छत्तीसगढ़ / सुकमा

कलेक्टर ने टॉपर बच्चों को किया सम्मानित, राज्य स्तर की मेरिट सूची में प्रियंका को मिला 6वाँ स्थान

 सुकमा। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के परीक्षा परिणाम के पश्चात टॉपर छात्र कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव से मिलने पहुँचे।

सुकमा जिले का नाम रोशन करने वाली कुमारी प्रियंका मुचाकी ने कक्षा 10वीं में राज्य भर  में 6 वां स्थान हासिल किया है। उनके साथ कक्षा 12वीं में सुकमा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कुमारी फलक सारा  भी थीं। वे दोनों अपने अभिभावकों के साथ शुक्रवार को कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर ने दोनों छात्रों को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।

कलेक्टर ध्रुव ने प्रियंका से पूछा कि क्या आपको उम्मीद थी कि आप मेरिट लिस्ट में आयेंगे और आप आगे क्या करना चाहती हैं। प्रियंका ने बताया कि वे इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। उनकी गणित और विज्ञान विषय में रुचि है और वे आगे चलकर कलेक्टर बनना चाहती हैं। ध्रुव ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका सपना एक दिन जरूर पूरा होगा। कलेक्टर ध्रुव ने प्रियंका की इस उपलब्धि के लिए उनके माता-पिता और गुरुजनों को बधाई दी। छिंदगढ़ विकासखंड के छोटे से गांव गंजेनार की रहने वाली प्रियंका के पिता रोजगार सहायक हैं। उनके माता गंगी मुचाकी और पिता जोगा राम बेटी की इस उपलब्धि पर बहुत प्रसन्न है।

12वीं टॉपर सारा अली के पिता समाज सेवी फारुख अली एवं उनके स्कूल के प्राचार्य व शिक्षक सभी को कलेक्टर ने शुभकामना एवं बधाई दी। मुलाकात के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी जी आर मांडवी, जिला परियोजना समन्वयक आशीष राम साथ थे।

Leave Your Comment

Click to reload image