मिशन वात्सल्य के तहत चाईल्ड हेल्पलाईन में संविदा पदों पर भर्ती हेतु दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 01 मई तक
एमसीबी । छत्तीसगढ़ के महिला एवं बाल विकास विभाग, नवा रायपुर के निर्देशन में मिशन वात्सल्य अंतर्गत संचालित चाईल्ड हेल्पलाइन योजना के तहत जिला स्तरीय संविदा पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इस क्रम में जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में चाईल्ड हेल्पलाइन के अंतर्गत स्वीकृत कुल 08 संविदा पदों के लिए प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया है।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस सूची का अवलोकन जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के आधिकारिक वेबसाईट www.manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in पर तथा जिला कार्यालय के सूचना पटल पर किया जा सकता है। चयन समिति द्वारा अनुमोदित इस सूची के संबंध में कोई भी अभ्यर्थी यदि दावा या आपत्ति दर्ज कराना चाहता है, तो वह 1 मई 2025 तक कार्यालयीन समय में संबंधित कार्यालय में लिखित रूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त दावों एवं आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।