छत्तीसगढ़ / सारंगढ़-बिलाईगढ़

युवक पर मधुमक्खियों ने किया हमला, शरीर पर मिले सैकड़ों डंक...

 दर्जनभर लोग भी हुए हमले का शिकार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ । जिला मुख्यालय स्थित खेलभांठा मैदान के पास गुरुवार शाम मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। विवाह कार्यक्रम में शामिल एक युवक पर मधुमक्खियों ने झुंड में हमला कर दिया, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के शरीर में सैकड़ों डंक मिले हैं और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा करीब दर्जनभर लोग और भी घायल हुए हैं।

यह हादसा शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच हुआ जब खेलभांठा मैदान के पास स्थित एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता अचानक सक्रिय हो गया। क्षेत्र में आज सुबह एक मवेशी का शव भी पड़ा मिला, जिससे अंदेशा है कि वह भी मधुमक्खियों के हमले का शिकार हुआ होगा।

मौके पर अब भी मधुमक्खियों का झुंड मंडरा रहा है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है — पूर्व में भी मधुमक्खियों के हमले हो चुके हैं, लेकिन वन विभाग और प्रशासन ने आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

खेलभांठा मैदान न सिर्फ शासकीय कार्यक्रमों बल्कि कई निजी आयोजनों का भी प्रमुख स्थल है। ऐसे में वहां इस तरह के खतरे का बना रहना चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वहां से मधुमक्खियों का छत्ता हटाया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं टाली जा सकें।

अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस बार चेतावनी समझेगा, या फिर अगली दुर्घटना का इंतजार करेगा?

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image