छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : उज्जैन लिए रवाना हुए श्रद्धालु

 एमसीबी । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना 2025-26 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा सरगुजा संभाग की प्रथम तीर्थ यात्रा का शुभारंभ आज 10 अप्रैल से 13 अप्रैल 2025 तक किया गया है। इस यात्रा में जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के कुल 90 तीर्थयात्री उज्जैन, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के दर्शन हेतु विशेष बस से रवाना हुए। प्रातः 10 बजे स्थानीय आत्मानंद विद्यालय मनेंद्रगढ़ के समीप स्थित जिला समाज कल्याण विभाग कार्यालय से यात्रियों को नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिमा यादव एवं नवनिर्वाचित पार्षदों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना के तहत जिले के सभी जनपद पंचायत, नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों से 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध महिला-पुरुष, परित्यक्ता एवं विधवा महिलाएं, जो आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तीर्थ यात्रा के लिए चयनित किया गया है। शासन का उद्देश्य उन लोगों को तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करना है जो आर्थिक तंगी के कारण स्वयं यात्रा करने में असमर्थ हैं। यात्रा की शुभ शुरुआत के अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक आर.के. सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं को भावभीनी विदाई दी गई और उनके सुखद, सुरक्षित व आध्यात्मिक रूप से समृद्ध यात्रा की कामना की गई।

 

Leave Your Comment

Click to reload image