विष्णु के सुशासन में मातृशक्ति को मिल रहा सम्मान
मानस भवन दुर्ग में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन में सम्मिलित हुए विधायक गजेन्द्र यादव
दुर्ग, । छत्तीसगढ़ सरकार गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में विधानसभावार महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आज विधानसभा क्षेत्र दुर्ग (शहर) में मानस भवन दुर्ग में सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र विधायक गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना माताओं एवं बहनों को सशक्त करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एक परिवार में माता की विशेष भूमिका होती है। माताएं पैसों का महत्व समझती है लेकिन कई बार उन्हें आर्थिक स्वतंत्रता नहीं मिल पाती है। छोटी-छोटी जरूरत के लिए उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता है, ऐसे में महतारी वंदन योजना से मिली राशि माताओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रदान करती है। महिलाओं की छोटी-मोटी जरूरत को पूरा करने घर की व्यवस्था को सुधारने में यह योजना एक बड़ी भागीदारी निभाती है। परिवार में मां ही होती है जो सभी को एक नजर से देखती है एवं बिना स्वार्थ के प्रेम करती है। विष्णुदेव सरकार ने माता के बारे में सोचा और माताओं के सम्मान में स्नेह से उनके बैंक खाते में प्रतिमाह 1000 रुपए दे रही है। दुर्ग शहर क्षेत्र से लगभग 53000 महिलाएं प्रतिमाह 1000 रुपए प्राप्त कर रही है। उन्होंने सभी हितग्राही महिलाओं को शुभकामनाएं प्रेषित की।
कार्यक्रम के दौरान युवोदय-दुर्ग के दूत स्वयं सेवकों द्वारा बाल विवाह रोकथाम के संबंध में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह कुप्रथा को रोकने एवं इससे समाज पर पड़ने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम संकल्प शपथ भी दिलाई गई। शपथ में कहा गया ’’मैं सत्य निष्ठापूर्वक संकल्प लेता/लेती हूं कि 18 वर्ष से कम उम्र के लड़कियों और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह नहीं कराऊंगा/कराऊंगी और ना ही मैं करने दूंगा/दूंगी। कम उम्र की शादी एक सामाजिक बुराई एवं कानूनन अपराध है। अतः मैं प्रण करता/करती हूँ कि इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करूंगा/करूंगी। मैं अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की प्रतीज्ञा करता/करती हूँ।’’ इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति द्वारा ई.सी.सी.ई. की गतिविधियों का प्रदर्शन किया। साथ ही महिलाओं द्वारा कुर्सी दौड़, रस्साकसी, मटकी फोड़ जैसे अनेक प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी़ प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार वितरित किए गए। आं.बा. के बच्चों को प्रतियोगिता पुरस्कार वितरित किया गया।सम्मेलन में महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिसमें वंदना देवांगन, गौरी गोड़, मधु गुप्ता, प्रियंका शेंडे, रेवती राजपूत, गौरी चंद्रवंशी, पीलीया साहू, कमलेश्वरी यादव, रंजीता खोब्रागड़े, दीपिका त्रिपाठी, कामिली यादव, राखी गढ़ेवाल शामिल है। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। विधायक गजेन्द्र यादव ने गर्भवती माताओं को सुपोषण किट देकर होने वाले शिशु के लिए शुभकामनाएं दी गई। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन भी किया गया।