंगेली और जीपीएम जिलों के 800 वरिष्ठ नागरिकों का जत्था मथुरा, वृंदावन एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि की तीर्थयात्रा के लिए आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से रवाना हुआ। राज्य शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया। यह तीर्थयात्रा दर्शन उपरांत 24 सितम्बर को बिलासपुर वापस आएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, महापौर श्रीमती पूजा विधानी तथा जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग विभाग की सभापति श्रीमती अंबिका बिनोद साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
यात्रा पर रवाना होने के पूर्व रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला एवं कंठीमाला से अभिनंदन किया गया। तीर्थयात्रा को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रियों ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बांके बिहारी एवं भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर वे छत्तीसगढ़ राज्य की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना करेंगे। रेलवे स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ तीर्थयात्रियों को उत्साहपूर्वक विदाई दी गई। यात्रियों के साथ देखरेख के लिए चिकित्सा अधिकारी एवं लाईजनिंग अधिकारी भी साथ गए है। बिलासपुर के दीनदयाल कॉलोनी निवासी ताम्रध्वज वर्मा ने बताया कि उन्हें पहली बार मथुरा वृंदावन जाने का मौका राज्य सरकार के सहयोग से प्राप्त हुआ है। बरसों से मेरी श्री कृष्ण भगवान के जीवन प्रसंगों से जुड़ी भूमि मथुरा-वृंदावन जाने की इच्छा थी। आर्थिक अभाव के कारण संभव नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हमारी यह मुराद पूरा किया। इसके लिए उन्हें बधाई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक तिलकेश प्रसाद भावे, नगर निगम समाज कल्याण अधिकारी डॉ. श्रीमती रेनुका पिंगले सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्य महिला आयोग ने सुनी महिलाओं की शिकायतें, 13 मामलों पर हुई सुनवाई
बिलासपुर, । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की अध्यक्षता में आज जल संसाधन विभाग स्थित प्रार्थना सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले में महिला उत्पीड़न एवं महिला संबंधी शिकायतों से जुड़े कुल 13 प्रकरणों पर सुनवाई की गई। आयोग की अध्यक्ष ने उपस्थित पक्षकारों की समस्याएं और उनके पक्ष सुने तथा प्रकरणों की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एक प्रकरण में आवेदिका और अनावेदक दोनों पक्ष उपस्थित हुए। दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद समाप्त कर आपसी सहमति से साथ रहने की बात कही। उन्होंने भविष्य में आपस में लड़ाई-झगड़ा नहीं करने पर भी सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद आयोग द्वारा प्रकरण को नस्तीबद्ध करने की कार्रवाई की गई। एक अन्य प्रकरण में आवेदिका उपस्थित हुईं, जबकि अनावेदक अनुपस्थित रहा। प्रकरण भरण-पोषण से संबंधित था तथा आवेदिका का आवेदन न्यायालय में लंबित होना बताया गया। प्रकरण में दूसरी पत्नी से संबंधित विषय होने के कारण आवेदिका के अधिवक्ता से आवश्यक चर्चा कर प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के संबंध में कहा गया। अनावेदक के मुंगेली जिले में वर्ग-2 शिक्षक के पद पर पदस्थ होने की जानकारी के आधार पर शिक्षा विभाग, मुंगेली को आवश्यक पत्र प्रेषित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह एक अन्य प्रकरण में आवेदिका उपस्थित हुईं, जबकि अनावेदक उपस्थित नहीं हुआ। आयोग द्वारा अनावेदक से दूरभाष पर संपर्क किया गया। अनावेदक ने सुनवाई की तारीख को लेकर गलतफहमी होने की बात कही। इस प्रकरण को आगामी सुनवाई के लिए रखा गया।
एक प्रकरण में आवेदिका की सुपुत्री उपस्थित हुईं और उनके द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी सुनवाई में आवेदिका स्वयं उपस्थित होंगी। आयोग द्वारा प्रकरण को आगामी सुनवाई के लिए रखा गया। एक अन्य प्रकरण में आवेदिका अनुपस्थित रहीं, जबकि अनावेदकगण उपस्थित हुए। आयोग द्वारा आवेदिका से दूरभाष पर संपर्क किया गया तथा निर्धारित समय तक उनकी उपस्थिति नहीं होने पर अनावेदकगण का पक्ष सुना गया। अनावेदकगण द्वारा आवेदिका की ओर से विभिन्न स्थानों पर शिकायत किए जाने सहित अन्य तथ्य आयोग के समक्ष रखे गए। प्रकरण में धर्म परिवर्तन से संबंधित विषय सामने आने पर संबंधित थाना सिविल लाइन से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा मामले में नियमानुसार उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। आयोग द्वारा प्रकरण की आगामी सुनवाई में आवेदिका को उपस्थित होने के लिए बुलाए जाने तथा अनावेदकगण को नहीं बुलाए जाने का निर्णय लिया गया।
जिला पंचायत की बैठक 25 सितम्बर को
बिलासपुर । जिला पंचायत की बैठक 25 सितम्बर 2026 को आहूत की गई है। इसके अंतर्गत सामान्य सभा की बैठक दोपहर 12 बजे एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक दोपहर 4 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी करेंगे। सामान्य सभा की बैठक में लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, खनिज विभाग, कृषि विभाग, आदिवासी विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी एवं समीक्षा की जाएगी। सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में पूर्व बैठक का पालन प्रतिवेदन, उद्यान विभाग, क्रेडा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी एवं समीक्षा तथा अध्यक्ष श्री सूर्यवंशी की अनुमति से अन्य विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कविता यादव निर्विरोध चुनी गईं छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रांत अध्यक्ष.
सात अभ्यर्थियों ने दाखिल किया था नामांकन, एक फॉर्म निरस्त और पांच प्रत्याशियों के समर्थन के बाद निर्विरोध निर्वाचन.....
श्री गणेश उत्सव के अवसर पर राज कंस्ट्रक्शन ने कराया भंडारा, बिलासपुर प्रेस क्लब की टीम हुई शामिल
बिलासपुर। अशोक नगर स्थित अर्जुन रेजिडेंसी फेज-2, बिरकोना रोड में श्री गणेश उत्सव 2026 के अवसर पर RAJ Construction की ओर से अर्जुन कुशवाहा के नेतृत्व में पांच दिवसीय दैनिक भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। प्रथम वर्ष के गणेश उत्सव के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्री गणेश के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
सेवा सेतु से आसान हुई छात्रवृत्ति की राह, डिजिटल सुविधा से जानकी साहू के परिवार को मिली राहत
बिलासपुर । किसी विद्यार्थी के लिए छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आगे की पढ़ाई जारी रखने का महत्वपूर्ण माध्यम होती है। छात्रवृत्ति के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध होना भी उतना ही जरूरी है। शासन की डिजिटल सेवाओं ने इस प्रक्रिया को अब पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया है। इसी बदलाव की एक मिसाल मस्तुरी विकासखंड के ग्राम बेलटुकरी निवासी ’’जानकी साहू’’ के परिवार की कहानी है।
जानकी साहू को छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। इसके लिए उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने थे। पहले इस तरह के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए संबंधित कार्यालय में जाकर आवेदन करने, दस्तावेज जमा करने तथा प्रमाण पत्र प्राप्त करने में समय और मेहनत लगती थी। ग्रामीण क्षेत्र के परिवारों के लिए बार-बार कार्यालय जाना अतिरिक्त परेशानी का कारण भी बन सकता था। जानकी साहू के परिवार ने इस समस्या के समाधान के लिए सेवा सेतु केंद्र में आवेदन किया। सेवा सेतु के माध्यम से उनके पिता ’’ रामप्रसाद साहू’’ के आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी की गई। आवेदन के बाद आय प्रमाण पत्र ’’सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हो गया’’। इससे जानकी साहू के लिए छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हो गया।
आय प्रमाण पत्र मिलने के बाद परिवार को दस्तावेज बनवाने के लिए बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। ऑनलाइन माध्यम से प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से प्रक्रिया में सुविधा और समय की बचत हुई। इससे जानकी साहू की छात्रवृत्ति से जुड़ी आगे की प्रक्रिया को पूरा करना भी आसान हुआ। जानकी साहू के परिवार के लिए यह सुविधा डिजिटल शासन की उपयोगिता का प्रत्यक्ष अनुभव लेकर आई। ’’जहां पहले शासकीय प्रमाण पत्र के लिए कार्यालयीन प्रक्रिया में समय और आने-जाने की परेशानी होती थी, वहीं सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन और प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक आसान हुई।’’ यह बदलाव विशेष रूप से उन परिवारों के लिए उपयोगी है, जो दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं और जिन्हें छोटी-छोटी शासकीय प्रक्रियाओं के लिए भी कार्यालयों तक पहुंचना पड़ता है।
सेवा संकल्प अभियान : 2447 स्कूलों के बच्चों ने संकुल स्तर पर दिखाई प्रतिभा
बिलासपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के 2,447 स्कूलों में आयोजित स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों के लिए आज संकुल स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संकुल स्तर की प्रतियोगिता में डेढ़ हजार से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से भारत की उपलब्धियों, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य के सपनों को जीवंत रूप दिया।
प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की गई। प्रथम श्रेणी में विगत 25 वर्षों की उपलब्धियों और महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। इसमें स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर और नक्सलवाद जैसे विषयों पर बच्चों ने चित्र बनाए और भाषण प्रस्तुत किए। चित्रकला में बच्चों ने अपने रचनात्मक कौशल के माध्यम से इन विषयों को प्रभावी ढंग से उकेरा, वहीं भाषण के माध्यम से उन्होंने बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों और चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए।
द्वितीय श्रेणी आगामी 25 वर्षों के ‘सपनों के भारत’ पर केंद्रित रही। इसमें सपनों का भारत, विकसित भारत 2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभाव जैसे विषय शामिल किए गए। बच्चों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से विकसित और सशक्त भारत की अपनी कल्पना को सामने रखा। संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे अब विकासखंड स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता बच्चों के लिए अपनी रचनात्मकता, विचारों और अभिव्यक्ति कौशल को मंच देने का माध्यम बन रही है।
आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों सहित जिले के अधिकारियों का मार्गदर्शन रहा। अधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा और प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संकुल स्तर पर चयनित बच्चे आगामी चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
सेवा संकल्प : विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
बिलासपुर । सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत आज लाल बहादुर शास्त्री स्कूल में विद्यार्थियों की सहभागिता से सपनों का भारत-विकसित भारत की संकल्पना को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए अपने विद्यालय, घर, आसपास के क्षेत्र एवं शहर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक एवं तकनीकी प्रगति से ही नहीं, बल्कि स्वच्छ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से संभव होगा। कार्यक्रम में बच्चों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें अपने घर और विद्यालय के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। बच्चों को बताया गया कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत का भविष्य हैं। उनके विचार, व्यवहार और जिम्मेदारियां देश के भविष्य की दिशा तय करेंगी। स्वच्छता, अनुशासन, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे संस्कारों को अपनाकर विद्यार्थी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में जनसेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण’’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता का संकल्प-विकसित भारत की ओर एक मजबूत कदम है।
सेवा संकल्प अभियान : स्मार्ट फोन और स्मार्ट केन से ललिता के जीवन में आया बदलाव
बिलासपुर । शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंदों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनके जीवन को आसान बनाने का जरिया बन रही है। ऐसे ही बदलाव की कहानी शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय तिफरा में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत कुमारी ललिता यादव की है।
समाज कल्याण विभाग द्वारा ललिता को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडीआईपी योजना के तहत स्मार्ट फोन एवं स्मार्ट केन (छड़ी) का लाभ मिला। इन सुविधाओं ने उनकी पढ़ाई के साथ-साथ आवागमन को भी आसान बनाया है। पहले की स्थिति में विषय-वस्तु से संबंधित ऑडियो एवं वीडियो सामग्री आसानी से उपलब्ध नहीं होने के कारण ललिता को अध्ययन में कठिनाई होती थी। आवश्यक अध्ययन सामग्री तक सीमित पहुंच के कारण विषयों को समझने और सीखने के लिए उन्हें अतिरिक्त प्रयास करना पड़ता था। वहीं आवागमन के दौरान भी उन्हें सुविधा की आवश्यकता महसूस होती थी।
अब की स्थिति में स्मार्ट फोन उनके अध्ययन का महत्वपूर्ण साधन बन गया है। वे स्मार्ट फोन के माध्यम से स्क्रीन रीडर, दीक्षा ऐप, ई-पुस्तकालय और यू-ट्यूब जैसे डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर रही हैं। ऑडियो एवं डिजिटल माध्यमों से अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध होने के कारण उनकी पढ़ाई अधिक सुगम हुई है। वहीं स्मार्ट केन के उपयोग से चलने-फिरने और आवागमन में सुविधा मिली है। ललिता के लिए यह बदलाव केवल एक स्मार्ट फोन और स्मार्ट केन मिलने तक सीमित नहीं है। इन सुविधाओं ने उन्हें ’’शिक्षा से जुड़ने, तकनीक का उपयोग करने, अपने कौशल को विकसित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर’’ दिया है। शासन की योजना से मिली सहायता उनके लिए शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बनी है। ललिता कहती हैं कि स्मार्ट फोन एवं स्मार्ट केन के प्रयोग से उनका जीवन ही बदल गया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एक साथ जले 10 लाख दीप, आशीर्वाद का दीया से रोशन हुआ बिलासपुर
ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बना बिलासपुर पुलिस मैदान
बिलासपुर, 17 सितम्बर 2026/प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आज बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। यहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। लगभग शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा। उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने उत्साह के साथ दीप प्रज्जवलित कर आशीर्वाद का दीया अभियान में सहभागिता निभाई। सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बढ चढ़कर हिस्सा लिया। दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड का पूरा परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम में बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति श्री विनोद सोनी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, सीसीएफ श्री मनोज पांडे, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक श्री चंद्रप्रकाश वाजपेयी, श्री दीपक सिंह, श्रीमती हर्षिता पाण्डेय, श्री किशोर राय, श्रीमती वाणी राव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होकर दीप प्रज्जवलित किये।
25 वर्षों की जनसेवा और गरीब कल्याण को बताया प्रधानमंत्री के कार्यों की विशेषता -
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण की यात्रा है। वे देष के 140 करोड़ लोगों के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बिलासपुर ने इतिहास रचा है और पुलिस परेड ग्राउंड इस ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बना है। श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को इनका लाभ मिला है। महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के विकास को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से प्रधानमंत्री के संवाद तथा उनके उत्साहवर्धन का भी उल्लेख किया। श्री साव ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प को आगे बढ़ाने में समाज की सहभागिता महत्वपूर्ण है। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का प्रतीक है।
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से लाखों लोगों ने अपने स्नेह और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति की है। उन्होंने आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया। नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम सेवा और जनभागीदारी की भावना को अभिव्यक्त करने वाला आयोजन है। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता कर्मियों का किया सम्मान -
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों द्वारा शहर एवं जिले को स्वच्छ रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सम्मानित स्वच्छता कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर सेवा और जनभागीदारी के साथ स्वच्छता के महत्व का संदेश भी दिया गया।
धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी जगमगाए दीप -
जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप जलाए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। इसके अलावा प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए।
शाम लगभग 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए गए। महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहयोग किया। जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकट एवं नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। जिलेभर में एक साथ प्रज्वलित लगभग 10 लाख दीपों ने बिलासपुर को रोशनी से जगमगा दिया और सेवा, संकल्प, सुशासन तथा जनभागीदारी का संदेश दिया।
रचना/
अस्थायी पटाखा दुकान के लायसेंस हेतु आवेदन 5 अक्टूबर तक
बिलासपुर । दीपावली पर्व वर्ष 2026 के अवसर पर अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए नवीन लायसेंस जारी करने तथा पूर्व से जारी लायसेंसो के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2026 तक है। इच्छुक आवेदक अस्थायी पटाखा दुकान के नवीन लायसेंस हेतु आवेदन तथा पूर्व से जारी लायसेंस के नवीनीकरण हेतु आवेदन पत्र निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी में 5 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तुत कर सकते है। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आशीर्वाद का दीया से जगमगाएगा बिलासपुर, जिलेभर में शाम 7 बजे एक साथ जलेंगे 10 लाख दीप
बिलासपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा के 25 बरस पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बिलासपुर जिले में लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तरीय ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे से होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में 1 लाख 25 हजार दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा।
अभियान के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को भी दीपों से रोशन किया जाएगा। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 तथा मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
जनपद पंचायत बिल्हा अंतर्गत बैमा, कोरबी, लिमतरी, भटगांव, परसदा भ., सरवनदेवरी, उच्चभट्ठी, धमनी, अकलतरी एवं देवकिरारी में, जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत नवागांव सल्का, अमाली, नगोई, खोंगसरा, बेलगहना, बानाबेल, पटैता, खैरझिट्टी, खरगहनी, मोहदा, बरद्वार एवं अमने में शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसी प्रकार विकासखंड मस्तुरी के दर्रीघाट, सीपत, परसदावेद, बेलटुकरी, बिटकुला, खम्हरिया, गतौरा, पंधी, जोंधरा एवं गोपालपुर तथा जनपद पंचायत तखतपुर के लोखंडी, बोड़सरा, बिनौरी, खपरी, घुटकू, अमसेना, खरकेना, कोड़ापुरी, विजयपुर, गनियारी, छतौना एवं खजुरीनवागांव में भी प्रत्येक घर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा हर गांव में 100 से ज्यादा आशीर्वाद के दीये जलाने की व्यवस्था की गई है।
अभियान के तहत शाम 7 बजे जिले के सभी शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाएंगे। महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में सहयोग करेंगी। वहीं जल जनसेवा संकल्प के तहत जिले के बांध, बैराज, एनीकेट एवं नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।